Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

दिल्ली में पहली बार नहीं बदला प्रोटेस्ट ग्राउंड, पहले भी चेंज हो चुके कई ठिकाने- बोट क्लब से जंतर-मंतर तक की क्या है पूरी कहानी

नई व्यवस्था के तहत अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड को प्रदर्शन के लिये चुना गया है. दिल्ली पुलिस ने इन तीनों स्थानों पर प्रदर्शनों के लिए विस्तृत SOP अलग से जारी करने की बात कही है.

Latest News
दिल्ली में पहली बार नहीं बदला प्रोटेस्ट ग्राउंड, पहले भी चेंज हो चुके कई ठिकाने- बोट क्लब से जंतर-मंतर तक की क्या है पूरी कहानी

Jantar Mantar: साल 2011 में अन्ना आंदोलन के दौरान जंतर-मंतर की पहचान और मजबूत हुई.

Add DNA as a Preferred Source

जंतर-मंतर का नाम सुनकर ही हम सबके जेहन में विरोध-प्रदर्शन की यादें ताजा हो जाती हैं. हाल के दिनों में जंतर-मंतर विरोध-प्रदर्शनों का केंद्र बन गया था. हालांकि दिल्ली की यह सबसे फेमस प्रोटेस्ट साइट पर अब पाबंदी लग गई है. जंतर-मंतर ने प्रदर्शनों के लिए तय जगह का अपना स्टेटस खो दिया है. सोमवार 12 अक्टूबर को, दिल्ली पुलिस ने इस जगह को डी-नोटिफाई कर दिया. पुलिस ने दिल्ली में प्रदर्शन के लिए तीन नए जगहों का चयन किया है. ये तीन नई साइटें रामलीला ग्राउंड, बुराड़ी ग्राउंड और ईस्ट दिल्ली में CBD ग्राउंड होंगी. यह फैसला गृह मंत्रालय (MHA) की बनाई एक कमेटी की सिफारिशों के बाद लिया गया है. 

क्या आप जानते हैं कि दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों का पता हमेशा जंतर-मंतर नहीं था? यह पहला मौका नहीं है जब दिल्ली में प्रोटेस्ट ग्राउंड का पता बदला है. कभी इंडिया गेट और बोट क्लब के लॉन भी राजनीतिक आंदोलनों के बड़े केंद्र हुआ करते थे. आजादी के बाद कई दशकों तक इंडिया गेट के पास स्थित बोट क्लब के लॉन राजनीतिक रैलियों और विरोध प्रदर्शनों के प्रमुख ठिकान रहे. संसद और केंद्र सरकार के प्रमुख कार्यालयों के करीब होने की वजह यह जगह प्रदर्शनकारियों के लिए खास थी. यहां जुटने वाली भीड़ सीधे सत्ता के केंद्र के सामने अपनी मांगें रख सकती थी. हालांकि, बड़े प्रदर्शनों के साथ सुरक्षा, ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियां भी बढ़ने लगीं. 

क्या कहते हैं इतिहासकार?

न्यूज एजेंसी PTI ने इतिहासकार सोहेल हाशमी के हवाले से बताया कि दिल्ली में सार्वजनिक विरोध प्रदर्शनों की परंपरा कई दशक पुरानी है. उन्होंने बताया कि पहले बोट क्लब से इंडिया गेट तक का पूरा इलाका बड़ी सभाओं से भर जाता था. अक्टूबर 1988 में किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत ने बोट क्लब के लॉन में किसानों की विशाल सभा का नेतृत्व किया था. हजारों किसान अपने मवेशियों के साथ कई दिनों तक वहां डटे रहे. इससे तत्कालीन राजीव गांधी सरकार पर उनकी मांगों पर ध्यान देने का दबाव बना. इस आंदोलन के बाद इस बात पर बहस तेज हो गई थी कि कौन विरोध प्रदर्शन कर सकता है और इसके लिए किन जगहों का इस्तेमाल किया जा सकता है.

इसके आंदोलन के बाद राजधानी के सबसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बड़े प्रदर्शनों को लेकर सरकारी एजेंसियों की चिंताएं बढ़ीं. धीरे-धीरे सेंट्रल दिल्ली में सभाओं और रैलियों को नियंत्रित करने की कोशिशें तेज हुईं. इसके पीछे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारू रखने और आम लोगों को होने वाली परेशानी कम करने जैसे तर्क दिए गए.

इतिहासकार रामचंद्र गुहा की किताब में क्या है?

1990 के दशक की शुरुआत में वर्तमान कर्तव्य पथ, जिसे पहले राजपथ और ब्रिटिश शासन के दौरान किंग्सवे कहा जाता था के आसपास के लॉन भी विरोध प्रदर्शनों के केंद्र बने. इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने अपनी किताब 'इंडिया आफ्टर गांधी: द हिस्ट्री ऑफ द वर्ल्ड्स लार्जेस्ट डेमोक्रेसी' में ऐसे आंदोलनों का जिक्र किया है. गुहा ने अपनी किताब में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोगों के टेंट याद किए गए हैं, जो अलग राज्य और खेती की उपज के बेहतर कीमत जैसी मांगों को लेकर दिल्ली पहुंचते थे. लुटियंस दिल्ली में देश की सबसे खास सरकारी इमारतों के पास के लॉन उन आंदोलनों के लिए कुछ समय के लिए घर बन गए, जो चाहते थे कि उनकी मांगों को देखा और सुना जाए. हालांकि ये कैंप ज्यादा दिन नहीं चले.

हटा दिये गये थे सभी टेंट

गुहा लिखते हैं कि 1990 के दशक की शुरुआत में टेंट हटा दिए गए थे, क्योंकि सरकार राजधानी के खास सेंटर के पास दिखने वाले प्रदर्शनों से बनने वाले असर को लेकर परेशान थी. इसके बाद प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर के पास फिर से इकट्ठा हुए, जहां वे व्यस्त कमर्शियल इलाके से गुजरने वाले लोगों को दिखाई देते रहे. बोट क्लब और राजपथ के आस-पास जमा होने पर लगी रोक ने जंतर-मंतर को प्रदर्शनों के लिए एक खास जगह के तौर पर उभरने में काफी मदद की.

Akhilesh

जंतर-मंतर कैसे बना सबसे बड़ा प्रदर्शन स्थल? 

जंतर-मंतर का निर्माण 1724 में महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय ने खगोलीय वेधशाला के रूप में कराया था. यहां सम्राट यंत्र, जय प्रकाश यंत्र और राम यंत्र सहित पत्थर व चूने से बने विशाल उपकरण हैं, जिन्हें खगोलीय पिंडों की गति मापने और उनकी स्थिति की गणना करने के लिए तैयार किया गया था. कई सदियों बाद, वेधशाला के बाहर की सड़क की एक अलग पहचान बन गई. यह ऐसी जगह बन गई, जहां नागरिक सत्ता में बैठे लोगों से सवाल करने के लिए जुटने लगे.

जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शनों की शुरुआत 1990 के दशक की शुरुआत में हुई. साल 1993 में सरकार की आर्थिक नीतियों और कथित सांप्रदायिकता के खिलाफ 'जेल भरो' आंदोलन के लिए इस स्थल पर 33 संगठन जमा हुए थे. इस स्थल पर जिस पैमाने पर लोग जमा हुए थे उसका उल्लेख संसद में भी किया गया. एक सांसद ने कहा था कि प्रदर्शन में लगभग 25,000 लोगों ने भाग लिया था. लगभग दो दशक बाद, जंतर-मंतर कार्यकर्ता अन्ना हजारे के नेतृत्व में देशव्यापी भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का केंद्र बन गया.

अन्ना आंदोलन से जंतर-मंतर को मिली बड़ी पहचान

  • पांच अप्रैल 2011 को अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार से निपटने के लिए एक मजबूत लोकपाल की मांग को लेकर पांच दिवसीय भूख हड़ताल की. आंदोलन ने तब जोर पकड़ा, जब सरकार इस संबंध में कानून बनाने के लिए मंत्रियों और नागरिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक संयुक्त मसौदा समिति गठित करने पर सहमत हुई. 
  • अन्ना हजारे ने 9 अप्रैल को अपना अनशन समाप्त किया, जिससे यह विरोध प्रदर्शन उस दौर के सबसे प्रमुख जन आंदोलनों में से एक बन गया और जंतर-मंतर राजनीतिक जवाबदेही की मांग करने वाले सार्वजनिक अभियानों के केंद्र बिंदु के रूप में स्थापित हो गया.
  • दिसंबर 2012 में राजधानी में चलती बस में गैंगरेप के बाद यह स्थल और इसका आसपास का क्षेत्र प्रदर्शनों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान बन गया. पीड़िता को 'निर्भया' नाम दिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे पूरे देश में व्यापक आक्रोश फैल गया.
  • हजारों प्रदर्शनकारी, विशेषकर युवा, पीड़िता के लिए न्याय और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कानूनों की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए.
  • साल 2014 में, अरुणाचल प्रदेश के छात्र निदो तानिया की मौत के बाद भी विरोध प्रदर्शन हुए. उस पर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में कथित तौर पर हमला किया गया था. 
  • 2017 में तमिलनाडु के किसानों ने कृषि संकट को उजागर करने के लिए 41 दिनों का विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें बढ़ते कर्ज, सूखे के कारण नुकसान और उनकी आजीविका को प्रभावित करने वाली अन्य समस्याओं से राहत की मांग की गई.
  • जंतर-मंतर पर ही 2023 में ओलंपिक पदक विजेताओं सहित प्रमुख पहलवानों ने कुश्ती महासंघ के तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना दिया.
  • साल 2024 में छात्र और अन्य प्रदर्शनकारी NEET-यूजी पेपर लीक विवाद पर एकत्र हुए, जिसमें मेडिकल प्रवेश परीक्षा में अनियमितताओं का आरोप लगाया गया और जवाबदेही की मांग की गई.
  • 2026 में NEET-यूजी पेपर लीक से जुड़े एक अन्य विवाद के मद्देनजर यह मुद्दा फिर से केंद्र में आ गया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर मंतर पर प्रदर्शन हुआ और अंतत: प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. 

क्यों इतना पॉपुलर हो गया जंतर-मंतर?

कनॉट प्लेस के करीब होने और संसद तथा सरकारी कार्यालयों तक पहुंच के कारण यहां प्रदर्शनकारियों को अपनी मांगें लोगों, मीडिया और राजनीतिक नेतृत्व तक पहुंचाने का मौका मिलता था. इंडिया गेट के विशाल लॉन की तुलना में इस जगह पर प्रदर्शनों को व्यवस्थित करना भी काफी आसान था. साल 2011 में अन्ना हजारे के नेतृत्व में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान जंतर-मंतर की पहचान और मजबूत हुई. आंदोलन के विस्तार के साथ बड़े प्रदर्शनों और अन्ना हजारे के लंबे अनशन के लिए रामलीला मैदान का इस्तेमाल भी किया गया.

बाद के वर्षों में जंतर-मंतर पर लोकपाल विधेयक, 2017 में तमिलनाडु के किसानों की मांगों, नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोध और साल 2023 में बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों के आंदोलन जैसे कई मुद्दों पर बड़े प्रदर्शन हुए. हाल ही में NEET पेपर लीक और तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP के प्रदर्शन भी काफी चर्चा का केंद्र बने.

Jantar

प्रदर्शन स्थलों के बदलने से अब क्या होगा?

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बैन होने का फैसला ऐसे समय आया है, जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कथित चुनावी अनियमितताओं और SIR को लेकर विपक्षी दलों और CJP के विरोध प्रदर्शन चर्चा में हैं. 10 अक्टूबर को CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान भी दिल्ली के कई हिस्सों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. इस दौरान जंतर-मंतर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था. कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया.

अब कहां-कहां होगा प्रदर्शन?

नई व्यवस्था के तहत अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड को प्रदर्शन के लिये चुना गया है. दिल्ली पुलिस ने इन तीनों स्थानों पर प्रदर्शनों के लिए विस्तृत SOP अलग से जारी करने की बात कही है. इनमें बुराड़ी और CBD ग्राउंड मध्य दिल्ली में स्थित जंतर-मंतर की तुलना में सत्ता के प्रमुख केंद्रों से काफी दूर हैं. ऐसे में प्रदर्शनकारियों को अपनी मांगें संसद और केंद्रीय सरकारी कार्यालयों तक सीधे पहुंचाने के लिए पहले की तुलना में अलग रणनीति अपनानी पड़ सकती है.

जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने का अर्थ यह नहीं है कि शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने के संवैधानिक अधिकार पर पूरी तरह रोक लग गई है. प्रदर्शन अब भी कानून के दायरे, आवश्यक अनुमतियों और लागू प्रतिबंधों के अधीन होंगे. दरअसल, विरोध प्रदर्शन की जगह केवल जमीन का एक टुकड़ा नहीं होती. उसका स्थान तय करता है कि आंदोलन कितना दिखाई देगा, वहां लोगों का पहुंचना कितना आसान होगा और सत्ता के केंद्र तक उसकी आवाज कितनी प्रभावी ढंग से पहुंचेगी.    

(इनपुट: PTI से भी) 

Advertisement
Advertisement

Advertisement