Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

'कोर्ट के बाहर क्या कहते हैं, अंदर क्या, सब जानते हैं...', राहुल गांधी की याचिका पर CJI की दो टूक, पढ़ें पूरा बयान

सुप्रीम कोर्ट ने SIR के खिलाफ राहुल गांधी समेत 13 विपक्षी नेताओं की याचिका पर केंद्र और चुनाव आयोग से जवाब मांगा. वहीं, 12 अक्टूबर के विपक्षी मार्च से जुड़े मामले में भी नोटिस जारी किया है.

Latest News
'कोर्ट के बाहर क्या कहते हैं, अंदर क्या, सब जानते हैं...', राहुल गांधी की याचिका पर CJI की दो टूक, पढ़ें पूरा बयान

सुप्रीम कोर्ट में प्रदर्शन से जुड़ी अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई हुई (Image- SCI)

Add DNA as a Preferred Source

सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार (15 अक्टूबर 2026) को चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया को चुनौती देने वाली विपक्ष की याचिका और कोर्ट परिसर में राजनीतिक मार्च से जुड़े मामले पर सुनवाई हुई. दोनों मामले अलग-अलग थे, लेकिन सुनवाई के दौरान कोर्ट की टिप्पणियों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी.

एक तरफ कोर्ट ने राहुल गांधी समेत 13 विपक्षी नेताओं की SIR से जुड़ी याचिका पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग से जवाब मांगा. दूसरी तरफ, 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट परिसर में विपक्षी नेताओं के पहुंचने और वहां हुए घटनाक्रम को लेकर दाखिल याचिका पर भी नोटिस जारी किया गया. 

चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने क्या कहा?

सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने साफ कहा कि अदालत को डराने या दबाव में लाने की कोशिश सफल नहीं होगी. उन्होंने ये भी संकेत दिया कि कोर्ट के बाहर नेताओं की बयानबाजी और अदालत के सामने उनके रुख के बीच अंतर को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

राहुल गांधी समेत 13 नेताओं की याचिका पर नोटिस

चुनाव आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ राहुल गांधी समेत 13 विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था. इस याचिका में चुनाव आयोग के फैसलों और मतदाता सूची में बदलाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं. गुरुवार को सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को नोटिस जारी कर जवाब मांगा. 

क्या हैं विपक्ष की मांगें?

विपक्षी नेताओं ने मांग की है कि SIR से संबंधित चुनाव आयोग के रिकॉर्ड, बैठकों के एजेंडे, कार्यवाही, अधिकारियों की टिप्पणियों और आपत्तियों से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं. इसके अलावा ECINET और ERONET जैसे डिजिटल सिस्टम में दर्ज जानकारी की भी जांच कराने की मांग की गई है. 

CJI

याचिका में कहा गया है कि किसी मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे नोटिस देने और अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए. विपक्ष ने बूथ के हिसाब से नाम हटाए जाने की सूची, उसके कारणों और संबंधित आंकड़ों को सार्वजनिक करने की मांग भी की है. साथ ही, एक रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट जज की अध्यक्षता में समिति बनाकर मतदाता डेटा का ऑडिट कराने और सुनवाई पूरी होने तक SIR पर रोक लगाने की अपील की गई है. फिलहाल अदालत ने संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है. 

12 अक्टूबर के मार्च पर भी सुप्रीम कोर्ट सख्त

दूसरी सुनवाई 12 अक्टूबर को विपक्षी नेताओं के सुप्रीम कोर्ट तक मार्च और कोर्ट परिसर में उनके पहुंचने से जुड़े मामले में हुई. इस घटनाक्रम को लेकर चार वकीलों ने याचिका दाखिल की थी. इसमें अदालत परिसर में राजनीतिक प्रदर्शन रोकने के लिए नियम बनाने, मार्च में शामिल नेताओं की भूमिका की जांच कराने और संबंधित CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की गई है.

'हमें कोई नहीं धमका सकता'

इस मामले में वरिष्ठ वकील गौरव भाटिया ने दलील दी कि सुप्रीम कोर्ट पर दबाव बनाने की कोशिश की गई. उन्होंने अदालत का ध्यान इस बात की ओर भी दिलाया कि कोर्ट परिसर में राजनीतिक गतिविधियों और नारेबाजी को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं. इस पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा, "आप आश्वस्त रहिए, हमें कोई नहीं धमका सकता." 

CJI

केरल कांग्रेस के पोस्ट का भी उठा मुद्दा

मार्च से जुड़े मामले में एक अहम बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल अवमानना के आरोप पर नोटिस जारी नहीं किया है. नोटिस का संबंध मुख्य रूप से कोर्ट परिसर को राजनीतिक प्रदर्शन का मंच बनने से रोकने की मांग से है. याचिका में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव, महुआ मोइत्रा समेत कई विपक्षी नेताओं और कांग्रेस से जुड़े पक्षों को शामिल किया गया है. याचिकाकर्ताओं ने दलील दी है कि अदालत परिसर की गरिमा बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में स्पष्ट दिशा-निर्देश जरूरी हैं.

सुनवाई में केरल कांग्रेस के एक सोशल मीडिया पोस्ट का मुद्दा भी उठा. याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि पोस्ट में चीफ जस्टिस के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था और उनसे इस्तीफा देने की मांग की गई थी. महुआ मोइत्रा के एक कथित पोस्ट पर भी सवाल उठाए गए. इन आरोपों पर अदालत की अंतिम राय आना अभी बाकी है. 

CCTV फुटेज सुरक्षित रखने का आदेश

सुनवाई के दौरान राहुल गांधी के सुप्रीम कोर्ट पहुंचने के समय एक गर्भवती महिला पत्रकार को कथित तौर पर धक्का दिए जाने का मुद्दा भी उठाया गया. गौरव भाटिया ने घटना से संबंधित CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की, ताकि बाद में पूरे घटनाक्रम की जांच की जा सके.

इस पर जस्टिस बागची ने संबंधित कानूनी एजेंसियों को CCTV और दूसरे डिजिटल फुटेज सुरक्षित रखने का निर्देश दिया. अदालत ने यह भी कहा कि कोई भी व्यक्ति उपलब्ध फुटेज जमा करा सकता है. इस आदेश का उद्देश्य संबंधित घटनाओं का रिकॉर्ड सुरक्षित रखना है, ताकि जरूरी होने पर उनकी जांच की जा सके. 

12 अक्टूबर को क्या हुआ था?

इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई, जब विपक्षी सांसदों ने 11 अक्टूबर को CJI सूर्यकांत को पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा था. वे SIR से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं मिला. इसके बाद 12 अक्टूबर को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य विपक्षी सांसदों ने बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला.

कई नेता समर्थकों के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे. इस दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक प्रदर्शन की सीमा, अदालत की गरिमा और नेताओं के आचरण पर सवाल उठे. गुरुवार की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने एक ओर SIR मामले में विपक्ष की याचिका पर सरकार और चुनाव आयोग से जवाब मांगा, तो दूसरी ओर कोर्ट परिसर में मार्च से जुड़े मामले में भी संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया. 

ये भी पढ़ें- 2009 में पहली बार हूतियों के खिलाफ उतरा, 2015 में 9 देशों के साथ बरसाए बम, अंसार अल्लाह के सामने क्यों नहीं टिक पाता सऊदी? 

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement