डीएनए एक्सप्लेनर
मेरठ ब्लू ड्रम मर्डर केस में मर्चेंट नेवी ऑफिसर सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में बुधवार को मेरठ जिला अदालत ने आरोपी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को मौत की सजा सुनाई.
एक पत्नी, उसका प्रेमी और दोनों के बीच में रोड़ा बने पति की बेरहमी से हत्या... मेरठ का नीला ड्रम मर्डर केस उन मामलों में शामिल हो गया, जिन्हें सुनकर लोग आज भी हैरान रह जाते हैं. वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई, सबूत छिपाने की योजना बनी और फिर दोनों घूमने भी निकल गए. लेकिन पुलिस की जांच में ऐसे सुराग सामने आए, जिन्होंने पूरी कहानी बदल दी. इस केस को 10 अहम घटनाओं के जरिए शुरू से समझते हैं.
इस कहानी की शुरुआत किसी अपराध से नहीं, बल्कि प्यार से हुई थी. मेरठ के इंद्रानगर निवासी सौरभ राजपूत और ब्रह्मपुरी की मुस्कान रस्तोगी ने साल 2016 में लव मैरिज की थी. दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया और परिवार बसाया, उनकी एक बेटी भी हुई.
सौरभ मर्चेंट नेवी ऑफिसर थे और नौकरी के सिलसिले में लंदन में रहते थे, जबकि मुस्कान मेरठ में रहती थी. बाहर से देखने पर ये एक आम परिवार की कहानी लगती थी. किसी ने नहीं सोचा था कि आगे चलकर यही रिश्ता देशभर में चर्चा का विषय बन जाएगा.
सौरभ और मुस्कान की जिंदगी में साहिल शुक्ला की एंट्री कोई अचानक हुई घटना नहीं थी. साहिल मुस्कान का पुराना दोस्त था. समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनके संबंधों ने सौरभ की शादीशुदा जिंदगी में तनाव पैदा कर दिया.
पुलिस के अनुसार, सौरभ को मुस्कान और साहिल के रिश्ते की जानकारी हो गई थी. वह इस बात का विरोध करने लगा था. इसी विवाद ने मामले को गंभीर मोड़ दिया. जांच में सामने आई कहानी के मुताबिक, पति का विरोध करना मुस्कान और साहिल को खटकने लगा था.
24 फरवरी 2025 को सौरभ लंदन से मेरठ आए थे. वे मुस्कान और छह साल की बेटी के जन्मदिन के मौके पर घर आए थे. 25 फरवरी को मुस्कान का जन्मदिन मनाया और 28 फरवरी को बेटी का. परिवार के साथ खुशियां मनाने के इरादे से आए सौरभ को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उनके घर में हालात किस दिशा में जा रहे हैं. बताया गया कि इस दौरान मुस्कान और साहिल के संबंधों को लेकर विवाद बढ़ गया था.
यही वह वक्त था, जब रिश्तों की उलझन ने खतरनाक रूप लेना शुरू कर दिया. आने वाले कुछ दिनों में जो हुआ, उसने एक परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी.
पुलिस की जांच में सामने आया कि 3 मार्च 2025 की रात सौरभ अपनी मां रेनू देवी के घर से कोफ्ते की सब्जी लेकर आए थे. मुस्कान ने कथित तौर पर उसी सब्जी में नशीली दवा मिला दी. सौरभ के बेसुध होने के बाद मुस्कान ने साहिल को घर बुलाया. इसके बाद दोनों ने मिलकर सौरभ की हत्या कर दी.
जांच के अनुसार, इस वारदात को अंजाम देने में चाकू का इस्तेमाल किया गया था. ये घटना इस पूरे मामले का सबसे भयावह हिस्सा थी. जिस घर में परिवार को सुरक्षित महसूस करना चाहिए, उसी घर में सौरभ की जान ले ली गई. पुलिस के मुताबिक, हत्या अचानक हुई घटना नहीं, बल्कि दोनों की आपसी साजिश का नतीजा थी.

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की. पुलिस के सामने दिए गए बयानों के मुताबिक, दोनों शव को बाथरूम में ले गए और चाकू व उस्तरे की मदद से उसके टुकड़े किए. इसके बाद शव को पहले एक ब्रीफकेस में रखने की कोशिश की गई. लेकिन उसे उठाने के दौरान ब्रीफकेस का हुक टूट गया. फिर शव को बेड में रखने की बात सामने आई.
पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों ने शव को नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में छिपाने की योजना बनाई. शव को ड्रम में डालने के बाद उसके ऊपर सीमेंट भरकर उसे छिपाने की कोशिश की.
पुलिस की जांच में सामने आया कि सौरभ की हत्या के बाद मुस्कान और साहिल हिमाचल प्रदेश घूमने गए थे. मुस्कान अपनी बेटी को मायके में छोड़ दिया था. दोनों के शिमला जाने और वहां होली मनाने की तस्वीरें भी सामने आईं.
एक तरफ सौरभ के परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख सामने आने वाला था, दूसरी तरफ दोनों के घूमने की खबर ने लोगों को हैरान कर दिया. जांच के दौरान कैब चालक से पूछताछ की गई. जिस होटल में दोनों रुके थे, वहां के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए गए. इन जानकारियों ने पुलिस को उनकी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में मदद की.
सौरभ के भाई बबलू ने पुलिस को सूचना दी कि उनका भाई लापता है. उन्होंने मुस्कान और साहिल पर हत्या का शक भी जताया. ब्रह्मपुरी थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. मुस्कान और फिर साहिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. शुरुआत में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ के दौरान उनके बयानों से कई सवाल खड़े होने लगे.
जांच अधिकारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी के मुताबिक, पूछताछ में मुस्कान ने एक ऐसी बात कही, जिसने पुलिस का शक और गहरा कर दिया. पूछताछ के दौरान मुस्कान ने कहा कि हमने सौरभ को नहीं मारा, बल्कि उसके घरवालों ने उसे मारा है. पुलिस को ये बात अटपटी लगी, क्योंकि उस समय सौरभ के लापता होने और उनकी मौत की परिस्थितियों का पूरा खुलासा नहीं हुआ था.
पुलिस के मन में सवाल उठा कि अगर मुस्कान को सौरभ के लापता होने के बारे में कुछ नहीं पता था, तो वह इतनी निश्चितता से हत्या की बात कैसे कह रही थी? इसके बाद पूछताछ तेज हुई और दोनों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर शव बरामद करने की कार्रवाई की गई. नीले ड्रम में जमे सीमेंट को तोड़कर शव के अवशेष निकाले गए. इस बरामदगी ने मामले को निर्णायक मोड़ दे दिया.
केस में कोई प्रत्यक्ष चश्मदीद गवाह नहीं था. ऐसे में पुलिस के लिए अदालत में आरोप साबित करना बड़ी चुनौती थी. केवल आरोपियों के बयानों के आधार पर मामला मजबूत नहीं हो सकता था. जांच टीम को दूसरे सबूतों की कड़ियां जोड़नी थीं.
पुलिस ने मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, होटल के रजिस्टर और फॉरेंसिक रिपोर्ट जैसे सबूत जुटाए. कैब चालक, होटल से जुड़े लोगों और टेलीकॉम कंपनियों के अधिकारियों के बयान भी दर्ज किए गए.
इन सबूतों के जरिए वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों को समझने की कोशिश हुई. अभियोजन पक्ष ने इन्हें अदालत के सामने रखा. केस की जांच के दौरान मुस्कान के गर्भवती होने की बात भी सामने आई. 23 नवंबर 2025 को मुस्कान ने बच्ची को जन्म दिया था.
नीला ड्रम हत्याकांड की जांच और अदालती कार्यवाही लंबे समय तक चली. सुनवाई के दौरान 126 तारीखें पड़ीं और 22 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए गए. इस दौरान आरोपियों की अदालत में पेशी भी चर्चा में रही. एक पेशी के दौरान साहिल के साथ वकीलों की मारपीट की खबर सामने आई थी, जिसमें उसके कपड़े तक फट गए थे. एक अन्य मौके पर मुस्कान अपनी बेटी के साथ अदालत पहुंची, जबकि साहिल सिर झुकाए नजर आया.
आखिरकार, अदालत ने मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को सौरभ की हत्या के मामले में दोषी माना और 14 अक्टबूर 2026 को दोनों को फांसी की सजा सुनाई गई.
ये भी पढ़ें- ईशनिंदा के दोषी की मौत की सजा 27 दिन में माफ, भारत के बलजिंदर के लिए क्यों नहीं पिघला मोहम्मद बिन सलमान का दिल?