Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

ईशनिंदा के दोषी की मौत की सजा 27 दिन में माफ, भारत के बलजिंदर के लिए क्यों नहीं पिघला मोहम्मद बिन सलमान का दिल?

जून में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो पर हिंदू देवता को लेकर अपमानजनक टिप्पणी के जवाब में अनोझन ने कमेंट किया था, जिसे सऊदी ने ईशनिंदा ठहराया था.

Latest News
ईशनिंदा के दोषी की मौत की सजा 27 दिन में माफ, भारत के बलजिंदर के लिए क्यों नहीं पिघला मोहम्मद बिन सलमान का दिल?

पठानकोट के बलजिंदर सिंह को 21 सितंबर को सऊदी में सुनाई गई थी मौत की सजा (Image Source: Facebook/ANI)

Add DNA as a Preferred Source

इस्लाम के खिलाफ फेसबुक पर टिप्पणी करने वाले श्रीलंकाई नागरिक अनोझन शिवरासा की मौत की सजा सऊदी अरब कोर्ट ने पलट दी है. बुधवार (14 अक्टूबर, 2026) को श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करके बताया कि सऊदी की सुप्रीम कोर्ट ने अनोझन शिवरासा की फांसी की सजा का फैसला पलट दिया है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि आगे उस पर कार्रवाई की जाएगी या नहीं. कोलंबो के उप विदेश मंत्री अरुण हेमचंद्र ने भी फेसबुक पोस्ट में इस बात की पुष्टि की है.

यह खबर ऐसे समय में सामने आई है, जब भारत में पठानकोट के रहने वाले बलजिंदर सिंह की रिहाई की मुहिम चल रही है. सिंगर दिलजीत दोसांझ से पूर्व रेसलर ग्रेट खली और पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना तक नामचीन लोगों ने सरकार से अपील की है कि बलजिंदर की रिहाई के लिए सऊदी सरकार से बात की जाए. 21 सितंबर को बलजिंदर को सऊदी की कोर्ट ने ड्रग तस्करी मामले में मौत की सजा सुनाई थी और उससे चार दिन पहले अनोझन शिवरासा के लिए यह फरमाना सुनाया गया था. इसके बाद श्रीलंका की सरकार ने सऊदी प्रशासन से अनोझन की सजा माफ करने के लिए अपील की, अरुण हेमचंद्र ने फेसबुक पोस्ट में सऊदी सरकार और दोनों देशों की लीगल टीम का शुक्रिया अदा किया है.

सऊदी में किस अपराध के लिए सुनाई गई थी अनोझन को सजा-ए-मौत?

  • बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार अनोझन की मुश्किलें वायरल वीडियो से शुरू हुईं, जिस पर उनके एक कमेंट ने उन्हें मौत के करीब पहुंचा दिया. जून महीने में सोशल मीडिया पर एक वीडियो फुटेज बहुत तेजी से वायरल हो रहा था.
  • वीडियो में एक मुस्लिम शख्स हिंदू तीर्थयात्रियों के पीछे चल रहे कुत्ते को लात मारते हुए दिख रहा था, इस वीडियो से सोशल मीडिया पर धर्म को लेकर बहस छिड़ गई.
  • वीडियो पर श्रीलंका की ही एक मुस्लिम महिला ने हिंदू भगवान से जोड़ते हुए अश्लील कमेंट किया ,जिसके जवाब में अनोझन ने भी कमेंट कर दिया. हालांकि, अनोझन ने तुरंत ही यह कमेंट डिलीट कर दिया था.
  • कमेंट डिलीट करने के बाद उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वह कमेंट के लिए माफी मांग रहे थे, लेकिन कमेंट का स्क्रीनशॉट श्रीलंका के ही एक मुस्लिम शख्स ने सऊदी अरब की उस कंपनी को भेज दिया, जहां शिवरासा काम करने गया था. 
  • जुलाई में अनोझन के कमेंट को ईशनिंदा ठहराया गया और उसकी गिरफ्तार हो गई. इसके बाद उस पर मुकदमा चला और सऊदी की अपीलेट कोर्ट ने ईशनिंदा का दोषी ठहराते हुए अनोझन को फांसी सजा सुना दी. इस खबर से श्रीलंका में हलचल मच गई, जिसके बाद श्रीलंकाई सरकार ने अनोझन के लिए सऊदी सरकार से क्षमादान की अपील की.
  • सऊदी में इस्लामी दंड संहिता और शरिया कानून लागू है. शरिया कानून के तहत ईशनिंदा करने वाले लोग धर्म को न मानने वाले घोषित कर दिए जाते हैं, जिसकी सजा मौत है.

सिलसिलेवार ढंग से जानिए भारत के बलजिंदर का पूरा मामला

  • 10 साल पहले दुबई गया- पठानकोट के सुजानपुर के रहने वाले बलजिंदर 10 सालों से दुबई में ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे थे. उनके परिवार के अनुसार वह अक्सर दुबई से सऊदी माल लेकर जाते थे. तीन साल पहले उन्हें दुबई में एक शख्स ने बीमार पिता के लिए सऊदी दवाइयों का पैकेट पहुंचाने के लिए मदद मांगी.
  • बार-बार जिद करने पर मान गए बलजिंदर- परिवार का कहना है कि बलजिंदर ने पहले दो बार अनजान सामान ले जाने से इनकार किया, लेकिन वह शख्स पीछे पड़ा रहा और बीमार पिता का वीडियो दिखाकर बलजिंदर से मदद की अपील करने लगा. वीडियो देखकर बलजिंदर भावुक हो गए और पैकेट ले जाने के लिए मान गए. मानवता के नाते उन्होंने जो फैसला लिया, आज उसकी वजह से वह यह सब झेल रहे हैं.
  • दवाइयां नहीं ड्रग्स से भरा था पैकेट- परिवार ने बताया कि दुबई-सऊदी अरब बॉर्डर पर ट्रैकिंग के दौरान दवाइयों का पैकेट संदिग्ध पाया गया. कथित तौर पर तलाशी में डिब्बे से नशीला पदार्थ बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने बलजिंदर को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया. तीन साल मुकदमा चलने के बाद 21 सितंबर को उन्हें फांसी की सजा सुना दी गई.

फांसी देने के बाद विदेशियों के शव भी नहीं देता सऊदी

जून में ही सऊदी में इथोपिया के पांच नागरिकों को मौत की सजा दी गई थी. उनके रिश्तेदारों का कहना है कि 23 जून को दक्षिणी अरब के असिर प्रांत में स्थित खमीस मुशैत सुविधा केंद्र में उन्हें मौत की सजा दी गई, जिसके बारे में न तो उनके परिवारों को पहले से बताया गया और न ही उनकी निजी वस्तुएं परिवारों को दी गईं. उनके मृत्यु प्रमाण पत्र तक नहीं दिए गए. इससे पहले दो भारतीय युवाओं को भी मौत की सजा दी गई, लेकिन उनके शव घरवालों को नहीं लौटाए गए थे.

एमनेस्टी इंटरनेशनल लगातार इस मुद्दे को उठाता रहा है कि सऊदी यह तक नहीं बताता कि सजा दिए गए व्यक्तियों का शव कहां दफनाया. एमनेस्टी इंटरनेशनल ने 25 विदेशी नागरिकों के मामलों पर रिसर्च के बाद पिछले साल एक रिपोर्ट में यह दावा किया था. यूरोपीय सऊदी मानवाधिकार संगठन की वरिष्ठ शोधकर्ता दुआ धैनी का कहना है कि शव लौटाने से इनकार करना सिर्फ एक बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार प्रशासनिक मामला नहीं है. इसका मतलब है कि ये सजा आप सिर्फ उस शख्स को नहीं, बल्कि उनके परिवार को भी दे रहे हैं. हालांकि, सऊदी इन दावों से इनकार करता है. संयुक्त राष्ट्र को पिछले साल दिए गए जवाब में उसने तर्क दिया था कि मौत की सजा के बाद दूतावास के सहयोग से शव के लिए क्लेम किया जा सकता है. हालांकि, अब तक कितने शव सऊदी ने वापस भेजे हैं, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है.
 

यह भी पढ़ें:- आसमान से फिर प्लैश हुआ 'Squawk 7500' ! जर्मनी से दिल्ली आ रहा था विमान - Flydubai फ्लाइट से भी आया था यही कोड

Advertisement
Advertisement

Advertisement