Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

मर्डर की सजा उम्रकैद भी, फिर क्यों मुस्कान-साहिल को मिली सजा-ए-मौत? सुप्रीम कोर्ट के वकील ने बारीकी से समझाया

Blue Drum Murder Case: मुस्कान और साहिल ने मिलकर 3 मार्च 2025 की रात मेरठ में सौरभ राजपूत की हत्या कर दी थी. इसके बाद दोनों ने मिलकर लाश के कई टुकड़े किये और उसे नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से सील कर दिया था.

Latest News
मर्डर की सजा उम्रकैद भी, फिर क्यों मुस्कान-साहिल को मिली सजा-ए-मौत? सुप्रीम कोर्ट के वकील ने बारीकी से समझाया

Blue Drum Murder Case: सौरभ राजपूत हत्याकांड में जुलाई 2025 में ट्रायल शुरू हुआ था. (Photo: ANI)

Add DNA as a Preferred Source

Blue Drum Murder Case: मेरठ में पति को मारकर उसकी लाश 'ब्लू ड्रम' में छिपाने वाली मेरठ की मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को मौत की सजा सुनाई गई है. मेरठ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज ने सजा सुनाते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराध के लिए फांसी देना सही फैसला है. अधर्म के काम पर सजा देना धर्म होता है. मुस्कान-साहिल दोनों ने सौरभ की नृशंस हत्या की थी, इसलिए माफी स्वीकार नहीं की जाएगी. फांसी की सजा के साथ-साथ कोर्ट ने मुस्कान और साहिल पर जुर्माना भी लगाया है. सजा के समय जेल में बंद मुस्कान और साहिल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा गया था.

देश में महिलाओं को मौत की सजा (Death Penalty) बहुत ही कम मामलों में दी जाती है. इसके पीछे भारतीय न्यायिक व्यवस्था के कड़े नियम और सुप्रीम कोर्ट के सिद्धांत हैं. जब किसी महिला को मौत की सजा सुनाई जाती है, तो जज 'रेयरेस्ट ऑफ रेयर' (Rarest of Rare) के सिद्धांत के तहत इस नतीजे पर पहुंचते हैं. इस केस में जज आखिर इस नतीजे पर कैसे पहुंचे. इसके लिए हमने सुप्रीम कोर्ट के वकील आजाद सिंह से बात की.

कोर्ट ने इसे क्यों माना रेयरेस्ट ऑफ द रेयर'?

'DNA Hindi' से बात करते हुए सुप्रीम कोर्ट के वकील आजाद सिंह ने बताया कि मुस्कान और साहिल को आखिर क्यों फांसी की सजा सुनाई गई. उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड ने पूरे समाज हिलाकर रख दिया था. सौरभ की नृशंस हत्या की गई थी. हत्या को छिपाने के लिए आरोपियों ने उसके शव के साथ भी बर्बरता की थी. पुलिस को इस हत्या का कोई भी सबूत नहीं मिले इसकी पूरी साजिश की गई थी. पुलिस को भी इस केस का खुलासा करने में काफी मेहनत लगी, क्योंकि अपराधियों ने सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की थी. अपराध की गंभीरता को देखते हुए ही अदालत ने दोनों दोषियों को मौत की सजा सुनाई है.

सुप्रीम कोर्ट के वकील आजाद सिंह ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय ने 'बचन सिंह फैसले' में 'रेयरेस्ट ऑफ द रेयर' को लेकर 'मृत्युदंड' के लिए कुछ मानदंड तय किए हैं. इस फैसले में भी इसे ही आधार बनाया गया. उन्होंने बताया कि 'रेयरेस्ट ऑफ द रेयर' (सबसे दुर्लभ मामलों) में ही मृत्युदंड देने की अवधारणा बचन सिंह बनाम पंजाब राज्य के सुप्रीम कोर्ट फैसले से निकली थी. इस केस में भी कोर्ट ने इसे रेयरेस्ट ऑफ द रेयर' केस माना. वकील आजाद सिंह ने बताया कि अब इनके पास हाईकोर्ट जाने का विकल्प बचता है. दोषी हाईकोर्ट जाकर अपनी सजा को उम्रकैद में बदलने की मांग कर सकते हैं.  

कब हुई थी सौरभ की हत्या?

3 मार्च 2025 की रात मुस्कान और साहिल ने मिलकर सौरभ राजपूत की हत्या कर दी थी. पुलिस ने बताया कि मुस्कान ने अपने पति सौरभ को सबसे पहले नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया था. इसके बाद उसने साहिल की मदद से चाकू से उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद दोनों ने मिलकर शव के कई टुकड़े किये और एक नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से सील कर दिया गया. वारदात के बाद मुस्कान और साहिल छुट्टी मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के शिमला चले गए थे. पुलिस ने उन्हें 18-19 मार्च 2025 को गिरफ्तार किया था.

Neela Drum

हत्या का कैसे हुआ था खुलासा?

शिमला से 17 मार्च को जब मुस्कान घर लौटी तो उसकी बेटी ने पिता सौरभ के बारे में पूछा. इसके बाद मुस्कान अपने मायके गई और ससुराल वालों पर सौरभ की हत्या का आरोप लगाना शुरू कर दिया. हालांकि, उसके माता-पिता को उसकी बात पर भरोसा नहीं हुआ और वह उसको थाने ले गए. जब पुलिस ने उससे सौरभ को लेकर डिटेल मांगनी शुरू की तो मुस्कान ने अपना जुर्म कबूल लिया, जिसके बाद उसके घर से नीला ड्रम बरामद किया गया और साहिल की भी गिरफ्तारी हुई.

कब शुरू हुआ था ट्रायल?

सौरभ राजपूत हत्याकांड में जुलाई 2025 में ट्रायल शुरू हुआ था. मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 22 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज कराए. करीब 13 महीने तक चली अदालती प्रक्रिया में 126 तारीखों पर सुनवाई हुई. इसके बाद 30 सितंबर को अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराया और अब सजा का ऐलान किया.

सौरभ के परिजनों ने की थी मौत की सजा की मांग

सौरभ के परिजन शुरुआत से ही मुस्कान और साहिल के लिए मौत की सजा की मांग कर रहे थे. सजा सुनाए जाने से पहले सौरभ की मां ने कहा था कि वह नवरात्र के दौरान पूजा-पाठ में दोनों को फांसी की सजा मिलने की प्रार्थना कर रही हैं. उन्होंने कहा था कि यदि मौत की सजा से भी कोई कड़ी सजा होती, तो वह दोषियों को मिलनी चाहिए. वहीं, सौरभ के भाई राहुल राजपूत ने भी दोनों को मृत्युदंड दिए जाने की मांग की थी. उन्होंने कहा था कि परिवार ने शुरू से ही न्याय के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी है. अगर अदालत से उनकी मांग के अनुरूप फैसला नहीं आता, तो वे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे.
 

Advertisement
Advertisement

Advertisement