Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

Explainer: सिर्फ इन दो कंडीशन में ही हटाए जा सकते हैं मुख्य चुनाव आयुक्त! यहां समझें क्या होती है पूरी प्रक्रिया

विपक्ष ने साफ कर दिया है कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के बिना वह पीछे नहीं हटेंगे. आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने साथी आयुक्तों को भरोसे में लिए बिना और उनकी असहमति के बावजूद कई एकतरफा फैसले लिए. 

Latest News
Explainer: सिर्फ इन दो कंडीशन में ही हटाए जा सकते हैं मुख्य चुनाव आयुक्त! यहां समझें क्या होती है पूरी प्रक्रिया

विपक्ष ने साफ कर दिया है कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के बिना वह पीछे नहीं हटेंगे. (Photo: ANI)

Add DNA as a Preferred Source

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष सड़कों पर है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अगुआई में 'INDIA' ब्लॉक के नेता चुनाव आयोग के दफ्तर तक जाने और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़े हैं. विपक्ष ने साफ कर दिया है कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के बिना वह पीछे नहीं हटेंगे. फिलहाल विपक्ष का आंदोलन भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के दफ्तर से कुछ मीटर की दूरी पर स्थित 'आकाशवाणी भवन' परिसर में जारी है. CEC ज्ञानेश कुमार पर चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और 'SIR' के दौरान मनमाने तरीके से फैसले लेने के गंभीर आरोप हैं.  
 
इन सबके बीच आइये जानते हैं कि क्या सरकार, राष्ट्रपति या फिर सुप्रीम कोर्ट ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटा सकते हैं? मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने के लिए क्या प्रक्रिया अपनाई जाती है. मालूम हो कि चीफ इलेक्शन कमिश्नर को कोई भी सस्पेंड नहीं कर सकता. भारत का संविधान इसकी इजाजत नहीं देता है. संविधान के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के पास भी CEC को पद से हटाने या सस्पेंड करने की शक्ति नहीं है. एक दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने ज्ञानेश कुमार को सस्पेंड करने का अंतरिम ऑर्डर पास करने से इनकार कर दिया था.

कैसे हटाए जाते हैं चीफ इलेक्शन कमिश्नर?

संविधान के आर्टिकल 324(5) के अनुसार, चीफ इलेक्शन कमिश्नर को केवल उसी प्रक्रिया और आधार पर हटाया जा सकता है, जिस प्रकार सुप्रीम कोर्ट के जज को हटाया जाता है. इसके लिए संसद में महाभियोग की प्रक्रिया से गुजरना होगा. 2023 के नए कानून की धारा 11 (2) में भी यही बातें लिखी हैं. बाकी के दो चुनाव आयुक्तों को सिर्फ मुख्य चुनाव आयुक्त की सिफारिश पर ही हटाया जा सकता है.

CEC

कैसे होती है महाभियोग की प्रक्रिया?

महाभियोग लंबी और कई चरणों वाली संवैधानिक प्रक्रिया है. भारत में राष्ट्रपति को पद से हटाने के लिए महाभियोग प्रस्ताव लाया जाता है. वहीं, सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के जजों को साबित कदाचार (Proved Misbehaviour) या अक्षमता (Incapacity) के आधार पर संसद की विशेष प्रक्रिया के जरिये हटाया जा सकता है. राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया संविधान के 'अनुच्छेद 61' के तहत होती है. वहीं, सुप्रीम कोर्ट के जजों के लिए अनुच्छेद 124(4) और हाईकोर्ट के जजों के लिए अनुच्छेद 217 में पद से हटाने के प्रावधान हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को हटाने की प्रक्रिया संविधान के आर्टिकल 324(5) के प्रावधानों के तहत होती है.

  • महाभियोग की प्रक्रिया शुरू करने के लिए संसद में प्रस्ताव का नोटिस देना होता है. लोकसभा में यह नोटिस देने के लिए कम से कम 100 सांसदों और राज्यसभा में कम से कम 50 सांसदों के हस्ताक्षर जरूरी होते हैं.
  • नोटिस मिलने के बाद लोकसभा स्पीकर या राज्यसभा सभापति आरोपों और उपलब्ध सामग्री पर विचार करते हैं. उन्हें लगता है कि जांच की जरूरत नहीं है, तो नोटिस खारिज हो सकता है. वहीं, आरोपों में दम दिखता है तो आगे की जांच शुरू होती है.
  • इसके बाद जांच समिति गठित की जाती है. समिति आरोपों से जुड़े दस्तावेजों, सबूतों और गवाहों की पड़ताल करती है. संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया जाता है. जांच के बाद समिति संसद में रिपोर्ट रखती है.
  • जांच समिति रिपोर्ट में दोषी पाती है तो महाभियोग का प्रस्ताव संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा और मतदान के लिए लाया जाता है. प्रस्ताव को दोनों सदनों से पारित होना जरूरी है.
  • महाभियोग प्रस्ताव तभी पारित माना जाता है, जब उसे संसद के दोनों सदनों में कुल सदस्य संख्या के बहुमत और उपस्थित एवं मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई बहुमत का समर्थन मिले.
  • इन सबके बाद संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार संबंधित व्यक्ति को पद से हटाने की प्रक्रिया पूरी होती है. राष्ट्रपति के महाभियोग के मामले में दोनों सदनों से पारित प्रस्ताव के बाद राष्ट्रपति को पद से हटाया जाता है
  • इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी संवैधानिक पदाधिकारी को केवल राजनीतिक आरोपों या साधारण बहुमत के आधार पर पद से न हटाया जा सके.  

पहले होते थे सिर्फ मुख्य चुनाव आयुक्त

सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस रोहिंटन नरीमन ने एक इंटरव्यू में बताया कि शुरुआत में चुनाव आयोग में केवल मुख्य चुनाव आयुक्त होते थे. बाद में दो और चुनाव आयुक्त जोड़े गए. मुख्य चुनाव आयुक्त का कार्यकाल 5 साल का होता था और उन्हें हटाना आसान नहीं था. उन्हें सुप्रीम कोर्ट के जज की तरह महाभियोग की प्रक्रिया से ही हटाया जा सकता था. 

उन्होंने बताया कि इसके लिए संसद के दोनों सदनों में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के 2-तिहाई बहुमत की जरूरत होती है. समस्या ये है कि नियुक्ति का अधिकार मौजूदा सरकार के हाथ में है और उन्हें हटाने की कठिन प्रक्रिया चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त नहीं है. दो अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति भी सरकार करती है और उन्हें हटाने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त की सहमति जरूरी होती है. 

महाभियोग के जरिये क्या कभी किसी को हटाया गया?

  • आज तक किसी भी चुनाव आयुक्त या जज को महाभियोग के जरिए नहीं हटाया गया है.
  • 1993 में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस रामास्वामी के मामले में लोकसभा में दो तिहाई बहुमत नहीं मिला.
  • 2011 में कलकत्ता हाई कोर्ट के जस्टिस सौमित्र सेन के खिलाफ राज्यसभा में मोशन पास हो गया था. लोकसभा में आने से पहले ही जस्टिस सेन ने इस्तीफा दे दिया.
  • 2026 में इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज जस्टिस यशवंत वर्मा ने प्रक्रिया शुरू होते ही इस्तीफा दे दिया.   

Rahul Gandhi

विपक्ष का क्यों है हल्ला बोल?

विपक्ष का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत देश भर में 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए, जिससे लाखों पात्र नागरिक वोट देने के अधिकार से वंचित रह गए. हाल ही में 'इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चुनाव आयोग के दो आयुक्तों (सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी) ने पिछले कुछ महीनों में आयोग के फैसलों पर कम से कम 14 बार आपत्तियां दर्ज कराई थीं.

आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने साथी आयुक्तों को भरोसे में लिए बिना और उनकी असहमति के बावजूद कई एकतरफा फैसले लिए. इसके बाद से ही विपक्ष CEC ज्ञानेश कुमार पर मनमानी करने का आरोप लगाकर इस्तीफे की मांग कर रहा है.

कोई भी बचने वाला नहीं: राहुल गांधी

मीडिया कर्मियों से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा, '300 सांसदों को यहां रोका गया और उसके बाद, उन्होंने हमें यहां बिठा दिया है. चुनाव आयोग यहां से 50 गज की दूरी पर है. वे हमें वहां जाने नहीं दे रहे हैं. मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या समस्या है? चुनाव आयोग का काम ठीक से चुनाव कराना है. 300 सांसद ज्ञानेश कुमार से मिलना चाहते हैं और ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं. इसलिए, मुझे नहीं पता कि देश में क्या हो रहा है. अगर प्रतिनिधि चुनाव आयोग से नहीं मिल सकते, तो लोकतंत्र का क्या मतलब है? हमारे देश के साथ जो किया गया है उसे देशद्रोह कहा जाता है और कोई भी बचने वाला नहीं है.'

Advertisement
Advertisement

Advertisement