डीएनए एक्सप्लेनर
By-Election Result 2026 LIVE: बंगाल और तमिलनाडु समेत तीन राज्यों की पांच विधनासभा सीटों और असम की लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव से जुड़े हर अपडेट्स के साथ हमारे साथ बने रहें. चुनाव आयोग की तरफ से आने वाला हर अपडेट आपको यहां मिलेगा.
By-Election Result 2026 LIVE: पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव समेत तीन राज्यों की पांच विधानसभा सीटों और असम की लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में ज्यादातर के नतीजे घोषित हो गए हैं. बंगाल की दोनों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कब्जा जमाया है. वहीं, तमिलनाडु में एक सीट पर विजय की पार्टी TVK जीत दर्ज कर चुकी है और दूसरे पर उसके प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं. पुडुचेरी में थट्टानचावडी सीट पर NR कांग्रेस के अशोक आनंद ने बड़ी जीत दर्ज की है. उधर, असम की नगांव लोकसभा सीट पर BJP के देवाशीष शर्मा AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल से आगे चल रहे हैं.
तमिलनाडु में सरकार बनने के बाद विजय की तमिलगा वेत्री कजगम (TVK) की यह 'पहली परीक्षा' है. तमिलनाडु में मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती जारी है. TVK के लिए इन चुनावों का काफी राजनीतिक महत्व है. वह राज्य की 108 सीटें जीतकर सत्ता में आई है. राज्य में बहुमत का आंकड़ा 118 है. मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती के साथ सबकी नजर इस बात पर है कि क्या विजय की लोकप्रियता सत्ता में आने के पांच महीने बाद एक और चुनावी जीत में बदल सकती है? दोनों सीटें अप्रैल में AIADMK ने जीती थीं. इसके बाद उनके MLA TVK में शामिल हो गये. अब, विजय की इज्जत दांव पर है. AIADMK अपनी जमीन वापस पाने के लिए लड़ रही है और स्टालिन की DMK वापसी की तलाश में है.
पश्चिम बंगाल में पूर्वी मिदनापुर जिले के नंदीग्राम सीट और मुर्शिदाबाद जिले के रेजिनगर की सीट भारतीय जनता पार्टी के लिए काफी अहम. 15 साल बाद TMC को सत्ता से हटाने के और ममता बनर्जी की पार्टी में फूट के बीच यह चुनाव हुआ है. इस सीट के नतीजे भी सत्ताधारी BJP और TMC के लिए काफी अहम होने वाले हैं. ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे के आखिरी समय में नामांकन वापस लेने के बाद नंदीग्राम चुनाव ने खास ध्यान खींचा है.
BJP ने हसीरानी रथ को मैदान में उतारा है. वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC गुट का समर्थन हासिल है, क्योंकि उसके उम्मीदवार ने आखिरी समय में अपना नाम वापस ले लिया था. रीताब्रत बनर्जी की लीडरशिप में TMC का एक विरोधी गुट भी मैदान में है. हसीरानी रथ शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की मां हैं. दोनों सीटों पर काफी मुस्लिम वोट हैं, इसलिए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने उपचुनावों को माइनॉरिटी के लिए एक टेस्ट के तौर पर देखा था. बंगाल में मुस्लिम वोटरों को TMC की ताकत माना जाता है.
नंदीग्राम सीट BJP के लिए बेहद खास है, क्योंकि यहां से सुवेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज की थी. सीएम सुवेंदु ने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था. भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों जगहों से जीतने के बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव हुआ. इसके अलावा रेजीनगर सीट से हुमायूं कबीर की पार्टी की ओर से उनके बेटे गुलाम नबी आजाद को प्रत्याशी बनाया गया. रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के सीट छोड़ने के बाद खाली हुई थी.
असम की नागांव लोकसभा सीट पर भी काफी हाई-वोल्टेज मुकाबला है. कांग्रेस के पुराने नेता प्रद्युत बोरदोलोई के BJP में शामिल होने और सीट से इस्तीफा देने के बाद नागांव सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी है. यहां त्रिकोणीय मुकाबला BJP की तरफ से पूर्व डिप्टी कमिश्नर देबाशीष शर्मा, कांग्रेस की तरफ से चुनाव लड़ रहे पूर्व MLA सिबामोनी बोरा और AIUDF चीफ बदरुद्दीन अजमल के बीच है.
उधर, पुडुचेरी में थट्टांचावडी विधानसभा सीट के लिए भी काउंटिंग जारी है. मुख्यमंत्री एन रंगासामी के मंगलम को बनाए रखने के लिए सीट छोड़ने के बाद यह सीट खाली हो गई थी. ऑल इंडिया NR कांग्रेस ने यह सीट बरकरार रखी.