डीएनए एक्सप्लेनर
Prince Yadav: प्रिंस यादव 6 गेंदों में नाबाद 13 रनों की पारी खेली. प्रिंस के लिए ये पारी यादगार बन गई है, क्योंकि उन्होंने इस पारी में 3 बाउंड्री लगाई और 15 साल बाद इतिहास को दोहरा दिया है.
भारतीय स्टार युवा खिलाड़ी प्रिंस यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 में खास रिकॉर्ड दर्ज किया है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 इंदौर में खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने 223 रनों का टारगेट दिया था. इस दौरान प्रिंस यादव ने भी बैट से योगदान दिया, जिसमें उन्होंने 6 गेंदों में नाबाद 13 रनों की पारी खेली. प्रिंस के लिए ये पारी यादगार बन गई है, क्योंकि प्रिंस ने इस पारी में 3 बाउंड्री लगाई और 15 साल बाद इतिहास को दोहराया है. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए 10वें या 11वें नंबर पर खेलते हुए 3 या उससे ज्यादा बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड बनाया है और अब तक सिर्फ 3 खिलाड़ी ऐसा कर पाए हैं.
इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 में टीम इंडिया ने पहले खेलते हुए 223 रन बनाए थे. इस दौरान अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 69 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. ईशान किशन 18 गेंदों में 37 रन बना सके. तिलक वर्मा 28, नितीश कुमार रेड्डी 21 और अक्षर पटेल 20 रन बना सके. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए कैरिबियाई टीम 209 रन बना सकी और 14 रनों से मुकाबला गंवा दिया. टीम के लिए कामिल पूरन 42, शिमरोन हेटमायर 43, शरफेन रदरफोर्ड 32 और शमर स्प्रिंगर ने 11 गेंदों में 35 रनों की पारी खेली. भारतीय टीम के लिए अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट और नमन धीर ने 2 विकेट चटकाए, जबकि अक्षर पटेल और नितीश कुमार रेड्डी ने 1-1 विकेट लिया है.
15 साल बाद प्रिंस यादव ने दोहराया इतिहास
प्रिंस यादव ने इंदौर में 6 गेंदों में 13 रन बनाए, जिसमें 3 बाउंड्री शामिल हैं. वो भारत की लिए खेलते हुए 10वें या 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए तीन या उससे अधिक बाउंड्री लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में अब सिर्फ तीन भारतीय खिलाड़ियों ने ये कारनामा किया है. इससे पहले 10 या 11 नंबर पर खेलते हुए तीन या उससे ज्यादा बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड रविचंद्रन अश्विन और एस श्रीसंत ने बनाया था.
एस श्रीसंत ने 2007 में न्यूजीलैंड के खिलाफ नंबर 10 की पोजीशन पर खेलते हुए 10 गेंदों में 19 रनों की अपनी पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने चार चौके लगाए थे. श्रीसंत के बाद आर अश्विन ने साल 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ 10वें नंबर पर खेलते हुए 11 गेंदों में 17 रन बनाए थे, जिसमें उन्होंने 3 बाउंड्री लगाई थी. वहीं, अब प्रिंस यादव ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं.
तीसरे टी20 में प्रिंस यादव को नहीं मिला विकेट
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 में प्रिंस यादव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिला था. भले ही उन्होंने बैट से इतिहास रचा है, लेकिन गेंद से वो कुछ भी नहीं कर सके. प्रिंस ने 4 ओवरों में 37 रन लुटाए, जिसमें एक नो बॉल और एक वाइड बॉल भी फेंकी. हालांकि, प्रिंस 4 ओवरों में एक भी विकेट नहीं ले सके. ऐसे में चौथे टी20 में प्रिंस का पत्ता कट सकता है, क्योंकि वो मौके को भुना नहीं पाए हैं.
कैसा रहा अब तक प्रिंस यादव का करियर?
प्रिंस यादव ने इंटरनेशनल क्रिकेट में करियर शुरू किया है. उन्होंने भारत के लिए अब तक 3 वनडे और 7 टी20 मैच खेले हैं. वनडे की 4 पारियों में 4 विकेट चटकाए हैं, जबकि टी20 की 7 पारियों में 9 विकेट झटके हैं. वहीं, प्रिंस यादव ने आईपीएल की 20 पारियों में 19 विकेट चटकाए हैं. हालांकि, प्रिंस यादव ने फर्स्ट क्लास करियर में 2 पारी में 1 विकेट लिया है. वहीं, लिस्ट ए करियर में 17 पारियों में 33 विकेट चटकाए हैं, जबकि टी20 क्रिकेट की 42 पारियों में 47 विकेट लिए हैं.
प्रिंस यादव ने इसी साल 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ 17 जून को वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था. इसके अलावा, 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया. प्रिंस घरेलू क्रिकेट में दिल्ली टीम के लिए खेलते हैं, जबकि आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं.
टीम इंडिया ने 2-1 से बनाई बढ़त
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज का पहला मैच लखनऊ में खेला गया था, जिसे भारतीय टीम ने जीता था. उसके बाद दूसरा टी20 रांची में खेला गया, जिसे वेस्टइंडीज ने जीत लिया था. इस मैच में कैरिबियाई टीम ने 250 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर चेज किया था. उसके बाद अब इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 में भारतीय टीम ने 14 रनों से जीत हासिल की है. इसके साथ ही टीम इंडिया ने 2-1 से सीरीज में बढ़त बना ली है. ऐसे में अब सीरीज बराबर करने के लिए वेस्टइंडीज को चौथा टी20 जीतना ही होगा और अगर टीम इडिया जीत हासिल करती है तो टीम सीरीज भी जीत लेगी.