Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

खोपड़ी, हड्डियां और 'वन पीस' का नारा... नेहा बोरा की टी-शर्ट में कैसे छिपा है दुनिया भर के युवा विद्रोह का पूरा इतिहास?

AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा का जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान लाल टीशर्ट का वन पीस सिंबल खूब सुर्खियां बटोर रहा है. समझें वन पीस की कहानी क्या है और विद्रोह से इसका क्या नाता है. आखिर कैसे एक काल्पनिक कहानी का झंडा फिलीपींस से लेकर भारत तक असल दुनिया के विरोध प्रदर्शन का सिंबल कैसे बन गया...

Latest News
खोपड़ी, हड्डियां और 'वन पीस' का नारा... नेहा बोरा की टी-शर्ट में कैसे छिपा है दुनिया भर के युवा विद्रोह का पूरा इतिहास?

इंडोनेशिया से लेकर भारत तक जापानी एनिमे कैसे बन गया विरोध का प्रतीक? (Image: Video Grab X@Hemant Rajaura)

Add DNA as a Preferred Source
  • इंडोनेशिया से लेकर नेपाल तक, दुनियाभर के प्रोटेस्ट में इस्तेमाल हो रहा वन पीस सिंबल
  • ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में नेहा बोरा की टी-शर्ट पर था जॉली रोजर
  • जापान की मशहूर कॉमिक्स और एनिमे सीरीज 'वन पीस' का है जॉली रोजर फ्लैग
  • गिनीज बुक में दर्ज हो चुका है वन पीस का नाम

दिल्ली में शनिवार, 10 अक्टूबर को सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने जिस खोपड़ी और हड्डियों वाली टी-शर्ट को पहनकर विरोध जताया, वह पहली नजर में भले ही एक आम फैशन लगे. लेकिन अगर इसे गहराई स देखें तो पाएंगे कि आज के युवा अपनी बात मनवाने और सिस्टम के खिलाफ विरोध जताने के लिए पुराने तरीकों के बजाय आधुनिक तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं. 

नेहा बोरा की टी-शर्ट पर एक तिनकों की टोपी पहने हंसती हुई खोपड़ी और क्रॉसबोन्स का निशान बना था. इसके अलावा उस पर वन पीस भी लिखा हुआ था. यह सामान्य सा दिखने वाला लोगो असल में जापान की मशहूर कॉमिक्स और एनिमे सीरीज 'वन पीस' के स्ट्रॉ हैड पाइरेट्स का ऑफिशियल झंडा है, जिसे जॉली रोजर कहा जाता है. इस झंडे को खतरे या विद्रोह से जोड़ा जाता है लेकिन वन पीस में यह आजादी, दोस्ती, अपने सपनों के लिए संघर्ष और अन्याय के सामने न झुकने का प्रतीक भी है. अब सवाल आता है कि आखिर एक काल्पनिक कहानी का झंडा असल दुनिया के विरोध प्रदर्शन का सिंबल कैसे बन गया. 

वन पीस की कहानी क्या है और विद्रोह से इसका क्या नाता है?

वन पीस ईइचिरो ओडा की लिखी गई जापानी सीरीज मंकी डी लुफी नाम के एक लड़के और उसके साथियों की कहानी है. वह समुद्र के सबसे बड़े खजाने 'वन पीस' को खोजकर समुद्री डाकुओं का राजा बनना चाहता है. इसके लिए उसने स्ट्रॉ हैट पाइरेट्स नाम का एक ग्रुप बनाया है. लेकिन इस सीरीज में मंकी और उसके साथी विलेन नहीं हैं. इस कहानी में 'वर्ल्ड गवर्नमेंट' नाम की एक क्रूर और तानाशाह हुकूमत राज करती है, जो अपने फायदे के लिए इतिहास छिपाती है और सवाल उठाने वालों को कुचल देती है.

लुफी और उसके साथी जिस भी टापू से गुजरते हैं, वहां के भ्रष्ट अधिकारियों और तानाशाहों से टकराते हैं और आम लोगों को गुलामी से आजादी दिलाते हैं. इस कहानी के एक हिस्से में लुफी अपने एक साथी निको रॉबिन की जान बचाने के लिए वर्ल्ड गवर्नमेंट के झंडे पर गोली चलवाकर उसमें आगे लगा देता है. उसके इस कारनामे को पूरी हुकूमत के खिलाफ जंग का ऐलान माना जाता है. 

फैन कल्चर से निकलकर राजनीतिक प्रतीक के तौर पर इंडोनेशिया में इस्तेमाल हुआ वन पीस का फ्लैग

वन पीस के जॉली रोजर की सबसे ज्यादा चर्चा इंडोनेशिया में हुई. इसका इस्तेमाल सबसे पहले फरवरी 2025 में स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान किया गया था. स्टूडेंट्स ने जकार्ता में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो की बजट कटौती के खिलाफ शुरू किया था. सोशल मीडिया पर इसे डार्क इंडोनेशिया अभियान के रूप में भी जाना गया. 

इसके बाद 17 अगस्त 2025 को इंडोनेशिया के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यह सरकार के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने इसे सरकार और व्यवस्था के प्रति असंतोष जताने के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया था. फिर सितंबर 2025 में प्रदर्शनकारियों ने एनीमे वन पीस के स्ट्रॉ हैट पाइरेट्स जॉली रोजर झंडे का इस्तेमाल किया.  यह पूरा गुस्सा उस कथित भ्रष्टाचार और हेराफेरी के खिलाफ था, जो देश और राज्यों में बाढ़ को रोकने के प्रोजेक्ट्स के लिए आए सरकारी फंड में की गई थी.

पासुंदन यूनिवर्सिटी के रिसर्च पेपर में क्या आया सामने?

जनवरी 2026 में इससे जुड़ा एक रिसर्च पेपर इंडोनेशिया की पासुंदन यूनिवर्सिटी के 'जोमंतारा: इंडोनेशियन जर्नल ऑफ आर्ट एंड कल्चर' में छपा था. रिसर्चर्स युदा स्याह पुतरा और इरपन रियाना ने इंडोनेशिया में वन पीस के स्ट्रॉ हैट पाइरेट्स के जॉली रोजर सिंबल का सामाजिक और राजनीतिक मायने से स्टडी की. 

उन्होंने अपनी स्टडी में लिखा कि जापानी एनीमे से निकला यह सिंबल शुरुआत में सिर्फ फैन कल्चर का हिस्सा था, लेकिन फिर इसके जरिए इंडोनेशिया के युवा धीरे-धीरे अपनी उम्मीदें, परेशानियां और राजनीति को लेकर अपनी सोच खुलकर सामने रखने लगे. दोनों रिसर्चर्स के मुताबिक, अब यह स्वतंत्रता और रोमांच की कहानी से जुड़ा सिंबल नहीं रह गया है बल्कि अब यह अन्याय के खिलाफ लड़ने, एक-दूसरे का साथ देने और जनता की अनदेखी करने वाली सरकार और सिस्टम के खिलाफ विरोध का प्रतीक बन चुका है. 

उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म जैसे टिकटॉक, इंस्टाग्राम और एक्स ने इस सिंबल के नए मतलब को फैलाने में बड़ी भूमिका निभाई. इसने वन पीस फ्लैग को सिर्फ एक फैन आइकन से आगे बढ़ाकर आम लोगों के बीच बातचीत का एक बड़ा मुद्दा बना दिया. रिसर्चर्स का कहना है कि वन पीस का झंडा अब सिर्फ एनिमेशन के शौकीनों का एक लोगो नहीं रह गया है, बल्कि यह समाज का एक बड़ा प्रतीक बन चुका है. लोग इसके जरिए अपने आस-पास के माहौल और राजनीति पर खुलकर तो नहीं, पर इशारों-इशारों में अपनी बात रख रहे हैं.

उनके मुताबिक, जब लोग अपनी इच्छाओं, हक की आवाज या सरकार और सिस्टम से अपनी नाराजगी को सीधे नहीं कह पाते, तब वे अपनी बात को दूसरों तक पहुंचाने के लिए पॉप कल्चर की इन मशहूर चीजों का सहारा लेते हैं.

फिलीपींस, बांग्लादेश और नेपाल में विरोध का प्रतीक बना था वन पीस का फ्लैग

इंडोनेशिया के अलावा एशिया के दूसरे देशों में भी जेन-जी प्रोटेस्ट के दौरान वन पीस का जॉली रोजर फ्लैग चर्चा में आया.  फिलीपींस में भ्रष्टाचार के मुद्दों से जुड़े प्रदर्शनों और नेपाल में युवाओं के आंदोलनों के दौरान वन पीस का यह सिंबल दिखाई पड़ा था. यहां भी युवाओं ने इसे अपनी नाराजगी, असहमति और बदलाव की इच्छा जताने वाले प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल किया था. इससे समझ आता है कि आज की युवा राजनीति सिर्फ आसपास के प्रतीकों पर ही निर्भर नहीं है बल्कि इंटरनेट ने इसे सीमाओं के पास पहुंचा दिया है. 

बांग्लादेश के जेन जी स्टूडेंट प्रोटेस्ट में जुलाई-अगस्त 2024 के दौरान वन पीस सिंबल देखा गया था. सरकारी नौकरियों में कोटा सिस्टम के खिलाफ और तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में युवाओं ने बड़े पैमाने पर इसका इस्तेमाल किया था.

वहीं, नेपाल में प्रदर्शनकारियों ने वन पीस एनीमे के जॉली रोजर का इस्तेमाल 8 सितंबर 2025 को किया था. प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के शासनकाल में सरकार के लगाए गए सेंसरशिप, सोशल मीडिया बैन, देश में बढ़ रही आर्थिक दिक्कतें, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के विरोध में युवाओं और जेनरेशन जी का विरोध प्रदर्शन भड़क उठा था. इसका असर यह हुआ कि पीएम केपी शर्मा ओली इस्तीफा देने के लिए मजबूर हो गए और सुशीला कार्की ने अंतरिम सरकार का गठन किया. 

भारत में सबसे पहले नीट पेपर लीक प्रोटेस्ट में हुआ था जॉली रोजर का इस्तेमाल

भारत में नेहा बोरा ने ही सिर्फ इस सिंबल का इस्तेमाल नहीं किया बल्कि इससे पहले नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए स्टूडेंट प्रोटेस्ट में जुलाई 2026 में कोलकाता की जादवपुर यूनिवर्सिटी में हुए प्रोटेस्ट के दौरान भी वन पीस सिंबल को देखा गया था. एग्जाम में हुई धांधली और भ्रष्टाचार से नाराज स्टूडेंट्स ने सिस्टम के खिलाफ अपनी आवाज उठाने के लिए इस आधुनिक और लोकप्रिय पॉप-कल्चर सिंबल का इस्तेमाल किया था.

ब्राजील के विरोध प्रदर्शन में भी हो रहा है इस्तेमाल

रूस की न्यूज एजेंसी स्पुतनिक ब्रासिल के मुताबिक, ब्राजील के साओ पाउलो की एक रैली में वन पीस का फ्लैग देखा गया. इसे बायोलॉजिस्ट एलेक्स रोड्रिगेज लेकर पहुंचे थे और रैली में शामिल दूसरे प्रदर्शनकारियों के हाथों में भी इसे देखा गया. 

कॉमिक्स और एनिमे एक्सपर्ट एंड्रिया हॉर्बिन्स्की के मुताबिक, 'वन पीस' दुनिया की अब तक की सबसे लोकप्रिय सीरीज में से एक है. इसका नाम गिनीज बुक में भी दर्ज है. इस सीरीज में लूफी और उसकी टीम स्वतंत्रता से रहने, अपनी पसंद का काम करने और अपने दिल की आवाज सुनने में विश्वास रखती है. वह अन्याय के खिलाफ खड़े होते हैं और कमजोर वर्ग की मदद करते हैं. इस वजह से ही उनका झंडा आज विरोध प्रदर्शन में युवाओं को प्रेरित कर रहा है.

यह भी पढ़ें- Explainer: एक साल तक शांति भंग नहीं कर सकते दिपके सहित CJP के टाॅप लीडर, शर्त तोड़ी तो होगी सजा, क्या है नियम?

Advertisement
Advertisement

Advertisement