डीएनए एक्सप्लेनर
भारतीय रेलवे ने त्योहारी सीजन में आपको घर पहुंचाने की तैयारी पूरी कर ली है और 100 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है, जानें किस रूट पर चलेगी कौन-सी स्पेशल ट्रेन...
नवरात्रि के बाद दशहरा, दिवाली और छठ महापर्व की तैयारियां तेज हो जाएंगी. त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, मुंबई, पंजाब और दूसरे शहरों से अपने घर लौटते हैं. ऐसे में ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना किसी चुनौती से कम नहीं होता. यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने त्योहारों के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है.
इन ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, बिहार और दूसरे राज्यों में जाने वाले यात्रियों को सफर करने का विकल्प मिलेगा. रेलवे ने दिल्ली-वाराणसी, अयोध्या-आनंद विहार, चंडीगढ़-पटना, फिरोजपुर कैंट-पटना और कानपुर सेंट्रल-बेंगलुरु जैसे व्यस्त रूट पर स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है. इनमें से कुछ ट्रेनें अक्टूबर से नवंबर 2026 के बीच चलेंगी. इन स्पेशल ट्रेनों में से कुछ ट्रेनें हफ्ते में एक दिन चलेंगी इसलिए यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले ट्रेन की तारीख, आने-जाने का समय और स्टॉपेज जरूर चेक कर लेना चाहिए.
उत्तर प्रदेश से कर्नाटक जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने कानपुर सेंट्रल और एसएमवीटी बेंगलुरु के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. ट्रेन नंबर 04131 कानपुर सेंट्रल से हर रविवार को चलेगी. यह ट्रेन 4 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक निर्धारित तारीखों पर चलेगी.
यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से शाम 4:30 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन शाम 6:30 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन नंबर 04132 हर बुधवार को सुबह 7:10 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 3:45 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी. वापसी की सेवा 7 अक्टूबर से 18 नवंबर तक निर्धारित है.
इस ट्रेन के स्टॉपेज फतेहपुर, प्रयागराज, शंकरगढ़, मानिकपुर, सतना, कटनी, मदन महल, इटारसी, नागपुर, विजयवाड़ा, नेल्लोर, रेणिगुंटा, काटपाडी, जोलारपेट्टई और कृष्णराजपुरम होगा. ट्रेन में एसी 2 टियर, एसी 3 टियर, स्लीपर और जनरल कोच हैं.
🚂 New Festive Special Trains! Kanpur Central ⇄ SMVT Bengaluru 04131: Kanpur Central – SMVT Bengaluru, Sundays from 4th Oct, 16.30 hrs 04132: SMVT Bengaluru – Kanpur Central, Wednesdays from 7th Oct, 07.10 hrs Via Katpadi, Jolarpettai, Nellore & more. Connecting cities this festive season! #SouthernRailway #IndianRailways
— Southern Railway (@GMSRailway) September 7, 2026
दिल्ली में रहने वाले उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए वाराणसी-दिल्ली स्पेशल ट्रेन एक बढ़िया विकल्प है. उत्तर रेलवे की ओर से ट्रेन नंबर 04209 और 04210 को त्योहारों के दौरान चलाया जा रहा है. दोनों दिशाओं में मिलाकर ये ट्रेनें कुल 50 फेरे लगाएंगी.
वाराणसी से दिल्ली जाने वाली ट्रेन: ट्रेन नंबर 04209 वाराणसी जंक्शन से रात 10:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी. यह ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी.
वापसी में ट्रेन नंबर 04210 दिल्ली जंक्शन से शाम 7:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी. यह ट्रेन 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी.
इस ट्रेन में जनरल, स्लीपर, एसी 3 टियर और एसी 2 टियर कैटिगरी के कोच मौजूद हैं. वाराणसी और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले लोग अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से टिकट बुक कर सकते हैं.
दिवाली और छठ पर अयोध्या और पूर्वांचल के यात्रियों की सुविधा के लिए अयोध्या कैंट और आनंद विहार टर्मिनल के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. ट्रेन नंबर 04213 और 04214 इस रूट पर यात्रियों को सेवा देगी. ट्रेन नंबर 04213 अयोध्या कैंट से शाम 6:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी. यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक गुरुवार और रविवार को चलेगी.
ट्रेन नंबर 04214 आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 9 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी. यह ट्रेन 30 नवंबर 2026 तक सोमवार और शुक्रवार को लगातार चलेगी है. इस ट्रेन में जनरल, स्लीपर और एसी 3 टियर कोच मौजूद हैं. त्योहारों के दौरान दिल्ली से अयोध्या जाने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा काफी उपयोगी साबित हो सकती है.
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में रहने वाले बिहार के लोगों के लिए रेलवे ने चंडीगढ़ और पटना के बीच स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की है. ट्रेन नंबर 04512 और 04511 इस रूट पर चलेंगी.
ट्रेन नंबर 04512 चंडीगढ़ से रात 11:35 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 9:15 बजे पटना पहुंचेगी. यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक हर गुरुवार को निर्धारित है. वापसी में ट्रेन नंबर 04511 पटना से रात 11:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 9:40 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी. यह सेवा 27 नवंबर 2026 तक हर शुक्रवार को चलेगी.
रास्ते में ट्रेन अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर जैसे स्टेशनों से होकर गुजरती है. इस ट्रेन में जनरल, स्लीपर और एसी 3 टियर श्रेणी के कोच उपलब्ध हैं.

पंजाब से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल ट्रेन का ऐलान भी किया गया है. ट्रेन नंबर 04616 फिरोजपुर कैंट से पटना के लिए चलेगी, जबकि ट्रेन नंबर 04615 वापसी में पटना से फिरोजपुर कैंट जाएगी.
ट्रेन नंबर 04616 फिरोजपुर कैंट से दोपहर 12 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:35 बजे पटना पहुंचेगी. यह ट्रेन 6 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक हर मंगलवार को निर्धारित है.
वापसी में ट्रेन नंबर 04615 पटना से रात 8:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:55 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी. यह ट्रेन 7 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक हर बुधवार को चलेगी. यह ट्रेन मोगा, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, वाराणसी और बक्सर में रुकेगी. इसमें जनरल, स्लीपर और एसी 3 टियर कोच मौजूद रहेंगे.
During the upcoming festival season, Railways have decided to run the following #FestivalSpecialTrains as per the details given below: https://t.co/G2DWMDromG
— Northern Railway (@RailwayNorthern) September 6, 2026
त्योहारों के दौरान टिकट की मांग बढ़ने के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लेनी चाहिए. स्पेशल ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता ट्रेन, तारीख और कोच के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है. टिकट बुक करने के लिए यात्री इन विकल्पों का इस्तेमाल कर सकते हैं-
ऑनलाइन बुकिंग: IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए ट्रेन नंबर और यात्रा की तारीख डालकर टिकट बुक किया जा सकता है.
ऑफलाइन बुकिंग: रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर पर जाकर टिकट लिया जा सकता है.
ट्रेन की जानकारी: यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) पर ट्रेन का समय, स्टॉपेज और परिचालन की स्थिति जांचें.
सीट की उपलब्धता: टिकट बुक करते समय यह देख लें कि सीट कंफर्म है, वेटिंग लिस्ट में है या किसी और कैटिगरी में उपलब्ध है.
यात्रियों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि स्पेशल ट्रेन के टाइमटेबल में बदलाव हो सकता है इसलिए टिकट बुक करने से पहले और यात्रा वाले दिन ट्रेन की ताजा जानकारी जरूर देख लें.