डीएनए एक्सप्लेनर
सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को 13 अक्टूबर तक पुश्तैनी घर बेचकर 85 लाख रुपये जमा करने के लिए कहा है, बाकी रकम के लिए बाद में समय सीमा तय की जाएगी.
ढाई सौ फिल्में की हैं, 2012 में जो मुझे अपना दोस्त कहते थे, अब बोलते हैं कोर्ट में रगड़ूंगा, मेरी बदनामी हुई है... चेक बाउंस मामले में एक्टर राजपाल यादव अपने पक्ष में दलीलें देते समय काफी भावुक हो गए. उन्होंने गीता की कसम खाने की बात करते हुए बताया कि 'अता पता लापता' की रिलीज 1,200 थिएटर में होनी थी, लेकिन एक में भी नहीं हो सकी. यह मामला मुरली प्रोजेक्ट्स से जुड़ा है, जिसका कहना है कि राजपाल यादव और उनकी पत्नी ने फिल्म बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये का लोन उनसे लिया था.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच के सामने बुधवार (7 अक्टूबर, 2026) को राजपाल यादव व्यक्तिगत रूप से पेश हुए. उन्हें इस मामले में बड़ी राहत देते हुए कोर्ट ने पुश्तैनी संपत्ति बेचकर बकाया चुकाने की अनुमति दे दी है. उन्होंने बताया कि 1.5 करोड़ रुपये की रकम उनके पास तैयार है, ड्रिमांड ड्राफ्ट के जरिए उसे वह जमा करवा देंगे , जबकि पुश्तैनी संपत्ति के खरीदार ने 85 लाख रुपये एडवांस देने पर सहमति जताई है. पिछली दो सुनवाई में तय समय में रकम जमा न करवाने के लिए कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई थी.
सुनवाई के दौरान राजपाल यादव ने फिल्म ‘अता पता लापता’ से हुए नुकसान की कहानी सुनाई. उन्होंने जजों को संबोधित करते हुए कहा, 'सर, प्रणाम करता हूं. मैंने ढाई-दो सौ फिल्में की हैं. ‘अता पता लापता’ में मेरे 17 करोड़ रुपये डूब गए.' उन्होंने कहा, 'आप जब चाहो, जहां भेज दो, मैं हर समय तैयार हूं, लेकिन 5 करोड़ ने मेरे 17 करोड़ रुपये को 2013 से मिट्टी में मिला दिया और एक रुपया नहीं कमाने दिया. मेरे खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई. मेरी फिल्म को रोक दिया गया. वह 1,200 थिएटरों में रिलीज होनी थी, लेकिन एक भी थिएटर में रिलीज नहीं हो पाई.' मुरली प्रोजेक्ट्स को लेकर राजपाल यादव ने कहा, '2012 में वो मेरे दोस्त थे, बोले, मैं हजार-डेढ़ हजार करोड़ का आदमी हूं, 5 करोड़ कहां आता है, कहां जाता है. गीता की कसम खिलवा लीजिए. फिर बोले, अब तुम्हें कोर्ट में रगड़ूंगा. पिछले 16 साल में मेरी ब्रांडिंग खराब हुई और मेरी बदनामी हुई.'
रजपाल यादव की ये दलीलें सुनने के बाद सीजेआई सूर्यकांत ने हल्के-फुल्के अंदज में कहा, 'कोई अच्छी सी फिल्म बनाकर लोगों को दोबारा एंटरटेन करो. आपकी इमेज दोबारा बन जाएगी.' उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि कोर्ट में कुछ वकील भी अच्छे अभिनेता हैं, उन्हें लेकर भी फिल्म बनाई जा सकती है. सीजेआई की बात पर राजपाल यादव ने कहा कि 16 सालों से उनकी जिंदगी में जो कुछ चल रहा है, उसको देखते हुए उन्होंने उसका टाइटल सोच लिया है, फिल्म का टाइटल होगा- 16 सावन झेल के.
राजपाल यादव के वकील ने कोर्ट को बताया कि पुश्तैनी घर बेचकर उन्हें एक खरीदार से 85 लाख रुपये एडवांस के तौर पर मिलने हैं. इसके बाद कोर्ट ने उन्हें यह रकम जमा करने के लिए 14 अक्टूबर तक का समय दे दिया. बाकी की रकम चुकाने के लिए कोर्ट आगे समय-सीमा तय करेगा. वहीं, शिकायतकर्ता के वकील ने कहा कि अगर 2 करोड़ रुपये का भुगतान राजपाल यादव कर देंगे तो बाकी रकम के लिए तीन महीने का समय दिया जा सकता है. हालांकि, पहले बार-बार भुगतान के लिए मोहलत मांगने के लिए राजपाल यादव के रवैये से कोर्ट थोड़ा नाराज भी नजर आया.
जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि बेंच उनके रुख को देखते हुए उनकी तीन महीने की सजा को बढ़ाकर दो साल भी कर सकती है. कोर्ट ने कहा कि राजपाल यादव को यह राहत उनकी नीयत से प्रभावित होकर नहीं दी जा रही, बल्कि शिकायतकर्ता को उसका पैसा वापस दिलाने के लिए दी जा रही है.
मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने जनवरी 2019 में निचली अदालत में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 2010 में राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए उनसे 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. कंपनी का कहना है कि राजपाल यादव ने इसके एवज में कंपनी को 8 करोड़ रुपये लौटाने का वादा किया था, लेकिन राजपाल यादव ने अपना वादा नहीं निभाया.
कंपनी की ओर से दायर शिकायत के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच बाद में 7 करोड़ रुपये में समझौता हुआ. इस समझौते के तहत राजपाल यादव की तरफ से सात चेक दिए गए, लेकिन वे सभी बाउंस हो गए. इसके चलते कंपनी ने चेक बाउंस (धारा 138) का मामला दर्ज कराया. निचली अदालत ने इस मामले में राजपाल यादव और उनकी पत्नी को चेक बाउंस का दोषी ठहराया और छह महीने की जेल की सजा सुनाई. जून 2024 में दिल्ली हाईकोर्ट ने इस सजा पर रोक लगा दी और कोर्ट राजपाल यादव के आश्वासन के मद्देनजर सजा पर रोक के आदेश को बढ़ाता रहा. राजपाल यादव जब वादे पर खरे नहीं उतरे तो हाईकोर्ट ने इस साल 10 जुलाई को तीन महीने की सजा सुना दी. इस फैसले के खिलाफ राजपाल यादव सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए.
यह भी पढ़ें:- क्या शिंदे गुट से वापस लिया जा सकता है शिवसेना का सिंबल? सुप्रीम कोर्ट ने क्यों कहा- दोबारा विचार करे चुनाव आयोग