डीएनए एक्सप्लेनर
रियाद एयरपोर्ट ब्लास्ट के सीसीटीवी फुटेज में कुछ यात्री वेटिंग एरिया में मक्का की फ्लाइट का इंतेजार करते और कुछ चेक इन पॉइंट में लंबी लाइनों में खड़े दिख रहे हैं.
दिन-शनिवार, तारीख- 10 अक्टूबर, 2026, समय- दोपहर 2 बजकर 27 मिनट और जगह- सऊदी अरब की राजधानी रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट. एक धमाका हुआ, पूरा एयरपोर्ट धुएं से भर गया, धुआं हटा तो जमीन पर पड़ी लाशें और जख्मी लोग नजर आए. यह धमाका उस वक्त हुआ जब मक्का-मदीना की फ्लाइट के लिए एयरपोर्ट उमरा के लिए जाने वाले यात्रियों से भरा हुआ था.
चेक इन पर 50-60 इहराम पहने मुस्लिम पुरुष और बुर्के में महिलाओं की भारी भीड़ थी. शायद इतने ही लोग वेटिंग एरिया में उमरा के लिए फ्लाइट का इंतेजार कर रहे थे. जैसे ही धमाके की तेज आवाज लोगों ने सुनी तो सब तरफ अफरा-तफरी मच गई. कोई नहीं जानता की क्यों धमाका हुआ, सब इतनी तेजी से हुआ कि कोई कुछ समझ नहीं पाया, बस सब अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित जगह तलाशने लगे. एयरपोर्ट के शीशे, छतों का मलबा टूट-टूट कर यात्रियों पर गिर रहा था.

किंग खालिद इंटरनेशन पर हुए इस ब्लास्ट में अब तक 13 लोगों की जान जा चुकी है और 300 से ज्यादा जख्मी है. हमले की जिम्मेदारी ईरान समर्थिम यमन के हूती विद्रोहियों ने ली है. इस खौफनाक घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, न्यूज आउटलेट अल अरबिया ने यह वीडियो जारी किया है. वीडियो में एयरपोर्ट की तीन अलग-अलग जगहों का सीसीटीवी फुटेज है, जो इस तबाही के एक-एक सेकेंड की कहानी बयां कर रहा है.
Al Arabiya shows footage of the moment yesterday’s Houthi attack struck King Khalid International Airport in Riyadh, including Umrah pilgrims preparing to board their flights before the strike. https://t.co/Gp2xPdmkuK
— Al Arabiya English (@AlArabiya_Eng) October 11, 2026
वीडियो में पूरा एयरपोर्ट उमरा पर जाने वाले यात्रियों से भरा हुआ नजर आ रहा है. सभी पुरुष यात्री इहराम पहने दिख रहे हैं, हज या उमरा के समय मुस्लिम पुरुष सफेद रंग का बड़ा सा कपड़ा शरीर पर लपेटे रहते हैं, जिसे इहराम कहते हैं. वहीं, महिलाएं काले बुर्के में नजर आ रही हैं. पहले फुटेज में वेटिंग एरिया में काफी सारे यात्री बैठे हैं, जिनमें कुछ महिलाएं भी हैं. कोई फोन चलाते दिख रहा है, कुछ यात्री एक दूसरे से बात करते हुए फ्लाइट का इंतेजार कर रहे हैं, तभी वहां बहुत तेज धमाका हुआ, रोशनी चमकी और छत से मलबा टूटकर यात्रियों के ऊपर गिरा और देखते ही देखते पूरा वेटिंग एरिया धुएं से भर गया.

दूसरा फुटेज चेक इन पॉइंट का है, जहां यात्री पासपोस्ट, वीजा जैसे अन्य डॉक्यूमेंट्स चेक करवा रहे हैं और पीछे चेक इन के लिए लंबी कतारों में खड़े मक्का जाने वाले यात्री नजर आ रहे हैं, तभी अचानक से धमाका होता है, तेज चमक दिखाई देती है और चारों तरफ धुआं-धुआं भर जाता है. जब धुआं थोड़ा साफ होता है तो दिखाई देता है कि एयरपोर्ट में लगे शीशे टूट गए, छत से टूटकर मलबा यात्रियों के ऊपर गिर रहा है और इस सबके बीच यात्री जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं. तीसरा फुटेज भी चेक इन पॉइंट का है, यहां भी आवाज सुनकर लोग उसी तरह जान बचाते हुए भागते दिख रहे हैं.
हूती सैन्य प्रवक्ता याहिया सारे ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए सऊदी अरब को ऐसे हमले जारी रखने की चेतावनी दी है. एक टेलीविजन संबोधन में याहिया सारे ने कहा कि जब तक सऊदी अरब यमन में अपनी आक्रामकता बंद नहीं करता, तब तक 'और भी बदतर हालात देखने को मिलेंगे.'
हैदराबाद के यात्री की भी गई जान, ओवैसी ने लगाई मदद की गुहार
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बताया कि रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में हैदराबाद के एक व्यक्ति की मौत हो गई और परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, 'यह परिवार हैदराबाद के मेहदीपटनम का रहने वाला है.' उन्होंने कहा कि हमले में मोहम्मद यूसुफ अली की मौत हो गई जबकि उनके दो बेटे अस्पताल में हैं. यूसुफ अली की बेटी और पत्नी सुरक्षित हैं. उनके परिवार की एक अन्य सदस्य भी इस हमले में घायल हुई है. ओवैसी ने कहा कि वह रियाद में यूसुफ के रिश्तेदारों के संपर्क में हैं और रियाद में इंडियन एंबेसी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि पीड़ितों का ध्यान रखा जा रहा है. ओवैसी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से परिवार को हरसंभव मदद देने का अनुरोध किया.
रियाद एयरपोर्ट हमले में मारे गए 13 लोगों में सऊदी अरब, बांग्लादेश, भारत, यूनाइटेड स्टेट्स, मिस्त्र, जॉर्डन, सीरिया, फिलिस्तीन और सूडान के नागरिक शामिल हैं. चार सऊदी अरब के नागरिकों की जान इस हमले में गई है. वहीं, सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट करके बताया है कि घायलों में 11 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि घायलों की खैरियत जानने के लिए दूतावास लगातार स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और हॉस्पिटल के अधिकारियों से भी लगातार बातचीत जारी है.