डीएनए एक्सप्लेनर
7 अक्टूबर को जिला अदालत ने रविता और अमरदीप को अमित कश्यप की हत्या का दोषी करार दिया था.
मेरठ के एक और बहुचर्चित मर्डर केस के दोषियों रविता और उसके बॉयफ्रेंड अमरदीप को शुक्रवार (16 अक्टूबर, 2026) को जिला अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है. दो दिन पहले ही नीले ड्रम वाले केस में सौरभ राजपूत की कातिल पत्नी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को इसी अदालत ने सजा-ए-मौत सुनाई थी. 7 अक्टूबर को कोर्ट ने रविता और अमरदीप को अमित कश्यप की हत्या का दोषी करार दिया था. एक साल पहले रविता ने बॉयफ्रेंड अमरदीप के साथ मिलकर मुस्कान और साहिल की तरह पति अमित कश्यप को मौत के घाट उतार दिया था. दोनों ने खुद को बचाने के लिए सांप की साजिश रची थी इसलिए यह मामला स्नेक मर्डर केस के नाम से चर्चित है.
करीब 17 महीने से जेल में बंद रविता और अमरदीप को जिला अदालत ने 7 अक्टूबर को दोषी करार दिया था. पिछले साल नीले ड्रम केस के एक महीने बाद 12 अप्रैल को यह मामला सामने आया था. यह मामला मरेठ के महसूमा क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का है. 12 अप्रैल को अमित कश्यप को उनके घर पर मृत हालत में पाया गया था और उसकी बॉडी के पास ही एक सांप भी मिला था. शुरुआत में लगा कि सांप के डंसने से उसकी मौत हुई है, लेकिन जब 5 दिन बाद पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई तो रविता और अमरदीप की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया.
घटना की सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस ने सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर दिया और बॉडी पोस्टमार्टम के लिए भेज दी गई. पहले पुलिस भी यह समझ रही थी कि शायद सांप के डंसने से अमित की जान गई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया. रिपोर्ट में पता चला कि अमित की मौत का कारण सांप का जहर नहीं बल्कि दम घुटना था. यह बात जानकर पुलिस भी हैरान रह गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी जांच का रुख ही बदल दिया. अभी तक अधिकारी सांप के डंसने वाले एंगल पर जांच कर रहे थे, लेकिन रिपोर्ट देखने के बाद पुलिस ने मर्डर के एंगल पर जांच शुरू कर दी.
पुलिस को जांच में सबसे पहले अमित की पत्नी रविता के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के बारे में पता चला. अभियोजन पक्ष के अनुसार अमरदीप का उनके घर आन-जाना था और उसका रविता के साथ प्रेम प्रसंग था. रविता के सास-ससुर मोनू कश्यप और मुनेश इस मामले में गवाह हैं, उन्होंने बताया कि उन्होंने उस रात रविता को अमित के कमरे में जाते देखा था. अभियोजन पक्ष का कहना था कि रविता और अमरदीप ने मिलकर पहले अमित की जान ली और फिर उसके ऊपर सांप छोड़ दिया, जिससे ऐसा लगे कि सांप के डंसने से मौत हुई. जांच आगे बढ़ी तो अलग-अलग लोगों से पूछताछ की गई, उस शख्स से भी पूछताछ हुई, जिससे कथित रूप से रविता और अमरदीप को सांप मिला था, पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेजा.
अभियोजन पक्ष ने बताया कि रविता और अमरदीप के बीच कई बार झगड़े भी होते थे, जिसके बाद दोनों ने अमित के मर्डर का प्लान बनाया. रविता अचानक बहुत ज्यादा पूजा-पाठ में लीन हो गई. कुछ दिन बाद रविता ने पूजा के लिए एक सांप लाने की योजना बनाई. एक सपेरे ने उसे सांप लाकर दिया, इसके बाद अमित की गला घोंटकर हत्या कर दी गई.
पुलिस ने इस मामले में 500 से ज्यादा पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा गवाहों के बयान दर्ज थे. एडिश्नल डिस्ट्रिक्ट गवर्मेंट काउंसेल फरजाना मकसूद ने बताया कि रविता और अमरदीप की कॉल रिकॉर्ड्स से पता चला कि दोनों अमित की हत्या के बाद भी लगातार कॉन्टेक्ट में थे और दिन में 70 से ज्यादा बार एक-दूसरे को कॉल करते थे.
सरकारी वकील फरजाना मकसूद ने यह भी बताया कि रविता और अमरदीप अपने नंबर से बात नहीं करते थे, जिन सिम वो दोनों बात करते थे, वे किसी और के नाम पर रजिस्टर्ड थे, जिनका इन दोनों से कोई ताल्लुक नहीं था. रविता जिस नंबर से अमरदीप को कॉल करती थी, वह नंबर सोनू नाम के शख्स पर रजिस्टर था, जो जागृति विहार में रहता था. वहीं, सुनवाई के दौरान सोनू ने कोर्ट को बताया कि न तो यह उसका नंबर है और न ही वह रविता और अमरदीप में से किसी को भी जानता था. अमरदीप भी किसी और का सिम इस्तेमाल कर रहा था. अभियोजन पक्ष ने बताया कि इन नंबरों से दोनों ने एक-दूसरे को 500 से भी ज्यादा कॉल किए थे.
अमित के परिवार के वकील बलराज ने बताया कि घटना के दिन रविता और अमरदीप की लोकेशन घटनास्थल के आस-पास की ही दर्ज की गई है और अमित के घरवालों ने भी कई बार रविता और अमरदीप को एक-दूसरे से मिलते-जुलते देखा था. काफी लंबे समय से दोनों रिलेशनशिप में थे और उन्हें कई बार चेतावनी भी दी गई थी. इसी आधार पर दोनों को दोषी करार दिया गया है.
यह भी पढ़ें:- SIR विवाद के बीच चुनाव आयोग ले आया SSR, यूपी-बिहार-बंगाल समेत इन 17 राज्यों में अब क्या होने वाला है?