Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

'लगा आज नहीं बचेंगे...', इंडिगो की फ्लाइट में लगी आग, यात्री ने बताया कैसे थम गई थीं सांसें

इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान के दौरान एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई. केबिन क्रू ने आग पर काबू पाया और विमान की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.

Latest News
'लगा आज नहीं बचेंगे...', इंडिगो की फ्लाइट में लगी आग, यात्री ने बताया कैसे थम गई थीं सांसें

इस घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है (Image- Social Media)

Add DNA as a Preferred Source

दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में अचानक कुछ ऐसा हुआ कि यात्रियों की सांसें अटक गईं. आसमान में हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे विमान के अंदर एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई. देखते ही देखते केबिन में धुआं फैलने लगा और लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. कुछ पल के लिए यात्रियों को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है.

हालात की गंभीरता को देखते हुए विमान को हैदराबाद की तरफ मोड़ना पड़ा, जहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. रविवार (11 अक्टूबर 2026) को हुई इस घटना में सफर कर रहे एक यात्री ने अपना डरावना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उस वक्त उन्हें लगा, मानो आज जिंदगी का आखिरी दिन हो सकता है. 

उड़ान के बीच अचानक कैसे लगी आग?

इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6115 रविवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से चेन्नई के लिए रवाना हुई थी. यात्रा सामान्य तरीके से चल रही थी, लेकिन उड़ान के दौरान विमान के अंदर रखे एक हैंड बैग में मौजूद पावर बैंक में अचानक आग लग गई. बैग ओवरहेड कंपार्टमेंट में रखा था और वहां से धुआं निकलने लगा. 

आग और धुआं देख मच गया हड़कंप

विमान के भीतर आग और धुआं दिखाई देते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई. बंद केबिन में धुआं उठना किसी भी यात्री के लिए डराने वाला अनुभव होता है. ऐसे में विमान के क्रू मेंबर्स ने तुरंत मोर्चा संभाला और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

 

क्रू की फुर्ती से टला बड़ा खतरा

केबिन क्रू ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया. इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ने की अनुमति मांगी. सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारने का फैसला लिया गया.

विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को बाहर निकाला गया. इसके बाद सुरक्षा जांच और तकनीकी निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हुई. यात्रियों को आगे चेन्नई पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की गई. 

'लगा आज नहीं बचेंगे'

फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि अचानक विमान के एक कंपार्टमेंट में आग लगने से हर कोई घबरा गया था. उन्हें कुछ देर तक समझ नहीं आया कि स्थिति को कैसे संभाला जाएगा. क्रू मेंबर्स आग बुझाने में जुटे रहे और आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया.

यात्री के मुताबिक, इसके बाद विमान की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. उन्होंने इस अनुभव को बेहद डरावना बताया और कहा कि माहौल ऐसा था कि उन्हें लगा, शायद आज उनकी जिंदगी का आखिरी दिन हो. घटना के बाद वह अब भी सदमे में थे.  

फ्लाइट में पावर बैंक ले जाने के क्या हैं नियम?

इस घटना के बाद यात्रियों के मन में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर फ्लाइट में पावर बैंक ले जाने के नियम क्या हैं. दरअसल, पावर बैंक में लिथियम बैटरी होती है, जो खराबी या ज्यादा गर्म होने पर आग पकड़ सकती है. इसी खतरे को देखते हुए विमानन सुरक्षा नियमों में सख्ती की गई है.

  • चेक-इन बैग में न रखें- पावर बैंक को चेक-इन लगेज में रखने की अनुमति नहीं है. इसे केबिन में अपने साथ रखना होता है.
  • ओवरहेड बिन में रखने से बचें- पावर बैंक को ऊपर वाले लगेज कंपार्टमेंट में रखने के बजाय अपनी पहुंच में रखें, जैसे सीट की जेब में या अपने पास. इससे गर्म होने या धुआं निकलने पर समय रहते पता चल सकता है. 
  • फ्लाइट में चार्जिंग न करें- DGCA की एडवाइजरी के मुताबिक, उड़ान के दौरान पावर बैंक से मोबाइल या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस चार्ज करने पर रोक लगाने की सलाह दी गई है. यात्रियों को एयरलाइन के निर्देशों का पालन करना चाहिए. 
  • बैटरी की क्षमता जांचें- आम तौर पर 100 Wh तक की क्षमता वाले पावर बैंक ले जाने की अनुमति होती है. 100 Wh से ज्यादा और 160 Wh तक की क्षमता वाले पावर बैंक के लिए एयरलाइन की मंजूरी जरूरी हो सकती है, जबकि 160 Wh से अधिक क्षमता वाले पावर बैंक आम तौर पर यात्री विमान में ले जाने की अनुमति नहीं होती. 
  • खराब पावर बैंक साथ न ले जाएं- अगर बैटरी फूल गई है, उसमें दरार है या वह जरूरत से ज्यादा गर्म हो रही है, तो उसका इस्तेमाल न करें. उड़ान के दौरान धुआं, जलने की गंध या असामान्य गर्मी महसूस हो, तो तुरंत केबिन क्रू को बताएं.

 

याद रखें, पावर बैंक साथ ले जाना और उड़ान के दौरान उसका इस्तेमाल करना दो अलग बातें हैं. सफर से पहले एयरलाइन के ताजा नियम देखना जरूरी है, क्योंकि सुरक्षा निर्देशों का पालन यात्रियों और चालक दल, दोनों की सुरक्षा के लिए अहम है. फिलहाल, इस घटना से जुड़ी विस्तृत तकनीकी जानकारी और यात्रियों की सटीक संख्या को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है. 

ये भी पढ़ें- 'कानून नहीं मानती CJP, पहले भी की आगजनी', DP की प्रेस कॉन्फ्रेंस, दिपके को दी थी निधन की जानकारी | बड़ी बातें

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement