Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

PM Modi 25 Years: प्रचारक से सचिव-महासचिव फिर पलटी किस्मत और मोदी बने 'सरकार', जानें CM-PM के तौर पर लिए गए पहले फैसले

PM मोदी ने कहा कि गुजरात के सीएम के रूप में शपथ लेते समय कभी नहीं सोचा था कि यह मुकाम आएगा. उन्होंने कहा, 'मैं दूसरों को चुनाव लड़ाता था, लेकिन खुद कभी एक भी चुनाव नहीं लड़ा था.'

Latest News
PM Modi 25 Years: प्रचारक से सचिव-महासचिव फिर पलटी किस्मत और मोदी बने 'सरकार', जानें CM-PM के तौर पर लिए गए पहले फैसले

पीएम मोदी के हेड ऑफ गवर्नमेंट के 25 साल पूरे हुए. (फोटो-PTI)

Add DNA as a Preferred Source
  • गुजरात के सबसे लंबे समय तक CM रहे नरेंद्र मोदी
  • सबसे लंबे समय तक हेड ऑफ गवर्नमेंट रहने वाले नेता हैं मोदी
  • मोदी लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीतकर पीएम बनने वाले दूसरे नेता बने

'जब तक भारत विकसित नहीं होता, तब तक न थकूंगा, न रुकूंगा.' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना पूरा करने के लिए वी विल डू इट का नारा लगाया. सरकार के मुखिया के तौर पर 25 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने कहा कि भारत के रुकने का अब कोई कारण नहीं है. 100 साल पहने जब हमारी आबादी 40 करोड़ से भी कम थी और आज हम 140 करोड़ से अधिक हैं. हम सब मिलकर भारत को 21 सालों में विकसित बनाएंगे. 

मोदी ने कहा, '2047 तक विकसित भारत बनना- वी विल डू इट. दुनिया की टॉप-3 इकोनॉमी में शामिल होना- वी विल डू इट. आत्मनिर्भर बनना- वी विल डू इट. वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनना- वी विल डू इट. ओलंपिक की मेजबानी करना- वी विल डू इट. अंतरिक्ष में कदम बढ़ाना- वी विल डू इट. यह ऊर्जा, यह उत्साह और यह आत्मविश्वास असाधारण है.'

2001 में नहीं सोचा था ऐसा मुकाम आएगा: PM मोदी

मोदी ने कहा कि 7 अक्टूबर, 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते समय कभी नहीं सोचा था कि यह मुकाम आएगा. उन्होंने कहा, 'आज मैंने प्रशासन के प्रमुख के रूप में लगातार सेवा करते हुए 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं. मेरे लिए जनता भगवान है और भारतीय जनता पार्टी के मेहनती कार्यकर्ता मेरी ताकत हैं. मैं देश की जनता के चरणों में सिर झुकाकर नमन करता हूं.'

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो मेरे मन में केवल कृतज्ञता का भाव आता है. मैं हर उस व्यक्ति और हर उस अनुभव का आभारी हूं, जिसने कुछ न कुछ सिखाया. उन्होंने कहा, 'मेरे शिक्षकों ने मुझे विनम्रता सिखाई. जिन्होंने मुझे गिराया, उनसे मैंने फिर से उठना सीखा. शुभचिंतकों ने मुझे प्रोत्साहित किया जबकि आलोचकों ने मुझे आत्ममंथन करना सिखाया. जो मेरे साथ खड़े रहे, उन्होंने मुझे विश्वास की ताकत दिखाई.'

narendra modi

मैं दूसरों को चुनाव लड़ाता था, लेकिन खुद कभी नहीं लड़ा: मोदी

PM मोदी ने कहा, 'मैं दूसरों को चुनाव लड़ाता था, लेकिन खुद कभी एक भी चुनाव नहीं लड़ा था. अगर चुनावी राजनीति में चमकने की इच्छा होती तो मैं बहुत पहले मैदान में उतर सकता था, लेकिन मेरा स्वभाव ऐसा नहीं था. बचपन से मुझे यही शिक्षा और संस्कार मिले कि मैं महत्वाकांक्षा के लिए नहीं, बल्कि मिशन के लिए जीने वाला व्यक्ति हूं.'

दुनिया के नेताओं ने दी PM मोदी को बधाई

पीएम मोदी की इस उपलब्धि पर दुनिया के कई बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी. जापान की पीएम से लेकर नाइजीरिया के राष्ट्रपति तक ने पीएम मोदी को शुभकामनाएं भेजीं. किसी ने इसे रेअर अचीवमेंट बताया तो किसी ने उनकी लीडरशिप की तारीफ की. भूटान के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी की तुलना भगवान विष्णु के अवतार से कर दी.

मोदी ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की साख बढ़ाई: जापान की PM

जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने पीएम मोदी को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'मोदी कई सालों से भारतीय समाज और राष्ट्र के विकास के लिए जुटे हुए हैं. वह 2001 से अपने बेहतरीन राजनीतिक लीडरशिप के जरिए सरकार के प्रमुख के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं. भारत के विकास को स्पीड देने के साथ-साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश की साख बढ़ाई है. एक साथी नेता के तौर पर, इन सभी उपलब्धियों के लिए मैं उनके प्रति सम्मान जाहिर करती हूं.'

तकाइची ने जुलाई की अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें PM मोदी के साथ भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाने के लिए ठोस कदमों पर चर्चा करने का अवसर मिला. उन्होंने अगले साल जापान-भारत के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 साल पूरे होने का भी जिक्र किया. ताकाइची ने कहा कि वो फ्री हिंद-प्रशांत क्षेत्र के टारगेट को हासिल करने के लिए पीएम मोदी के साथ मिलकर काम करने की इच्छुक हैं. 

भूटानी प्रधानमंत्री ने PM मोदी को बताया विष्णु का अवतार 

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने अपने शुभकामना संदेश में मोदी को 'हमारे समय का अवतार' बताया. उन्होंने 2019 में पीएम मोदी के साथ दिल्ली में मुलाकात को याद करते हुए कहा कि वह उन्हें बड़े भाई और विष्णु के अवतार के रूप में देखते हैं. टोबगे ने चिट्ठी में लिखा, 'हमारे क्षेत्र में  प्रबुद्ध शासकों को लंबे समय से इसी रूप में देखा जाता रहा है.'  

पीएम टोबगे ने कहा कि मोदी ने भारतीयों के मन में खुद के प्रति और अपने देश के लिए मजबूत भरोसा जगाया. उन्होंने कहा, 'वह भारत को लेकर ज्यादा गर्व महसूस करते हैं, उसके समक्ष मौजूद संभावनाओं के प्रति अधिक महत्वाकांक्षी हैं और दुनिया में उसकी जगह को लेकर ज्यादा आश्वस्त हैं. यह एक प्रबुद्ध शासक के गुण हैं.'

ग्लोबल मंच पर भारत की भूमिका बढ़ाने वाले नेता: फिलीपींस

फिलीपींस के राष्ट्रपति बोंगबोंग मार्कोस ने मोदी को भारत के लोगों की सेवा की राह में लगातार सफलता की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'गुजरात से लेकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करने तक प्रधानमंत्री मोदी का सफर सुशासन, इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खास जोर देने वाला रहा है, जिससे भारत में बदलाव लाने और ग्लोबल मंच पर उसकी भूमिका बढ़ाने में योगदान मिला है.'

पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर किस देश के नेता ने क्या कहा?

बेल्जियम के पीएम बोले- भारत के साथ मजबूत साझेदारी

बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवेर ने मोदी को निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 साल पूरे करने पर बधाई दी और कहा कि वह दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी को और गहरा करने के लिए उत्साहित हैं.

नेपाली पीएम बालेन शाह ने क्या कहा?

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने X पर लिखा, 'समर्पित जनसेवा के 25 साल पूरे करने पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. नेपाल आपके और आपकी सरकार के लिए आने वाले समय में निरंतर सफलता और समृद्धि की कामना करता है.'

25 साल तक नेतृत्व रेयर अचीवमेंट: नाइजीरियाई राष्ट्रपति

नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू ने मोदी को बधाई देते हुए कहा, 'किसी भी लोकतंत्र में लगातार 25 साल तक नेतृत्व करना एक रेयर अचीवमेंट है. मोदी ने दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ नेतृत्व किया है.'

उन्होंने कहा, 'नाइजीरिया और भारत लोकतांत्रिक देश और ग्लोबल साउथ की प्रमुख आवाज के तौर पर एक ऐसी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो ज्यादा निष्पक्ष, समावेशी और प्रतिनिधित्व वाली हो. मुझे पूरा भरोसा है कि उनके नेतृत्व में हमारे लोगों के बीच रिश्ते और भी मजबूत होंगे.'

RSS ने 1978 में दी थी मोदी को पहली जिम्मेदारी

बीजेपी की वेबसाइट के मुताबिक, साल 1972 में नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में शामिल हुए. छह साल बाद यानी 1978 में उन्हें आरएसएस का विभाग प्रचारक बनाया गया और वडोदरा में काम करने भेजा गया. 1980 में संघ ने उनका प्रमोशन किया और संभाग प्रचारक बनाया. इस दौरान मोदी को साउथ गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी गई.

1987 में बीजेपी में आए नरेंद्र मोदी

बीजेपी की स्थापना के 7 साल बाद नरेंद्र मोदी 1987 में गुजरात यूनिट में संगठन सचिव बनकर पार्टी में शामिल हुए. उसी साल अहमदाबाद नगर निगम के चुनावों में बीजेपी ने जीत हासिल की.  इसी दौरान वह बीजेपी के सीनियर नेता लाल कृष्ण आडवाणी के संपर्क में आए और उन्होंने 1989 के लोकसभा चुनावों के लिए काम करना शुरू किया. दो साल बाद मोदी ने लोक शक्ति यात्रा के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. ये यात्रा कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के विरोध में गुजरात के 10 हजार के गांवों से होकर गुजरी थी.

पीएम मोदी

बीजेपी ने 1990 के गुजरात विधानसभा चुनावों में 67 सीटें जीतीं और चिमनभाई पटेल के नेतृत्व वाली जनता दल सरकार में शामिल हुई. 1995 में बीजेपी ने 121 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया. उसी साल मोदी ने बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव के रूप में नेशनल पॉलिटिक्स में एंट्री की. उन्हें 1998 में बीजेपी का महासचिव बनाया गया, जब पार्टी लगातार तीन लोकसभा चुनावों (1996, 1998 और 1999) में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी.

2001 में गुजरात के सीएम बने नरेंद्र मोदी

साल 2001 में गुजरात में भूकंप आया तो तत्कालीन सीएम केशूभाई पटेल को हटाकर नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री बनाया गया. मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के सीएम पद की शपथ ली. उस समय वो विधायक नहीं थे. उन्होंने फरवरी 2002 में राजकोट-II सीट से पहला उपचुनाव लड़ा और जीत दर्ज की. उसके बाद मोदी 2007 और 2012 के चुनाव में जीतकर विधायक बने. वह गुजरात के सबसे ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता हैं. वह 2014 के लोकसभा चुनाव में दो सीटों से लड़े- वाराणसी और वडोदरा. 26 मई, 2014 को उन्होंने देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. मोदी 2024 में लगातार तीसरी बार पीएम बने हैं. 

गुजरात का CM बनकर पहला फैसला क्या किया था?

नरेंद्र मोदी ने जब मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, उस समय कच्छ में आए भूकंप से तबाही मची हुई थी. सीएम बनने के तुरंत बाद उन्होंने पुनर्निमाण और राहत कार्यों को पहली प्राथमिकता बनाया था. गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (GSDMA) के सीईओ पीके मिश्रा को अपना प्रधान सचिव बनाया और भूकंप प्रभावित क्षेत्र भुज से सीधे प्रशासनिक काम की शुरुआत की.  

PM  बनते ही पहले फैसले में बनाई थी SIT

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद पहला फैसला काले धन पर लगाम लगाने के लिए किया था. पीएम मोदी की अध्यक्षता में 27 मई, 2014 को हुई पहली कैबिनेट मीटिंग में एसआईटी का गठन करने पर फैसला किया था.  यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लिया गया था, जिसमें अदालत ने केंद्र सरकार को एसआईटी बनाने को कहा गया था.

ये भी पढ़ें-  Explainer: सिर्फ इन दो कंडीशन में ही हटाए जा सकते हैं मुख्य चुनाव आयुक्त! यहां समझें क्या होती है पूरी प्रक्रिया

Advertisement
Advertisement

Advertisement