Advertisement

 ‘तीन नहीं, 403 पर निगाह’, न राहुल न प्रियंका, 2027 में अखिलेश का 'एकला चलो'

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम सभी 403 सीटों पर संगठन खड़ा करने और सीट बंटवारे को जल्द तय करने की बात कह चुके हैं. कांग्रेस की ओर से 200 सीटों की मांग किए जाने की खबरें भी सामने आई हैं.

 ‘तीन नहीं, 403 पर निगाह’, न राहुल न प्रियंका, 2027 में अखिलेश का 'एकला चलो'

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Image Source: ANI)

Add DNA as a Preferred Source

डॉ अभय पाण्डेय

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन को लेकर विपक्षी दलों के बीच रस्साकशी जारी है. इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव की सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट ने सपा-कांग्रेस के बीच बढ़ती दूरी को और स्पष्ट कर दिया है. अखिलेश की इस पोस्ट से अब साफ हो गया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों के बीच गठबंधन की कोई संभावना नहीं है.

मंगलवार (6 अक्टूबर, 2026) को अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक छोटी-सी पोस्ट की, लेकिन इसके राजनीतिक मायने बड़े हैं. उन्होंने लिखा, 'अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, 403 पर है.' तीन का संदेश राज्यसभा चुनाव से जुड़ा था. अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए तीन उम्मीदवार उतारने की तैयारी में थे और इसके जरिए बीजेपी को चौंकाने की रणनीति पर काम कर रहे थे. लेकिन अब वह इस योजना से पीछे हटते दिखाई दे रहे हैं. इसके साथ ही अखिलेश ने अपनी नजर 403 विधानसभा सीटों पर होने की बात कही है.

अखिलेश के इस बयान को सिर्फ राज्यसभा की रणनीति तक सीमित करके देखना तस्वीर का अधूरा हिस्सा होगा. इसके पीछे कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच चल रही सीटों की खींचतान भी दिखाई देती है. अखिलेश के 403 वाले बयान से अब साफ हो गया है कि दोनों दलों ने अलग राह चुन ली है.

दोनों दल 2024 के लोकसभा चुनाव में साथ आए थे, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस लगातार अपनी हिस्सेदारी और सम्मान की बात कर रही है. कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम सभी 403 सीटों पर संगठन खड़ा करने और सीट बंटवारे को जल्द तय करने की बात कह चुके हैं. कांग्रेस की ओर से 200 सीटों की मांग किए जाने की खबरें भी सामने आई हैं.

यही वह बिंदु है, जहां अखिलेश का ‘403 वाला बयान’ महज एक संख्या नहीं रह जाता. सपा 403 विधानसभा सीटों को अपना चुनावी फोकस बता रही है और कांग्रेस भी सभी सीटों पर अपना संगठन तैयार करने के साथ बड़े हिस्से पर दावा करने की तैयारी में है. ऐसे में दोनों दलों की राजनीतिक तैयारियां अब एक-दूसरे के साथ चलने के बजाय समानांतर दिखाई दे रही हैं.

कांग्रेस और सपा के बीच लंबे समय से जुबानी जंग भी जारी है. कांग्रेस के कई नेता सपा पर हमलावर रहे हैं, वहीं अखिलेश यादव भी कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले रायबरेली से अपनी रथयात्रा निकालकर यह संदेश दे चुके हैं कि वह अपनी चुनावी तैयारियों में जुटे हैं. दूसरी तरफ कांग्रेस भी लगातार अपने स्तर पर सियासी दांव चल रही है और कई मुस्लिम नेताओं को पार्टी में शामिल कराया गया है.

कांग्रेस भी अब अखिलेश के बाहर अपना समीकरण तलाश रही है

कांग्रेस की तैयारियों का दूसरा पहलू भी कम महत्वपूर्ण नहीं है. पार्टी ने हाल में यूपी संगठन में बड़े बदलाव किए हैं. आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष और इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. इसके साथ ही कांग्रेस अलग-अलग सामाजिक समूहों और छोटे दलों के साथ अपना आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है.

स्वामी प्रसाद मौर्य से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मुलाकात को भी इसी राजनीतिक कवायद के संदर्भ में देखा जा रहा है. कांग्रेस की इस रणनीति को अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले के समानांतर अपना सामाजिक गठजोड़ खड़ा करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. यानी कांग्रेस अब सिर्फ सपा के साथ सीटों के बंटवारे पर निर्भर रहने के बजाय अपनी अलग राजनीतिक जमीन तैयार करने में भी जुटी है.

राज्यसभा ने भी सपा को दिया एक राजनीतिक झटका

राज्यसभा का मौजूदा घटनाक्रम भी इसी तस्वीर को समझने की एक महत्वपूर्ण कड़ी है. सपा ने रामगोपाल यादव और कारोबारी एवं रिलायंस से जुड़े धनराज परिमल नथवानी को उम्मीदवार बनाया है. तीसरे उम्मीदवार को लेकर अखिलेश यादव लगातार बड़े दावे कर रहे थे. वह बीजेपी में सेंधमारी कर एक और राज्यसभा सीट जीतने और बीजेपी को सरप्राइज देने की बात कह रहे थे.

इसको लेकर सपा की ओर से यह भी कहा जा रहा था कि उसके संपर्क में बीजेपी के कई विधायक हैं. ऐसे में तीसरे उम्मीदवार के जरिए बीजेपी के खेमे में सेंध लगाने की सपा की कोशिश को लेकर काफी चर्चा थी. लेकिन अब अखिलेश यादव ने तीन की जगह 403 पर निगाह होने की बात कहकर इस रणनीति से पीछे हटने का संकेत दिया है.

यहीं से राज्यसभा का घटनाक्रम सपा के लिए राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण हो जाता है. जिस तीसरी सीट को लेकर अखिलेश यादव की ओर से लगातार दावे और सरप्राइज की बात कही जा रही थी, अब उसी से पीछे हटकर विधानसभा की 403 सीटों पर फोकस करने का संदेश दिया गया है.

(लेखक दिल्ली विश्वविद्यालय के रामानुजन कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं. समसामयिक विषयों पर लेखन करते रहते हैं.)

Advertisement
Advertisement

Advertisement