Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

AAP से पुराना कनेक्शन, IT फर्म में किया काम... कौन हैं CJP प्रोटेस्ट के नए 'सेनापति' अजिंक्य शिंदे?

सीजेपी के बड़े चेहरों की गिरफ्तारी के बाद अजिंक्य शिंदे पार्टी के आंदोलन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जानें वह कौन हैं और AAP से उनका क्या कनेक्शन है...

Latest News
AAP से पुराना कनेक्शन, IT फर्म में किया काम... कौन हैं CJP प्रोटेस्ट के नए 'सेनापति' अजिंक्य शिंदे?

कौन हैं अजिंक्य शिंदे जिन्हें मिली सीजेपी के प्रोटेस्ट की कमान? (Image: Ajinkya Shinde Instagram)

Add DNA as a Preferred Source
  • अजिंक्य शिंदे को CJP प्रोटेस्ट की कमान
  • सीजेपी के नेशनल ऑर्गनाइजेशन इन्चार्ज हैं अजिंक्य शिंदे
  • आम आदमी पार्टी की महाराष्ट्र यूनिट से भी रहा है जुड़ाव
  • बीटेक की पढ़ाई पूरी कर, पुणे के आईटी फर्म में किया काम

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को पहले से अंदाजा था कि दिल्ली पहुंचने पर उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है. इस वजह से उन्होंने पहले ही एक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था. शनिवार, 10 अक्टूबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनकी फ्लाइट उतरते ही पुलिस ने उन्हें, सौरभ दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया. तीनों दिल्ली में सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने मुंबई से यहां पहुंचे थे.

पुलिस की कार्रवाई के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल से दीपके का करीब 20 सेकेंड का एक वीडियो शेयर किया गया. इसमें वह कहते हैं, 'अगर आप यह वीडियो देख रहे हैं तो इसका मतलब है कि मैं, सौरव दास और आशुतोष रांका गिरफ्तार हो चुके हैं. अब इस आंदोलन का नेतृत्व अजिंक्य करेंगे. जो लोग भी इस वीडियो को देख रहे हैं, वे अजिंक्य को फॉलो करें.'

सीजेपी के बड़े चेहरों की गिरफ्तारी के बाद अजिंक्य शिंदे पार्टी के आंदोलन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, वह लंबे समय से अभिजीत दीपके के करीबी सहयोगी रहे हैं और फिलहाल नेशनल ऑर्गनाइजेशन इन्चार्ज के तौर पर सीजेपी से जुड़े हुए हैं. इससे पहले वह आम आदमी पार्टी की महाराष्ट्र यूनिट से जुड़े हुए थे. 

कौन हैं अजिंक्य शिंदे?

अजिंक्य शिंदे महाराष्ट्र के अलीबाग रहने वाले हैं और उनके माता-पिता किसान हैं. वह सीजेपी के नेशनल ऑर्गनाइजेशन इन्चार्ज हैं और संगठन को जमीन पर मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है. एनडीटीवी के मुताबिक, वह पहले आम आदमी पार्टी की महाराष्ट्र टीम के साथ काम कर चुके हैं जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया कॉर्डिनेटर की जिम्मेदारी संभाली. 

अजिंक्य ने कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की है. उनके पास डॉ. भीमराव अंबेडकर टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से बीटेक की डिग्री है. AAP जॉइन करने से पहले वह पुणे की इंटरनेशनल आईटी फर्म में काम करते थे. बाद में उन्होंने कॉरपोरेट जॉब छोड़कर राजनीति और सामाजिक आंदोलनों में एक्टिव होने का फैसला किया. 

जॉब छोड़ने के बाद उन्होंने पिंपरी-चिंचवाड़ के लिए AAP के संयोजक के रूप में काम किया. उन्होंने एक साल पार्टी के गोवा चुनावी अभियान में भी काम किया लेकिन एक भी सीट नहीं दिला सके. इसके बाद वह AAP की महाराष्ट्र टीम का हिस्सा बने और यहां सोशल मीडिया कॉर्डिनेटर और महाराष्ट्र यूथ विंग के संयोजक के रूप में काम किया. 

अगस्त 2026 में अभिजीत दीपके ने उन्हें सीजेपी की नेशनल टीम का हिस्सा बनाया और उन्हें नेशनल ऑर्गेनाइजेशन इन्चार्ज की जिम्मेदारी सौंपी. 

2016 में गोवा में हुई थी अभिजीत दीपके से मुलाकात

अजिंक्य शिंदे और अभिजीत दिपके की मुलाकात साल 2016 में गोवा में हुई थी. उस समय अजिंक्य आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार में जुटे थे. उन्होंने गोवा विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के लिए काम किया और इसके बाद महाराष्ट्र में संगठन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं.

गोवा में पार्टी को विधानसभा चुनाव में सफलता नहीं मिली, लेकिन अजिंक्य ने संगठन के साथ अपना जुड़ाव बनाए रखा. वह महाराष्ट्र में पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रहे. उन्होंने राज्य के अलग-अलग जिलों में जाकर संगठन के लिए काम किया. इस दौरान उन्हें कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल बनाने और जमीनी स्तर पर संगठन को खड़ा करने का अनुभव मिला.

अभिजीत दीपके के साथ उनका जुड़ाव भी समय के साथ मजबूत होता गया. जब दीपके ने कॉकरोच जनता पार्टी के जरिए अपना अलग आंदोलन खड़ा किया तो अजिंक्य भी इसके बड़े चेहरों में शामिल हो गए. 

अजिंक्य शिंदे ने केंद्र सरकार पर लगाया बड़ा आरोप

अजिंक्य शिंदे ने सीजेपी प्रोटेस्ट की कमान संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में सीईसी ज्ञानेश कुमार को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि यह लड़ाई सरकार के अस्तित्व से जुड़ी है. उन्होंने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दे देते हैं, तो वोटों की चोरी के जरिए सत्ता में आई सरकार दोबारा चुनाव नहीं जीत पाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि इस वजह से ही सरकार ज्ञानेश कुमार को बचाने में जुटी है.


यह भी पढ़ें- प्रदर्शनकारियों को वॉशरूम से किया डिटेन, पुलिसकर्मी को लगी चोट; 5 वीडियो में देखें हालात  

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement