डीएनए एक्सप्लेनर
How To Open Blinkit Dark Store: डार्क स्टोर खोलने के लिए आपके पास ग्राउंड फ्लोर पर कम से कम 2,000 से 3,000 स्क्वायर फीट की कमर्शियल जगह होनी चाहिए. इसके साथ-साथ यह लोकेशन ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां डिलीवरी ट्रक आसानी से आ-जा सकें.
How To Open Blinkit Dark Store: आज के इस भाग दौर भरी दुनिया में लोगों को सब कुछ मिनटों में चाहिए होता है. आपके घर में भी जब दूध, ब्रेड, सब्जी या छोटी-मोटी चीजें चाहिए होती हैं तो आप तुरंत मोबाइल उठाकर ऑर्डर कर लेते हैं. इसके बाद कुछ ही मिनटों में आपका सामान आपके दरवाजे तक पहुंच जाता है. कई बार तो ऐसा होता है जब ऑर्डर करते ही दरवाजे की घंटी बज जाती है. ऐसा लगता है जैसे डिलिवरी एजेंट सामान लेकर दरवाजे पर ही खड़ा रहा हो. क्या आपने कभी इसके बारे में सोचा है कि ये सामान आखिर इतनी जल्दी आते कहां से हैं?
क्विक-कॉमर्स (Quick Commerce या Q-Commerce) ऑनलाइन रिटेल का एक ऐसा मॉडल है, जिसमें ग्राहकों को रोजाना की जरूरत का सामान कुछ ही मिनटों में सीधे उनके घर पहुंचाया जाता है. ऐसी ही एक कंपनी है ब्लिंकिट. इसके माध्यम से आपकी जरूरत का लगभग हर सामान 10 मिनट के भीतर घर पहुंच जाता है.
अगर आप तेजी से बढ़ते क्विक-कॉमर्स (Quick-Commerce) सेक्टर में बिजनेस करने की सोच रहे हैं तो ब्लिंकिट (Blinkit) के साथ जुड़ सकते हैं. हाल के दिनों में ब्लिंकिट अपने 'डार्क स्टोर्स' का दायरा तेजी से बढ़ा रहा है. ब्लिंकिट के साथ जुड़ने के दो माध्यम है. Blinkit की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, आप खुद अपना स्टोर चलाकर या फिर अपनी कमर्शियल प्रॉपर्टी को किराये पर देकर कंपनी के साथ जुड़ सकते हैं. आइये जानते हैं कि किसी शहर में डार्क स्टोर खोलने का प्रॉसेस क्या है?
आइये सबसे पहले यह जानते हैं कि डार्क स्टोर आखिर होता क्या है? क्विक-कॉमर्स कंपनियां शहरों के अलग-अलग रिहायशी इलाकों में छोटे वेयरहाउस या स्टोर बनाती हैं, जिन्हें डार्क स्टोर कहा जाता है. आपके इलाके में मौजूद इन्हीं डार्क स्टोर के माध्यम से 10 मिनट के भीतर आपके घर तक सामाना पहुंच जाता है.
डार्क स्टोर कोई आम दुकान नहीं होती, बल्कि यह एक मिनी वेयरहाउस की तरह होता है. यहां से सिर्फ ऑनलाइन ऑर्डर पैक करके डिलीवरी बॉय को दिए जाते हैं. Blinkit की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, आपके पास ग्राउंड फ्लोर पर कम से कम 2,000 से 3,000 स्क्वायर फीट की कमर्शियल जगह होनी चाहिए. इसके साथ-साथ यह लोकेशन ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां डिलीवरी ट्रक आसानी से आ-जा सकें. स्टोर के आगे कम से कम 20-30 फीट चौड़ी सड़क का होना भी जरूरी है.
डार्क स्टोर खोलने के लिए आपके पास कई जरूरी पेपर्स भी होने चाहिए. आपके पास GST रजिस्ट्रेशन, FSSAI फूड लाइसेंस, नगर निगम का ट्रेड लाइसेंस और प्रॉपर्टी का कमर्शियल एग्रीमेंट होना बेहद जरूरी है.
इसके बाद जो सबसे जरूरी बात है वह है पैसा. डार्क स्टोर खोलने में आखिर खर्च कितना आता है? अगर आप पार्टनर-ऑपरेटेड मॉडल के तहत खुद स्टोर संभालते हैं तो कुल खर्च लगभग 70 लाख से 1 करोड़ के बीच आ सकता है. इस अमाउंट में लगभग 5 से 10 लाख रुपये कंपनी अपने पास रिफंडेबल अमाउंट के रूप में रखती है. स्टोर के सेटअप और इंफ्रास्ट्रक्चर पर 15 से 20 लाख रुपये खर्च होता है. इनमें भारी-ड्यूटी रैक्स, डीप फ्रीजर, AC, CCTV कैमरे, वाई-फाई और बिलिंग काउंटर शामिल हैं. इसके अलावा 30 लाख से 40 लाख रुपये स्टॉक में खर्च होते हैं. यह खर्च शहर और जगह की स्थिति के हिसाब से थोड़ा कम या ज्यादा हो सकता है.

Blinkit की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, डार्क स्टोर के लिए आप सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. सबसे पहले आपको ब्लिंकिट के ऑफिशियल पार्टनर पोर्टल partners.blinkit.com पर जाना होगा. इसके बाद वहां अपना नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल, शहर और अपनी उपलब्ध जगह की पूरी जानकारी (साइज और एड्रेस) भरना पड़ेगा. इसके बाद ब्लिंकिट की बिजनेस डेवलपमेंट (BD) टीम एप्लीकेशन की जांच करेगी. अगर आपकी लोकेशन उनके बिजनेस प्लान में फिट बैठती है तो उनकी टीम खुद आपसे संपर्क करेगी.
डार्क स्टोर का एक और विकल्प है. अगर आप खुद इन सबके झंझट में नहीं पड़ना चाहते हैं तो आप अपनी कमर्शियल प्रॉपर्टी को सीधे ब्लिंकिट को किराये पर दे सकते हैं. इसके लिए आपको 'blinkit.com/pages/partner' पर जाकर अपनी प्रॉपर्टी की डिटेल्स रजिस्टर करनी होगी. इसके बाद कंपनी खुद आपसे संपर्क करके लॉन्ग-लीज एग्रीमेंट करती है और आपको हर महीने तय किराया मिलना शुरू हो जाता है. किसी भी धोखाधड़ी से बचने के लिए हमेशा आधिकारिक वेबसाइट (blinkit.com या partners.blinkit.com) का ही इस्तेमाल करें.

अगर आपका स्टोर अच्छा परफॉर्म करता है तो आपको परफॉर्मेंस बेस्ट रिवार्ड भी मिलेगा. इसका मतलब कंपनी की तरफ से आपको कमीशन के अलावा एक्स्ट्रा पैसे भी दिये जाते हैं.