डीएनए एक्सप्लेनर
Rejinagar Election Result: चुनाव आयोग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक रेजिनगर सीट पर BJP उम्मीदवार शंकरव सरकार को करीब 63.14% वोट मिले, जबकि AJUP प्रत्याशी को 26.29 फीसदी मत प्राप्त हुए.
Rejinagar Election Result: पश्चिम बंगाल की 2 सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बाजी मारी है. बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर सीट पर 6 अक्तूबर को वोट डाले गए थे. दोनों सीटों पर जीत दर्ज कर BJP ने फिर साबित कर दिया कि बंगाल में सुवेंदु का जलवा कायम है. मुर्शिदाबाज जिले की रेजिनगर बंगाल मुस्लिम बहुत सीटों में से एक है. इस सीट पर हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद उम्मीदवार थे, जिन्हें BJP के शंकरव सरकार ने 75,816 मतों से हरा दिया. BJP उम्मीदवार को 1,29, 914, जबकि आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रत्याशी गुलाम नबी आजाद को 54,098 वोट मिले.
चुनाव आयोग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, BJP उम्मीदवार शंकरव सरकार को करीब 63.14% वोट मिले, जबकि AJUP प्रत्याशी को 26.29 फीसदी मत प्राप्त हुए. कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुल्लाहिल काफी को 6,168 वोट मिले. वह ममता TMC के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी से मामूली अंतर से आगे रहे, जिन्हें 3,847 मत प्राप्त हुए. उपचुनाव के नतीजों के बाद अब राज्य की 294 सदस्यों वाली विधानसभा में भाजपा के 209 विधायक हैं.
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, रेजिनगर में BJP की वोट हिस्सेदारी लगभग 27 फीसदी से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया, जो चुनावी समीकरण में बड़े बदलाव का संकेत है. रेजीनगर में करीब 70 फीसदी मतदाता मुस्लिम हैं. यहां पारंपरिक रूप से TMC, कांग्रेस और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला होता रहा है. BJP की यह जीत 2026 के विधानसभा चुनाव के नतीजों से बिल्कुल अलग रही.
उस चुनाव में AJUP के संस्थापक हुमायूं कबीर ने रेजिनगर सीट 58,000 से अधिक मतों के अंतर से जीती थी. उन्होंने नवादा सीट पर भी जीत हासिल की थी. उनके बेटे गुलाम नबी आजाद ने रेजिनगर सीट खाली होने के बाद उपचुनाव लड़ा. हुमायूं कबीर ने नवादा सीट अपने पास रखी थी. TMC के पूर्व नेता कबीर को मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद जैसी मस्जिद बनाने के प्रस्ताव पर विवाद के बाद पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था. इसके बाद उन्होंने AJUP की स्थापना की, जिससे इस निर्वाचन क्षेत्र का राजनीतिक मुकाबला बदल गया.
रेजिनगर में BJP के प्रदर्शन ने निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी समीकरणों पर नए सिरे से ध्यान खींचा है. विपक्ष के बंटे होने का भाजपा को जरूर फायदा मिल है. हालांकि केवल नतीजों के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि किस समुदाय ने किसे वोट दिया या भगवा पार्टी की जीत के क्या कारण रहे. TMC के बागी धड़े की चुनावी हार ने अलग पहचान के तहत पार्टी की राजनीतिक विरासत पर अपना दावा स्थापित करने की उसकी संभावनाओं पर भी सवाल खड़े किए हैं. नंदीग्राम और रेजिनगर, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में उसके उम्मीदवार BJP से काफी पीछे रहे, जिससे उसके स्वतंत्र जनाधार के व्यापक होने के बहुत कम संकेत मिले.
नंदीग्राम सीट पर भी भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है. चुनाव आयोग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, नंदीग्राम में BJP उम्मीदवार हसिरानी रथ ने कांग्रेस के मिलन प्रधान को रिकॉर्ड 1,22,753 मतों के अंतर से हराया. हसिरानी रथ, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं, जिनकी हत्या कर दी गई थी. हसिरानी रथ को 1,64,427 वोट मिले, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समर्थन वाले प्रधान को 41,674 वोट मिले.
भाकपा उम्मीदवार शांति गोपाल गिरि 5,779 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. जीत का यह अंतर 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से सुवेंदु की 9,665 मतों की जीत से कहीं अधिक है
चुनावी नतीजों पर सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मुस्लिमों ने बड़ी संख्या में वोट इसलिए दिया है, क्योंकि वे सरकार के साथ खड़े रहना चाहते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा, 'हम रेजिनगर में इसलिए जीत पाए, क्योंकि मुस्लिमों ने हमें वोट दिया. उन्हें हममें दोस्त मिले हैं और वे समझ गए हैं कि उन्हें गुमराह किया गया था.'