Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

विपक्ष के प्रदर्शन के बीच मोदी कैबिनेट से मंत्री का इस्तीफा, जानिए कौन हैं ये मिनिस्टर?

सूचना और प्रसारण मंत्रालय में राज्यमंत्री एल मुरुगन ने मोदी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया. जानिए एल मुरुगन कौन हैं और उन्होंने इस्तीफा देने की वजह क्या बताई है.

Latest News
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच मोदी कैबिनेट से मंत्री का इस्तीफा, जानिए कौन हैं ये मिनिस्टर?

एल मुरुगन 2024 के लोकसभा चुनाव में हार गए थे फिर भी उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया (Image- ANI)

Add DNA as a Preferred Source

देश की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है. विपक्ष के प्रदर्शन और राजनीतिक उठापटक के बीच मंगलवार (13 अक्टूबर 2026) को मोदी सरकार के एक मंत्री ने कैबिनेट से इस्तीफा दिया. केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने अपने पद से हटने के साथ ही राज्यसभा की सदस्यता छोड़ने की भी इच्छा जताई है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर तमिलनाडु में पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरा समय देने की बात कही है.

मुरुगन का कहना है कि अब वह केंद्र सरकार की जिम्मेदारी से हटकर जमीन पर उतरना चाहते हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं. उन्होंने तमिलनाडु में बीजेपी को मजबूत करना इस्तीफे की मुख्य वजह बताई है. उनके इस फैसले के बाद केंद्र में मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें भी तेज हो गई हैं.

प्रधानमंत्री मोदी को पत्र में क्या लिखा?

एल मुरुगन केंद्र सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपनी जिम्मेदारियों से मुक्त करने का अनुरोध किया है. मुरुगन के मुताबिक, वह अब तमिलनाडु लौटकर बीजेपी के संगठन को मजबूत करना चाहते हैं. उनका पूरा ध्यान राज्य में पार्टी का आधार बढ़ाने और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर रहेगा.

मुरुगन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपने फैसले के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि वह दोबारा जमीनी स्तर पर काम करना चाहते हैं और पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहकर संगठन को आगे बढ़ाना चाहते हैं. उन्होंने साफ किया कि उनके लिए पहले देश, फिर पार्टी और आखिर में खुद की प्राथमिकता है. 

 

मुरुगन ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से तमिलनाडु जाकर पार्टी के लिए ज्यादा समय देने का अनुरोध किया है. उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा तमिल गौरव को दुनिया के सामने पहचान दिलाई है. हाल ही में प्रधानमंत्री के तमिलनाडु दौरे के दौरान लोगों में उनके प्रति उत्साह और स्नेह देखकर मुरुगन को लगा कि उन्हें भी राज्य में संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए. 

कौन हैं एल मुरुगन?

एल मुरुगन भारतीय जनता पार्टी के उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने छात्र राजनीति से शुरुआत करके केंद्र सरकार तक का सफर तय किया. वह तमिलनाडु बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं. साल 2020 में उन्हें राज्य में पार्टी की कमान सौंपी गई थी. उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई. बाद में के. अन्नामलाई को तमिलनाडु बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया. 

किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आते मुरुगन

मुरुगन का जन्म तमिलनाडु के नमक्कल जिले में हुआ था. वह अरुंथथियार समुदाय से आते हैं और उनके माता-पिता तेलुगु भाषी हैं. उनका परिवार साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से जुड़ा रहा है. मुरुगन ने अपने राजनीतिक सफर में छात्र राजनीति से अनुभव हासिल किया. वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े रहे, जहां उन्हें संगठन के कामकाज को करीब से समझने का मौका मिला. 

 

उनकी राजनीतिक यात्रा इस लिहाज से भी अहम है कि वह किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आते. उन्होंने अपने पत्र में बताया कि उनके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी और पशुपालन जैसे काम करते रहे हैं. आज भी उनका परिवार तमिलनाडु के कोनूर गांव में सादगी से जीवन बिताता है. मुरुगन ने कहा कि उनके परिवार ने कभी कल्पना नहीं की थी कि एक दिन उनका बेटा केंद्र सरकार में मंत्री बनेगा. 

2021 में मोदी कैबिनेट में मिली जगह

एल मुरुगन को जुलाई 2021 में केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार के दौरान मोदी सरकार में शामिल किया गया था. तमिलनाडु में बीजेपी के संगठनात्मक काम का अनुभव उनके राजनीतिक सफर का अहम हिस्सा रहा. उन्हें केंद्र में मंत्री बनने का अवसर उस समय मिला, जब पार्टी दक्षिण भारत में अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश कर रही थी.

मुरुगन ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा कि बीजेपी ने उन्हें विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ने के अवसर भी दिए. उन्होंने माना कि पार्टी ने उन्हें देश और संगठन की सेवा के लिए कई जिम्मेदारियां सौंपीं, जिनकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी.

उन्होंने तमिलनाडु में केंद्र सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया. इनमें चेन्नई मेट्रो से जुड़ा सहयोग, तूतीकोरिन बंदरगाह का विस्तार और हाईवे परियोजनाएं शामिल हैं. उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री का देश और तमिलनाडु के विकास के प्रति समर्पण उन्हें लगातार प्रेरित करता रहा है.

लोकसभा चुनाव हारने के बाद भी बने थे मंत्री

एल मुरुगन के राजनीतिक सफर में 2024 का लोकसभा चुनाव भी अहम रहा. उन्होंने तमिलनाडु की नीलगिरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन डीएमके के ए. राजा के हाथों उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद उन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार में मंत्री बनाया गया. मुरुगन की राज्यसभा सदस्यता का कार्यकाल 2030 तक निर्धारित था. लेकिन अब उन्होंने प्रधानमंत्री से इस पद से भी मुक्त करने का अनुरोध किया है. 

क्या मोदी कैबिनेट में होगा फेरबदल?

मुरुगन के इस्तीफे के फैसले के बाद मोदी मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. इससे पहले जून में जॉर्ज कुरियन और जुलाई में रवनीत सिंह बिट्टू ने कैबिनेट से इस्तीफा दिया था. ऐसे में मुरुगन का कदम राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. 

ये भी पढ़ें- 'जेल में किसी से बात नहीं कर रही मुस्कान', कल सुनाई जाएगी सजा, 1 साल पहले नीले ड्रम में कैसे ली थी पति की जान

Advertisement
Advertisement

Advertisement