डीएनए एक्सप्लेनर
Bhuvneshwar Kumar Stats: बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भुवनेश्वर कुमार को टीम में जगह दी है. भुवी की चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी हुई है.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है. इस टीम में हैरान करने वाला नाम भुवनेश्वर कुमार का है. क्योंकि, भुवनेश्वर कुमार ने आखिरी बार 4 साल पहले इंटरनेशनल मैच खेला था, जिसके बाद उनकी अचानक टीम में वापसी हुई है. भुवी आईपीएल में लगातार दो बार आरसीबी को चैंपियन में बनाने में अहम योगदान दे चुके हैं और उनकी टीम इंडिया में वापसी को लेकर चर्चा भी हो रही थी. टी20 में भुवी की वापसी की हो गई है और अब उनकी वनडे की वापसी को लेकर चर्चा शुरू हो गई हैं. अगले साल 2027 वर्ल्ड कप खेला जाना है, जिसके लिए सिलेक्टर्स की भुवी पर नजरें होगी.
बीसीसीआई चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर, 2026 को खत्म हो गया है. ऐसे में पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा को अंतरिम मुख्य सिलेक्टर नियुक्त किया गया है. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज का चयन किया है. इस टीम में भुवनेश्वर कुमार को भी मौका दिया है. 4 साल बाद एक बार फिर भुवी ब्लू जर्सी में नजर आने वाले हैं.
टी20 के बाद वनडे में होगी भुवनेश्वर कुमार की वापसी?
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए बीसीसीआई ने भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किया है, जो पिछले 4 सालों से बाहर चल रहे थे. उनकी अचानक टीम इंडिया में वापसी हुई है, जिसके बाद अब वनडे में भी वापसी की चर्चा होने लगी है. पूर्व क्रिकेटर्स से लेकर फैंस तक सभी के बीच चर्चा है कि भुवी को बीसीसीआई वनडे में भी मौका दे सकती है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट, पांच वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली जानी है. ऐसे में बीसीसीआई अगर वर्ल्ड कप के लिए भुवी को देख रही है तो न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्हें मौका मिल सकता है.
पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "भुवी अब न्यूजीलैंड जा रहे हैं. मैं आपको बता रहा हूं कि अगर वो टी20 सीरीज में दमदार प्रदर्शन करते हैं, तो हर कोई उन्हें वनडे में भी वापसी को लेकर कहेगा. सिलेक्टर्स भी भुवी पर नजरें रखेंगे. वो गेंद को स्विंग कराने में माहिर हैं और उनकी फिटनेस में भी कोई कमी नहीं है. जसप्रीत बुमराह और भुवी नई गेंद से जिम्मा संभाल सकते हैं." पूर्व दिग्गज की माने तो भुवी को वनडे में वापसी के लिए टी20 सीरीज में अच्छी परफॉर्मेंस देनी होगी. 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए बोर्ड को टीम तैयार करनी है और भारत का गेंदबाजी यूनिट काफी कमजोर नजर आ रहा है.
4 साल पहले खेला था आखिरी इंटरनेशनल मैच
36 साल के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने आखिरी बार 4 साल पहले कोई इंटरनेशनल मैच खेला था. उन्होंने साल 2018 में आखिरी टेस्ट खेला था, जिसके बाद साल 2022 में आखिरी वनडे मैच खेला और साल 2022 में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 मैच खेला था. हालांकि, अब भुवी न्यूजीलैंड के खिलाफ ही चार साल बाद वापसी करने जा रहे हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर चल रहे भुवी ने घरेलू क्रिकेट में टी20 जारी रखा था. वो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और आईपीएल खेलते हैं.
लगातार दो सीजन आईपीएल में काटा गदर
आईपीएल 2025 ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भुवनेश्वर कुमार पर दांव लगाया था. आरसीबी ने उन्हें 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिसके बाद फैंस आरसीबी का मजाक बना रहे थे. लेकिन फिर भुवी ने आईपीएल 2025 में दमदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 2025 में 15 मैचों में 17 विकेट अपने नाम किए थे और उनकी इकॉनमी भी काफी कम रही. इसके साथ ही आरसीबी ने पहला आईपीएल खिताब भी जीता. उसके बाद आईपीएल 2026 में भुवी और ज्यादा खतरनाक साबित हुए.
आईपीएल 2026 में भुवनेश्वर कुमार ने 7.96 की इकॉनमी से रन दिए और 16 मैचों में 28 विकेट चटकाए. भुवी पर्पल कैप की लिस्ट में दूसरे स्थान पर रहे, क्योंकि कगिसो रबाडा ने 29 विकेट चटकाए थे. भुवी एक विकेट से पर्पल कैप से चूक गए. भुवी आरसीबी के लिए लकी साबित हुए और आरसीबी ने लगातार दूसरी बार खिताब जीता. वहीं, अब भुवी को आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने का इनाम मिल गया है और उनकी टीम इंडिया में वापसी हो गई है.
पाकिस्तान के खिलाफ किया था ड्रीम डेब्यू
क्रिकेट फैंस भुवनेश्वर कुमार का डेब्यू कभी भी नहीं भूल सकते हैं और न ही वो खुद कभी वो मैच भूल सकेंगे. भुवी ने 25 दिसंबर, 2012 को पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था. उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 9 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे. उन्होंने पूरे स्पेल में पाकिस्तानी बल्लेबाजों को क्रीज पर नचा दिया था.
टी20 के बाद 30 दिसंबर 2012 में ही पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया था. भुवी ने पहले मैच की पहली गेंद पर मोहम्मद हफीज को बोल्ड आउट कर दिया था. उन्होंने 9 ओवरों में 27 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे. भुवी ने 22 फरवरी 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था. इस मैच में भुवी ने 38 रन भी बनाए थे.
कैसा रहा भुवी का करियर?
भुवनेश्वर कुमार ने टेस्ट करियर में 21 मैचों की 37 पारियों में 63 विकेट चटकाए हैं. वहीं, 120 वनडे पारियों में 142 विकेट झटके हैं. इसके अलावा, टी20 इंटरनेशल की 86 पारियों में 90 विकेट लिए हैं. आईपीएल में भुवी ने 206 पारियों में 226 विकेट चटराए हैं. उन्होंने टेस्ट में 4 बार 5 विकेट हॉल, वनडे में एक बार 5 विकेट हॉल और टी20 में 2 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है. भुवी ने गेंदबाजी के साथ-साथ कई मौकों पर बल्लेबाजी में भी योगदान दिया है. उन्होंने टेस्ट की 29 पारियों में 552 रन बनाए और 3 अर्धशतक भी ठोके हैं. वनडे में भी एक अर्धशतक लगाया है.
बता दें कि भुवनेश्वर कुमार ने घरेलू क्रिकेट में भी बेस्ट परफॉर्मेंस दी है. उन्होंने फर्स्ट क्लास की 127 पारियों में 231 विकेट लिया है और 13 बार 5 विकेट हॉल लिया है. वहीं, लिस्ट ए की 170 पारियों में 219 विकेट और एक बार पंजा खोला है. टी20 क्रिकेट में भुवी ने 331 पारियों में 363 विकेट झटके हैं और कुल 5 बार 5 विकेट हॉल किया है. भुवी ने लिस्ट ए और फर्स्ट क्लास क्रिकेट की 198 पारियों में 3668 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने एक शतक और 17 अर्धशतक ठोके हैं.
न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव.
नोट- इस खबर में सभी आंकड़े ESPN से लिए गए हैं.