डीएनए एक्सप्लेनर
CEC के खिलाफ राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन में सुबह संसद से मार्च शुरू हुआ, फिर आकाशवाणी भवन में धरना चला और रात में राहुल-प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया. जानिए प्रदर्शन की 10 बड़ी बातें.
दिल्ली में मंगलवार (6 अक्टूबर 2026) को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन सुबह से लेकर रात तक सुर्खियों में रहा. संसद से शुरू हुआ मार्च पुलिस बैरिकेडिंग, नारेबाजी और हिरासत तक पहुंच गया. अपनी मांगों को लेकर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई नेता आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए.
करीब आठ घंटे से ज्यादा चले इस धरने का अंत रात में पुलिस की कार्रवाई और नेताओं की हिरासत के बाद रिहाई के साथ हुआ. आपको सुबह से रात तक पूरे घटनाक्रम की 10 बड़ी बातें बताते हैं.
प्रदर्शन की शुरुआत संसद भवन से विपक्षी सांसदों के मार्च के साथ हुई. राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के कई नेता कथित 'वोट चोरी' और SIR में गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग के दफ्तर की तरफ बढ़े. विपक्षी नेताओं की मांग थी कि उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात का मौका दिया जाए. पुलिस ने पहले से ही चुनाव आयोग के आसपास सुरक्षा कड़ी कर रखी थी. जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए थे और कई रास्तों पर आवाजाही रोक दी गई थी.
(All Image Source- IANS)
मार्च जैसे ही आगे बढ़ा, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकना शुरू कर दिया. समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, टीएमसी के अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ'ब्रायन समेत कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में लेकर बसों में बैठा दिया गया. सीपीआई(एम) सांसद जॉन ब्रिटास समेत दूसरे नेताओं को भी पुलिस ने आगे बढ़ने नहीं दिया. इस दौरान प्रदर्शनकारी लगातार नारे लगाते रहे. कई सांसदों के हाथ में चुनाव आयोग और 'वोट चोरी' से जुड़े पोस्टर और कटआउट भी दिखाई दिए.

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने पुलिस की बैरिकेडिंग के बीच आगे बढ़ने की कोशिश की. वह मल्टी-लेयर स्टील बैरिकेड पर चढ़ गए और वहां से तिरंगा लहराया. समर्थकों और आसपास मौजूद लोगों की नारेबाजी के बीच उन्होंने पुलिस के घेरे को पार किया. इसके बाद राहुल गांधी अचानक आकाशवाणी भवन की तरफ बढ़ गए. उनके साथ प्रियंका गांधी और कांग्रेस के कुछ अन्य सांसद भी वहां पहुंच गए.

आकाशवाणी भवन चुनाव आयोग के दफ्तर से करीब 200 मीटर की दूरी पर है. राहुल गांधी वहां पहुंचकर अंदर जाने लगे तो कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की. कुछ देर की खींचतान और गतिरोध के बाद वह सुरक्षा घेरे के साथ परिसर के अंदर पहुंच गए. इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, दीपेंद्र हुड्डा, चरणजीत सिंह चन्नी, प्रणीति शिंदे और पवन खेड़ा समेत कई नेता परिसर में धरने पर बैठ गए.

धरने के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मांग बेहद साफ है, वह मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि वह उनसे 'वोट चोरी' को लेकर सवाल करना चाहते हैं और जब तक मौका नहीं मिलता, वहीं बैठे रहेंगे. राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है. उन्होंने ये भी कहा कि वह लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्षी सांसदों के साथ खड़े हैं.

दोपहर होते-होते प्रदर्शन का केंद्र आकाशवाणी भवन बन गया. पुलिस बाहर तैनात रही, जबकि प्रदर्शनकारी नेता अंदर बैठे रहे. जिन सांसदों को शुरुआत में हिरासत में लिया गया था, उनमें से कुछ को बाद में छोड़ दिया गया और वे भी वापस प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गए. धरना लंबा खिंचने के साथ वहां नेताओं और समर्थकों के लिए खाने-पीने का इंतजाम भी होने लगा. कई घंटे तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच गतिरोध बना रहा.

विपक्ष लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करता रहा. उसका आरोप है कि SIR की प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं और चुनाव आयोग सरकार के पक्ष में काम कर रहा है. दूसरी तरफ बीजेपी ने पूरे प्रदर्शन को खारिज करते हुए कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर राजनीतिक ड्रामा करने का आरोप लगाया. बीजेपी नेताओं ने कहा कि विपक्ष चुनावी हार की निराशा को संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर निकाल रहा है.
सब याद रखा जाएगा https://t.co/2A6KHcft9f
— Congress (@INCIndia) October 6, 2026
जैसे-जैसे समय बीतता गया, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ता गया. राहुल गांधी और दूसरे नेता धरना खत्म करने को तैयार नहीं थे. पुलिस की तरफ से प्रदर्शनकारियों को हटाने की तैयारी शुरू हुई. राहुल गांधी ने इस दौरान कहा कि वह अपनी मांग से पीछे नहीं हटेंगे. उनका कहना था कि वह सिर्फ चुनाव आयुक्त से मुलाकात चाहते हैं. वहीं, नेताओं के साथ धक्का-मुक्की के बाद कांग्रेस ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'सब याद रखा जाएगा.'

करीब आठ बजे पुलिस ने धरना खत्म कराने के लिए कार्रवाई शुरू की. बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचे और राहुल गांधी समेत प्रदर्शन कर रहे नेताओं को वहां से हटाने लगे. इस दौरान धक्का-मुक्की और खींचतान की स्थिति बनी. राहुल गांधी को पुलिसकर्मी पीछे से पकड़कर हटाते हुए दिखाई दिए. बाद में उन्हें पुलिस वाहन में बैठाकर वहां से ले जाया गया. प्रियंका गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं को भी अलग-अलग वाहनों में हिरासत में लेकर ले जाया गया.

पुलिस के मुताबिक, पूरे प्रदर्शन के दौरान करीब 250 लोगों को हिरासत में लिया गया. हिरासत में लिए जाने के करीब दो घंटे बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को छोड़ दिया गया. दोनों रात को करीब 10 बजे किंग्सवे कैंप से एक ही कार में बाहर निकले. नेताओं की रिहाई के बाद कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, "बवाल तो अभी शुरू हुआ है. ज्ञानेश कुमार पछताएंगे कि आज मिला क्यों नहीं मिले. आगे आगे देखिए क्या होता है."

सुबह संसद से शुरू हुआ विपक्ष का मार्च रात तक चलते-चलते हिरासत और रिहाई पर खत्म हुआ. पूरे दिन राहुल गांधी प्रदर्शन के केंद्र में रहे. विपक्ष ने इसे चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी लड़ाई का हिस्सा बताया, जबकि बीजेपी ने इसे राजनीतिक दिखावा करार दिया. इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे अहम बात यही रही कि विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे और प्रदर्शन सुबह के मार्च से लेकर रात की हिरासत तक जारी रहा.
ये भी पढ़ें- Explainer: सिर्फ इन दो कंडीशन में ही हटाए जा सकते हैं मुख्य चुनाव आयुक्त! यहां समझें क्या होती है पूरी प्रक्रिया