डीएनए एक्सप्लेनर
इजरायल के नए एविएशन नियमों के बाद एयर फ्रांस ने पाकिस्तानी पायलटों को तेल अवीव की उड़ानों से हटा दिया है. यूनाइटेड एयरलाइंस ने भी क्रू मेंबर्स के रूट बदलने के निर्देश दिए हैं.
30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट पर हमले के बाद, इजरायल आने-जाने वाली उड़ानों में कुछ खास देशों के पायलटों और केबिन क्रू के काम करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. इस नए आदेश के दायरे में मुख्य रूप से वे देश शामिल हैं जिनके इजरायल के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं. सुरक्षा को देखते हुए कई विमानन कंपनियों ने अपने नियम बदलने शुरू कर दिए हैं.
इजरायल के ट्रांसपोर्ट और रोड सेफ्टी मंत्रालय ने 1 अक्टूबर को विदेशी एयरलाइंस को एक मैसेज भेजा. इसमें कहा गया था कि जिन देशों के इजरायल के साथ सरकारी या कूटनीतिक रिश्ते नहीं हैं, वहां के नागरिक इजरायल आने-जाने वाली उड़ानों में पायलट या केबिन क्रू के तौर पर काम नहीं कर सकते. इतना ही नहीं, अगर कोई प्लेन इजरायल के हवाई इलाके से होकर सिर्फ गुजर रहा है तो भी उसके कॉकपिट या केबिन में इन देशों का कोई कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं होना चाहिए.
इस नए नियम की जद में पाकिस्तान समेत 31 देश आ रहे हैं। इनमें ज्यादातर अरब और मुस्लिम बहुल देश शामिल हैं. जानकारों का कहना है कि ऐसे नियम कागजों में पहले भी मौजूद थे. लेकिन पहले उन पर इतनी सख्ती से अमल नहीं होता था. इजरायल पहले विदेशी कंपनियों पर भरोसा करता था कि वे खुद ही ऐसे स्टाफ को वहां की उड़ानों पर नहीं भेजेंगी. मगर 30 सितंबर को घटी फ्लाईदुबई की घटना के बाद इजरायल ने सब कुछ अपने हाथ में ले लिया और नियमों को बेहद कड़ा कर दिया.
फ्रांस की संस्था मेदियापार्ट और इजरायली मीडिया के मुताबिक, इजरायल का यह नियम 31 देशों पर लागू हो रहा है. इनमें पाकिस्तान, ईरान, ओमान, सऊदी अरब, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, इराक, लेबनान और नाइजर जैसे देश शामिल हैं.
अमेरिका की यूनाइटेड एयरलाइंस ने अपने कर्मचारियों को भेजे एक नोटिस में ऐसे 29 देशों के नाम साफ-साफ दर्ज किए हैं. जिनमें-
यूनाइटेड एयरलाइंस ने अपने क्रू को कहा है कि यह लिस्ट यहीं खत्म नहीं होती, इसमें आगे और भी देशों के नाम जोड़े जा सकते हैं. इस नियम की सबसे अहम बात यह है कि यह पाबंदी सिर्फ इन देशों में रहने वालों पर ही नहीं है. अगर किसी पायलट या फ्लाइट अटेंडेंट के पास किसी यूरोपीय देश या अमेरिका का पासपोर्ट है, लेकिन साथ ही उसके पास इन 31 देशों में से किसी एक का भी दोहरा पासपोर्ट है तो भी वह इजरायल जाने वाले प्लेन में नहीं बैठ सकता.
दुनिया भर की बड़ी एयरलाइंस ने इजरायल के इन नए नियमों को मानना शुरू कर दिया है और अपने कामकाज में बदलाव किए हैं.
एयर फ्रांस: फ्रांस की सबसे बड़ी कंपनी एयर फ्रांस ने साफ कर दिया है कि उसने पाकिस्तानी पायलटों और केबिन क्रू को इजरायल जाने वाली सभी उड़ानों से अलग कर दिया है. कंपनी ने अल जजीरा को बताया कि दुनिया के किसी भी देश में उड़ान भरने के लिए वहां की सरकार के बनाए नियमों को मानना हर कंपनी की मजबूरी होती है. इसके साथ ही कंपनी ने अपने सभी कर्मचारियों से कहा है कि जिनके पास कोई दूसरा पासपोर्ट है, वे तुरंत उसकी जानकारी दें नहीं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.
यूनाइटेड एयरलाइंस: अमेरिका की यूनाइटेड एयरलाइंस ने अपने क्रू शेड्यूलिंग सिस्टम को पूरी तरह बदल दिया है. एयरलाइन ने पाबंदी वाले देशों के कर्मचारियों से कहा है कि वे इजरायल रूट के बदले अपनी ड्यूटी किसी दूसरे अंतरराष्ट्रीय रूट पर लगवा लें.
स्मार्टविंग्स एयरलाइन: चेक गणराज्य की सबसे बड़ी कंपनी स्मार्टविंग्स ने भी कहा है कि वह इजरायल के सभी नियमों का पालन करेगी.
फ्रांस में इस बात को लेकर काफी नाराजगी है. वहां के लोगों का कहना है कि किसी को उसके देश के पासपोर्ट की वजह से काम से कैसे हटाया जा सकता है. फ्रांस के लेबर कानूनों के मुताबिक किसी के साथ उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर भेदभाव करना कानून के खिलाफ माना जाता है.
वहीं, एयर फ्रांस के पायलटों का पक्ष रखने वाले यूनियन 'अल्टर' ने इस नए कदम का खुलकर विरोध किया है. कंपनी ने पहले पायलटों से खुद आगे आकर अपनी नागरिकता के बारे में बताने को कहा था। लेकिन अब सभी पायलटों को नोटिस जारी कर साफ कह दिया कि यह सीधे तौर पर एक-दूसरे के साथ भेदभाव करना है और इस तरह की हरकत को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए.
इजरायल नए नियमों को लेकर कितना सख्त है, इसका नजारा मंगलवार को देखने को मिला. इथियोपियन एयरलाइंस का एक प्लेन इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा से तेल अवीव के लिए उड़ा था. प्लेन को उड़े हुए करीब एक घंटा बीत चुका था और वह अभी इथियोपिया के आसमान में ही था. तभी इजरायली सुरक्षा एजेंसियों को खबर मिली कि उस प्लेन को उड़ाने वाले पायलटों में एक इंडोनेशियाई पायलट भी शामिल है. इंडोनेशिया दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश है और उसके इजरायल से कोई कूटनीतिक रिश्ते नहीं हैं. जैसे ही यह बात सामने आई, इजरायल की तरफ से मैसेज गया और प्लेन को बीच हवा से ही मोड़कर वापस अदीस अबाबा लाया गया. वहां उतरने के बाद इंडोनेशियाई पायलट को बदला गया और उसकी जगह दूसरा पायलट भेजा गया। इसके बाद प्लेन ने दोबारा उड़ान भरी और तेल अवीव पहुंचा. इथियोपियन एयरलाइंस ने बाद में कहा कि यह उनसे अनजाने में हुई एक भूल थी, क्योंकि उन्हें नहीं पता था कि उस पायलट पर इजरायल की रोक लगी हुई है.
30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई कंपनी की फ्लाइट संख्या FZ-1073 दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही थी. जब यह प्लेन 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी कॉकपिट के अंदर अचानक चीख-पुकार मच गई. ओमान के रहने वाले को-पायलट ने अचानक प्लेन के मुख्य पायलट कैप्टन मच्छार पर हमला बोल दिया. हमले के दौरान प्लेन लड़खड़ा गया और 34 हजार फीट की ऊंचाई से बहुत तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा. हमलावर को-पायलट किसी भी तरह प्लेन के कंट्रोल पर कब्जा करना चाहता था. इसके बावजूद कैप्टन मच्छार ने हिम्मत दिखाई और अपनी जान पर खेलकर हमलावर को-पायलट से भिड़ गए. शोर सुनकर केबिन क्रू और यात्री भी मदद के लिए दौड़े और सबने मिलकर हमलावर को दबोच लिया. इसके बाद प्लेन को संभाला गया और सऊदी अरब के तबूक हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड कराया गया।
ओमान उन देशों में शामिल है जिनके इजरायल के साथ कोई राजनयिक संबंध नहीं हैं, इसलिए इस घटना ने इजरायल के सुरक्षा तंत्र के कान खड़े कर दिए. इसके ठीक अगले दिन, यानी 1 अक्टूबर को इजरायल ने विदेशी एयरलाइंस को नया फरमान थमा दिया.