Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

जंतर-मंतर पर प्रोटेस्‍ट बैन, सरकार ने तय की 3 जगह, जानिए नाम, संसद भवन से दूरी और रूट

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन पर रोक के बाद सेंट्रल दिल्ली में रामलीला मैदान, उत्तर पश्चिम में बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली में सीबीडी ग्राउंड को चुना गया.

Latest News
जंतर-मंतर पर प्रोटेस्‍ट बैन, सरकार ने तय की 3 जगह, जानिए नाम, संसद भवन से दूरी और रूट

इन तीनों जगहों में रामलीला मैदान संसद भवन के सबसे नजदीक है (Image- IANS)

Add DNA as a Preferred Source

दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने की जगह को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है. अब जंतर-मंतर को प्रोटेस्ट साइट के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा. दिल्ली पुलिस ने इसके बजाय तीन दूसरी जगहों को प्रदर्शन के लिए तय किया है. इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और ईस्ट दिल्ली का सीबीडी ग्राउंड शामिल हैं. सोमवार (12 अक्टूबर 2026) को ये घोषणा की गई.

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ तेज हुए प्रदर्शन

खास बात ये है कि इन तीनों जगहों की संसद भवन से दूरी अलग-अलग है. ऐसे में प्रदर्शन करने वालों को अब अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा दूरी तय करनी पड़ सकती है. ये फैसला ऐसे समय आया है, जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक और छात्र संगठनों के प्रदर्शन चल रहे हैं. विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर विपक्षी दलों और कुछ संगठनों ने सवाल उठाए हैं.

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की कोशिशों के दौरान पुलिस की कार्रवाई भी चर्चा में रही. अब सवाल ये है कि प्रदर्शनकारियों के लिए चुनी गई ये तीन जगह कहां हैं, संसद से कितनी दूर हैं और वहां पहुंचने का रास्ता क्या होगा? 

 

रामलीला मैदान- संसद के सबसे करीब

दिल्ली पुलिस की ओर से तय की गई तीनों जगहों में रामलीला मैदान संसद भवन के सबसे नजदीक है. ये जंतर-मंतर से करीब 3 किलोमीटर और संसद भवन से लगभग 5 किलोमीटर दूर है. सेंट्रल दिल्ली में स्थित होने के कारण यहां पहुंचना शहर के कई इलाकों की तुलना में आसान हो सकता है.

रूट की बात करें तो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और मध्य दिल्ली के दूसरे प्रमुख इलाकों से यहां पहुंचने के लिए सड़क मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है. नजदीकी मेट्रो स्टेशन दिल्ली गेट और नई दिल्ली स्टेशन है.

रामलीला मैदान का राजनीतिक इतिहास भी काफी अहम रहा है. साल 1975 में जयप्रकाश नारायण की रैली से लेकर 2011 में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन तक, इस मैदान ने कई बड़े जन आंदोलनों को देखा है. अन्ना हजारे के आंदोलन ने देश की राजनीति पर गहरा असर डाला था. इसलिए तीनों विकल्पों में ये जगह प्रदर्शनकारियों के लिए राजनीतिक केंद्र के सबसे करीब मानी जा सकती है. 

सीबीडी ग्राउंड, ईस्ट दिल्ली

दूसरा स्थान पूर्वी दिल्ली का सीबीडी ग्राउंड है. ये जंतर-मंतर से लगभग 12 किलोमीटर और संसद भवन से करीब 13 किलोमीटर दूर है. यहां पहुंचने का रूट इस बात पर निर्भर करेगा कि आप दिल्ली के किस हिस्से से आ रहे हैं.

पूर्वी दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वालों के लिए ये जगह सुविधाजनक हो सकती है, लेकिन पश्चिमी या मध्य दिल्ली से आने वाले लोगों को ज्यादा समय लग सकता है. नजदीकी मेट्रो स्टेशन कड़कड़डूमा कोर्ट है. संसद से दूरी के लिहाज से ये मैदान रामलीला मैदान के मुकाबले काफी दूर है. ऐसे में किसी बड़े प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों को आने-जाने के लिए अतिरिक्त समय और खर्च का हिसाब रखना पड़ सकता है. 

protest

बुराड़ी ग्राउंड- संसद से सबसे ज्यादा दूर

तीसरा ऑप्शन उत्तर दिल्ली में स्थित बुराड़ी ग्राउंड है. ये जंतर-मंतर से लगभग 21 किलोमीटर और संसद भवन से करीब 20 किलोमीटर दूर है. तीनों जगहों में ये संसद भवन से सबसे ज्यादा दूर पड़ता है. बुराड़ी पहुंचने का रूट आपकी शुरुआती जगह पर निर्भर करेगा. नजदीकी मेट्रो स्टेशन बुराड़ी है. 

उत्तर दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से आने वालों को आसानी हो सकती है, जबकि दक्षिण, पश्चिम या मध्य दिल्ली से पहुंचने में लंबा सफर करना पड़ सकता है. बुराड़ी ग्राउंड पर पहले भी बड़े प्रदर्शन हो चुके हैं. हालांकि, संसद से इसकी दूरी को देखते हुए प्रदर्शनकारियों को अपनी योजना पहले से बनानी होगी. 

protest

जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करने पर बैन क्यों?

जंतर-मंतर का नाम सुनते ही दिल्ली में होने वाले विरोध प्रदर्शनों की तस्वीर सामने आ जाती है. लेकिन इसकी शुरुआत प्रदर्शन स्थल के तौर पर नहीं हुई थी. साल 1724 में जयपुर के महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने यहां एस्ट्रोनॉमिकल ऑब्जर्वेटरी बनवाई थी. यहां मौजूद विशाल उपकरणों की मदद से सूर्य, चंद्रमा और तारों की स्थिति का अध्ययन किया जाता था.

समय के साथ संसद मार्ग के पास इसकी लोकेशन ने इसे विरोध की आवाज उठाने का प्रमुख केंद्र बना दिया. पहलवानों के आंदोलन से लेकर पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी मांगों और तमिलनाडु के किसानों के अनोखे प्रदर्शन तक, यहां कई चर्चित आंदोलन हुए. साल 2017 में तमिलनाडु के किसानों ने अपनी मांगों को लेकर 41 दिनों तक प्रदर्शन किया था. 

protest

एनजीटी ने लगाई थी प्रदर्शन पर रोक, सुप्रीम कोर्ट ने हटाई

जंतर-मंतर रोड पर जगह भी सीमित है. यहां करीब 1,000 लोगों के सुरक्षित रूप से जुटने की क्षमता को लेकर सवाल उठते रहे हैं. शोर, कचरे, स्वास्थ्य सुविधाओं और आम लोगों की आवाजाही जैसी चिंताओं के कारण भी अधिकारियों ने इस जगह पर प्रदर्शन को लेकर आपत्ति जताई थी. साल 2017 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने यहां प्रदर्शन पर रोक लगाई थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में हटा दिया था. 

protest

जंतर-मंतर पर अन्ना हजारे का 2011 का आंदोलन भी भ्रष्टाचार के खिलाफ देशव्यापी मुहिम का बड़ा हिस्सा बना था. शुरुआत में जंतर-मंतर पर हुआ ये आंदोलन बाद में रामलीला मैदान तक पहुंचा और राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ.

अब तीन नए निर्धारित स्थलों के बीच दूरी, पहुंच और सुविधाओं का अंतर साफ नजर आता है. रामलीला मैदान संसद के सबसे करीब है, सीबीडी ग्राउंड पूर्वी दिल्ली में है और बुराड़ी ग्राउंड उत्तर दिल्ली की तरफ पड़ता है. हालांकि, इन जगहों पर प्रदर्शन की अनुमति, समय और लागू शर्तों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से लेना जरूरी होगा.

ये भी पढ़ें- खोपड़ी, हड्डियां और 'वन पीस' का नारा... नेहा बोरा की टी-शर्ट में कैसे छिपा है दुनिया भर के युवा विद्रोह का पूरा इतिहास?

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement