डीएनए एक्सप्लेनर
हासी रानी रथ ने नंदीग्राम में हुए उपचुनाव में एक लाख 64 हजार 427 वोट हासिल किए, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को सिर्फ 41 हजार 674 वोट ही मिले.
नंदीग्राम और सिंगूर आंदोलन की बदौलत ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल की सत्ता में आई थीं, अब ये दोनों ही सीटें बीजेपी का गढ़ बन चुकी हैं. शुभेंदु अधिकारी के नंदीग्राम सीट छोड़ने के बाद हुए उपचुनाव में बीजेपी ने जीत हासिल की. सीएम शुभेंदु ने नंदीग्राम सीट पर अपने पीए रहे चंद्रनाथ रथ की मां हासी रानी रथ को उतारा था, जिन्होंने 1,22,753 वोटों से जीतकर शुभेंदु अधिकारी का 2016 वाला रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिसमें उन्होंने 81 हजार वोटों से सीपीआई उम्मीदवार अब्दुल काबिर शेख को हराया था.
हासी रानी रथ ने नंदीग्राम में हुए उपचुनाव में एक लाख 64 हजार 427 वोट हासिल किए, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को सिर्फ 41 हजार 674 वोट ही मिले. इस सीट पर ममता बनर्जी की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने अपना पर्चा वापस ले लिया था, जिसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया था. बावजूद इसके बीजेपी ने यहां रिकॉर्ड प्रदर्शन किया. यहां सीपीआई के संती गोपाल गिरी को सिर्फ 5779 वोट मिले, जबकि ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट का उम्मीदवार चौथे नंबर पर रहा, उसे सिर्फ 1607 वोट मिले.
70 साल की हासी रानी रथ पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर इलाके की रहने वाली हैं. उनके बेटे चंद्रनाथ रथ शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी थे. बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान 6 मई को उत्तर 24 परगना में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है.
इसके अलावा मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट पर भी उपचुनाव हुआ था, जिसमें बीजेपी प्रत्याशी शंकरराव सरकार ने हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को 75 हजार से ज्यादा वोटों से हराया. इस सीट पर बीजेपी को एक लाख 29 हजार 914 वोट मिले, जबकि AJUP को 54 हजार 98 वोट ही मिले. कांग्रेस तीसरे और ममता बनर्जी के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी 3847 वोटों के साथ चौथे नंबर पर रहे.
साल 2016 के विधानसभा चुनाव में जब शुभेंदु अधिकारी ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी थे, उस समय उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की टिकट पर नंदीग्राम सीट पर चुनाव लड़ा था. ये आखिरी चुनाव था, जिसमें वह टीएमसी प्रत्याशी के तौर पर उतरे थे.
ईसीआई के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इस चुनाव में शुभेंदु को एक लाख 34 हजार 623 मिले थे. उन्हें कुल वोटिंग का कुल 66.79 फीसदी समर्थन मिला. उन्होंने प्रतिद्वंद्वी सीपीआई के उम्मीदवार अब्दुल काबिर शेख को 53 हजार 393 वोट ही मिले, जबकि बीजेपी नंदीग्राम में 10 हजार 713 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रही. इस चुनाव में शुभेंदु ने 81 हजार 230 वोटों से जीतकर रिकॉर्ड बनाया था.

2016 में ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से चुनाव में उतरी थीं. उन्हें 65 हजार 520 वोट मिले थे जोकि कुल वोटिंग का 47.67 फीसदी था. ममता ने कांग्रेस की दीपादास मुंशी को 25 हजार 300 वोटों से हराया था. यहां भी उस समय बीजेपी तीसरे नंबर पर थी. बीजेपी कैंडिडेट चंद्र कुमार बोस को 26 हजार 299 वोट मिले थे, जोकि कुल वोटिंग का 19.13 फीसदी था.
बंगाल में 2021 आते-आते हुगली नदी में काफी पानी बह चुका था. ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के रास्ते अलग-अलग हो चुके थे. विधानसभा चुनाव से पहले शुभेंदु बीजेपी में शामिल हो गए. उन्हें बीजेपी ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी के सामने उतार दिया. पहली बार ममता दीदी के सामने उतरे शुभेंदु ने उन्हें पटखनी दे दी. सबसे बड़ी बात तो ये कि उस समय ममता बनर्जी बंगाल की मुख्यमंत्री थीं. ममता बनर्जी को यहां एक लाख आठ हजार 808, जबकि शुभेंदु को एक लाख 10 हजार 764 वोट मिले थे. टीएमसी ने विधानसभा चुनाव में 294 में से 213 सीटों पर जीत दर्ज की थी. बाद में ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट पर उपचुनाव में जीत हासिल की.
2026 के चुनाव में ममता बनर्जी ने फिर भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ा.इस बार शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर में भी मैदान में उतरे. उन्होंने ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों से हराया. ममता बनर्जी को यहां 58 हजार 812 वोट मिले, जबकि शुभेंदु अधिकारी को 73 हजार 917 वोट.
शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में भी जीत दर्ज की. उन्होंने टीएमसी प्रत्याशी पबित्र कर को नौ हजार से ज्यादा वोटों से हराया. शुभेंदु को नंदीग्राम में एक लाख 27 हजार 301 वोट मिले, जबकि टीएमसी उम्मीदवार को एक लाख 17 हजार 636 वोट.
नंदीग्राम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले का एक नगर है. इस विधानसभा क्षेत्र की करीब 97 फीसदी आबादी गांवों में रहती है. 2011 की जनगणना के अनुसार, यहां 74 फीसदी आबादी हिंदू है, जिनमें से करीब 16.47 फीसदी अनुसूचित जाति के लोग हैं, जबकि 26 फीसदी आबादी मुस्लिम है. द टेलीग्राफ के आंकड़ों के मुताबिक, 2021 में कुल 2.57 लाख वोटर थे, जिनमें से 68 हजार मुस्लिम मतदाता थे.
ये भी पढ़ें- बंगाल में BJP का जलवा कायम, नंदीग्राम-रेजीनगर में बड़ी जीत, तमिलनाडु में विजय की दहाड़- यहां जानें उपचुनाव के नतीजे