डीएनए एक्सप्लेनर
स्थानीय बीजेपी विधायक का आरोप है कि अस्पताल में बच्चों के इलाज के लिए वेंटिलेटर नहीं है. नवजात बच्चों की इलाज के लिए रात के समय डाॅक्टर भी अस्पताल में नहीं रहते हैं.
मध्य प्रदेश के सिवनी जिला अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में बीते 6 महीने के दौरान करीब 80 नवजात शिशुओं की मौत का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है. स्थानीय बीजेपी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने पूरे मामले की जांच की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि रात के समय गंभीर रूप से बीमार नवजातों को देखने के लिए डॉक्टर मौजूद नहीं रहते. वहीं, अस्पताल प्रशासन इन मौतों से अपना पल्ला झाड़ रहा है.
सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार नवकर के मुताबिक, पिछले 6 महीनों में SNCU में 1,188 नवजात शिशुओं का इलाज किया गया. इनमें से 642 बच्चों का वजन जन्म के समय सामान्य से कम था. अस्पताल में बहुत कम वजन वाले नवजातों का भी इलाज किया गया, जिनमें 1,100 ग्राम, 900 ग्राम और यहां तक कि 500 ग्राम वजन वाले बच्चे शामिल थे.
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल से जून के बीच करीब 34 नवजातों की मौत हुई, जबकि जुलाई से सितंबर के दौरान 46 बच्चों की जान गई. इन आंकड़ों के बाद अस्पताल में इलाज की व्यवस्था और डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
उन्होंने कहा कि वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) और भारत सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, बच्चे का जन्म के समय सामान्य वजन 2.5 किलोग्राम होना चाहिए. जब बच्चा समय से पहले पैदा होता है और उसका वजन इससे कम होता है, तो मृत्यु दर 48 प्रतिशत तक हो सकती है.
बीजेपी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि उन्हें अस्पताल में डॉक्टरों के ड्यूटी पर मौजूद नहीं रहने, मरीजों से पैसे मांगने और नवजात बच्चों की मौत से जुड़ी शिकायतें मिली थीं. इसके बाद उन्होंने अस्पताल का औचक निरीक्षण करने का फैसला किया.
राय के मुताबिक, जब वह अस्पताल पहुंचे तो आउटसोर्स स्टाफ ने उन्हें परिसर में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की. उन्होंने आरोप लगाया कि निरीक्षण के दौरान वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था.
विधायक ने कहा कि सांस लेने में परेशानी के कारण 46 बच्चों की मौत हुई. उनके मुताबिक, अस्पताल में ऐसे बच्चों के इलाज के लिए वेंटिलेटर उपलब्ध है.उन्होंने आरोप लगाया कि रात में डॉक्टर नहीं रहते और नर्सें इस काम के लिए पर्याप्त रूप से प्रशिक्षित नहीं हैं.
राय ने कहा कि जिला अस्पताल में मुख्य रूप से गरीब परिवार इलाज के लिए आते हैं. यदि जांच में डॉक्टरों की लापरवाही से बच्चों की मौत होने की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि मामले में विभागीय जांच और ऑडिट की जा रहा है.
सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार नवकर के अनुसार SNCU में जिले के दूरदराज के ग्रामीण इलाकों से गंभीर रूप से बीमार नवजातों को रेफर करके लाया जाता है. इनमें कई बच्चे समय से पहले पैदा होते हैं और उन्हें विशेष इलाज और देखभाल की जरूरत होती है.
नवकर के मुताबिक, समय से पहले जन्म लेने वाले और कम वजन वाले बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी खतरा अधिक रहता है. उन्होंने प्रसव के दौरान आने वाली परेशानियों को भी नवजातों की गंभीर स्थिति का एक कारण बताया.
अस्पताल प्रशासन ने दावा किया कि SNCU में नवजातों की मृत्यु दर 7.5 प्रतिशत से कम है, जो जबलपुर संभाग के दूसरे जिलों की तुलना में कम है. प्रशासन ने नवजात देखभाल इकाइयों के लिए मृत्यु दर का सुझाया गया मानक 10 प्रतिशत बताया है.
सिविल सर्जन ने जिला अस्पताल से जुड़े मेडिकल कॉलेज के पीडियाट्रिक्स विभाग से अधिक सहयोग की जरूरत पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओर से विभाग से मदद मांगी गई थी, लेकिन ड्यूटी के लिए जरूरी इंतजाम नहीं हो पाए.
वहीं विधायक ने अस्पताल प्रशासन के इस तर्क पर सवाल उठाया कि यहां मृत्यु दर दूसरे जिलों के मुकाबले कम है. उनका कहना है कि गंभीर रूप से बीमार नवजातों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किए जाने के कारण केवल स्थानीय आंकड़ों से पूरी स्थिति का आकलन नहीं किया जा सकता.
इस मामले में कुछ परिवारों ने भी नवजातों को समय पर या पर्याप्त इलाज नहीं मिलने की शिकायत की है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार बरघाट ब्लॉक के डुंगरिया गांव के रहने वाले मनीष वारकाडे ने आरोप लगाया कि जुलाई में उनकी पत्नी को बरघाट से सिवनी रेफर किया गया था. SNCU में भर्ती होने के बाद उनके नवजात बच्चे की मौत हो गई. उन्होंने पत्नी को समय पर सही देखभाल नहीं मिलने का आरोप भी लगाया.
वहीं, जावरकाठी के संजय उइके ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान परेशानी होने पर उनकी पत्नी को सिवनी रेफर किया गया था. उनका बच्चा सातवें महीने में पैदा हुआ था और उसका वजन करीब 1.6 किलोग्राम था. परिवार के मुताबिक, डॉक्टरों ने नवजात की धड़कन कमजोर होने की जानकारी दी थी. उइके ने बताया कि SNCU में कई दिन रहने के बाद बच्चे को दूसरी मशीन पर शिफ्ट किया गया और कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई.