Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

SIR पर रोक, ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई... राहुल गांधी की सुप्रीम कोर्ट में याचिका, क्या हैं बड़ी मांगें

राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के 10 अन्य नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है.

Latest News
SIR पर रोक, ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई... राहुल गांधी की सुप्रीम कोर्ट में याचिका, क्या हैं बड़ी मांगें

विपक्षी नेताओं ने सोमवार को भी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया (Image- PTI)

Add DNA as a Preferred Source

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक के नेताओं के साथ मिलकर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. सोमवार (12 अक्टूबर 2026) को दिनभर चले हंगामे के बाद शाम को ये याचिका दाखिल की गई. राहुल गांधी इसमें मुख्य याचिकाकर्ता हैं. उनके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत विपक्ष के 10 अन्य नेताओं ने भी याचिका पर हस्ताक्षर किए हैं. 

इस याचिका में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका, फॉर्म-6 में बदलाव, वोटर लिस्ट से नाम हटाने की प्रक्रिया और चुनाव आयोग के डिजिटल प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता जैसे मुद्दे उठाए गए हैं. इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र जांच समिति बनाने की मांग भी की गई है. इस याचिका को सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर 'राहुल गांधी बनाम भारत निर्वाचन आयोग' के तौर पर लिस्ट किया गया है. ये हैं याचिका में उठाए गए बड़े सवाल- 

क्या CEC ने दूसरे चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना फैसले लिए?

याचिका में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के फैसले लेने के तरीके पर सवाल खड़े किए गए हैं. आरोप है कि कई अहम निर्णय बाकी दो चुनाव आयुक्तों की जानकारी और सहमति के बिना लिए गए. इसके समर्थन में 23 सितंबर 2026 की इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट का हवाला दिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, 10 महीनों में कम से कम 14 बार दोनों चुनाव आयुक्तों ने वोटर रजिस्ट्रेशन, नाम हटाने, दोबारा जोड़ने और डेटा तक पहुंच से जुड़े मामलों पर आपत्ति जताई थी. हालांकि, चुनाव आयोग का कहना है कि फैसले सर्वसम्मति से लिए गए और विचारों में मतभेद होना सामान्य प्रक्रिया है. 

पूरे देश में SIR लागू करने की मंजूरी कहां से मिली? 

विपक्ष ने 24 जून 2025 के आदेश को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है. 28 जुलाई 2025 को दाखिल RTI में देशभर में SIR शुरू करने की मंजूरी से जुड़ी फाइलें मांगी गई थीं. आरोप है कि आयोग ने सिर्फ 24 जून का आदेश दिया. बाद में प्रथम अपीलीय प्राधिकारी ने दर्ज किया कि उस समय तक देशभर में SIR शुरू करने का फैसला नहीं हुआ था. दूसरी ओर, आयोग ने 26 सितंबर 2026 की प्रेस रिलीज में सर्वसम्मति से मंजूरी मिलने की बात कही. याचिका में संबंधित मूल फाइलें अदालत में मंगाने की मांग की गई है. 

टीएन शेषन के फैसले का दिया हवाला

याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट के 1995 के टीएन शेषन बनाम भारत संघ मामले में संविधान पीठ के फैसले का जिक्र किया है. उनका तर्क है कि मुख्य चुनाव आयुक्त को अन्य चुनाव आयुक्तों से ज्यादा निर्णय लेने का अधिकार नहीं है. वर्ष 2023 के कानून की धारा 18 के मुताबिक, जहां संभव हो, फैसले सर्वसम्मति से होने चाहिए और मतभेद की स्थिति में बहुमत का रास्ता अपनाया जाना चाहिए. विपक्ष का कहना है कि सामूहिक शक्तियों का अकेले इस्तेमाल संविधान के अनुच्छेद 324 के खिलाफ हो सकता है. 

ऑनलाइन फॉर्म-6 में बदलाव क्यों किए गए? 

याचिका में जुलाई 2026 के दौरान ऑनलाइन फॉर्म-6 में हुए कथित बदलावों को चुनौती दी गई है. आरोप है कि नए फॉर्म में आवेदकों से ये बताने को कहा गया कि उनका या उनके रिश्तेदारों का नाम पिछली SIR वोटर लिस्ट में था या नहीं. इस बदलाव के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 में संशोधन नहीं किया गया. याचिका में ये भी कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने 5 अक्टूबर को मौखिक रूप से स्पष्ट किया था कि उसने संशोधित फॉर्म को मंजूरी नहीं दी थी. 

ECINET और ERONET की तकनीकी जांच की मांग

चुनाव आयोग के डिजिटल प्लेटफॉर्म ECINET और ERONET की विश्वसनीयता भी सवालों के घेरे में है. याचिकाकर्ता जानना चाहते हैं कि मतदाताओं के रिकॉर्ड में बदलाव करने का अधिकार किसके पास है और उन बदलावों का पूरा हिसाब सुरक्षित रहता है या नहीं. कुछ रिपोर्टों के आधार पर दावा किया गया है कि सॉफ्टवेयर में पुरानी स्थिति बहाल करने की सुविधा नहीं होने के कारण हटाए गए नाम दोबारा जोड़ने में परेशानी हुई. विपक्ष ने आयोग की आंतरिक समीक्षा को नाकाफी बताया है. 

करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटने का विवाद

याचिका में एक दूसरे लंबित मामले का भी उल्लेख है, जिसमें अलग-अलग राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की मतदाता सूचियों से करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने का आरोप है. चुनाव आयोग का पक्ष है कि ये संख्या अंतिम रूप से हटाए गए मतदाताओं की नहीं है. ड्राफ्ट सूची में ऐसे लोगों को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लिकेट के रूप में चिह्नित किया गया था. विपक्ष चाहता है कि जांच हो कि इस प्रक्रिया में किसी योग्य मतदाता का नाम तो नहीं छूटा. 

फॉर्म-7 के जरिए नाम हटाने पर चिंता

याचिका में फॉर्म-7 के माध्यम से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आपत्तियां दाखिल किए जाने का मुद्दा भी शामिल है. आरोप लगाया गया है कि कुछ मामलों में फर्जी नामों और गलत घोषणाओं का सहारा लिया गया. विशेष समुदायों और महिलाओं को निशाना बनाने के साथ-साथ पर्याप्त नोटिस या सुनवाई के बिना नाम हटाने की आशंकाएं भी जताई गई हैं. याचिकाकर्ताओं ने इस प्रक्रिया में सख्त निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है. 

पंजाब की ड्राफ्ट लिस्ट में 20.66 लाख नाम कम होने का दावा

पंजाब का उदाहरण देते हुए याचिका में कहा गया है कि 13 अगस्त 2026 को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में जून के करीब 2.14 करोड़ मतदाताओं की तुलना में 20.66 लाख नाम कम थे. इसके अलावा 12.80 लाख मतदाताओं की पुराने रिकॉर्ड से मैपिंग नहीं हो सकी और उनसे दस्तावेज मांगे गए. अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर को प्रकाशित होनी निर्धारित थी. विपक्ष को आशंका है कि पात्र मतदाताओं को अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए पर्याप्त समय और प्रभावी विकल्प नहीं मिले. 

EVM की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा हो

याचिका में सिर्फ मतदाता सूची का मुद्दा नहीं उठाया गया है. इसमें इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) की नीतियों, तकनीकी बनावट, इस्तेमाल और संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं की स्वतंत्र समीक्षा करने की मांग भी की गई है. याचिकाकर्ता चाहते हैं कि इन व्यवस्थाओं की तुलना अंतरराष्ट्रीय मानकों और बेहतर प्रक्रियाओं से की जाए. 

स्वतंत्र जांच समिति बनाने की मांग

विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट से ऐसी समिति गठित करने का अनुरोध किया है जिसकी अगुवाई अदालत के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश के हाथ में हो. समिति में तकनीकी विशेषज्ञ और अन्य प्रतिष्ठित लोग भी शामिल किए जाने की मांग है. इसके दायरे में चुनाव आयोग के डेटाबेस, SIR लागू करने की प्रक्रिया और EVM से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच शामिल होगी. 

मामला सिर्फ प्रशासनिक व्यवस्था का नहीं

याचिका में तर्क दिया गया है कि चुनाव आयोग के भीतर फैसले कैसे लिए जा रहे हैं, ये महज आंतरिक प्रशासन का विषय नहीं है. सवाल उस संवैधानिक संस्था की शक्तियों के इस्तेमाल का है, जिस पर देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी है. इसलिए विपक्ष इस मामले की कानूनी जांच को जरूरी बता रहा है.

संविधान के मूल ढांचे से जुड़ा मुद्दा

INDIA ब्लॉक ने अपनी याचिका में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव को संविधान के मूल ढांचे का हिस्सा बताया है. याचिकाकर्ताओं के मुताबिक, इस व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और उसके कामकाज में पारदर्शिता जरूरी है. इसी आधार पर आयोग के निर्णयों और संवैधानिक अधिकारों के इस्तेमाल की वैधता की जांच करने की मांग की गई है. 

याचिका दाखिल करने वाले 11 नेता कौन हैं?

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल PIL में राहुल गांधी के अलावा विपक्ष के अलग-अलग दलों के 10 नेताओं के नाम शामिल हैं. इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, टीएमसी से सौगत रॉय, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल से तेजस्वी प्रसाद यादव, शिवसेना (UBT) से संजय राउत, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (Marxist) से एमए बेबी, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से डी. राजा, झारखंड मुक्ति मोर्चा से महुआ माजी, एनसीपी (शरद पवार गुट) से सुप्रिया सुले और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग से ईटी. मोहम्मद बशीर शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- INDIA ब्लॉक का सुप्रीम कोर्ट मार्च, एक ही बस में सवार राहुल-प्रियंका-अखिलेश-तेजस्वी, SC में याचिका, 10 बड़े अपडेट

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement