Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

'आप HC जाइए न', मेट्रो बंद-ट्रेनें रद्द और प्रदर्शन की इजाजत नहीं मिलने पर SC में सुनवाई के लिए अड़े सिब्बल से बोले CJI

जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कपिल सिब्बल से कहा कि अगर परमिशन नहीं मिली है तो प्रदर्शन कानून के अनुसार नहीं है. बगैर परमिशन के प्रदर्शन किया जाता है तो प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाया जा सकता है.

Latest News
'आप HC जाइए न', मेट्रो बंद-ट्रेनें रद्द और प्रदर्शन की इजाजत नहीं मिलने पर SC में सुनवाई के लिए अड़े सिब्बल से बोले CJI

मेट्रो स्टेशन बंद और ट्रेनें कैंसिल होने का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट (Image Source: ANI)

Add DNA as a Preferred Source
  • सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं से पूछा- क्या प्रदर्शन की अनुमति दी गई है
  • याचिकाकर्ताओं ने संविधान का हवाला देते हुए प्रदर्शन करने के मौलिक अधिकार का दावा किया
  • कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं से प्रदर्शन में लोगों की संख्या कम करने को कहा
  • कपिल सिब्बल ने कहा- मेरे देश में क्या हो रहा, तो तुषार मेहता ने टोककर कहा कि यह हमारा देश है

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार (10 अक्टूबर, 2026) को दिल्ली में होने जा रहे प्रोटेस्ट का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है. शुक्रवार को एक याचिका में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की बेंच से अनुरोध किया गया है कि वह शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति देने का दिल्ली पुलिस को निर्देश दे. सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने कोर्ट में यह मामला रखा और ट्रेनें रद्द होने, मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने को लेकर आपत्ति जताई. कोर्ट को बताया गया कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC)  को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा रही, जिसे IYC ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है. वहीं, दिल्ली सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पेश हुए.

सिब्बल ने कहा- यह मेरे देश में क्या हो रहा है?

लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच के सामने कपिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा, 'हमने याचिका दायर की है. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर... सारी ट्रेनें रद्द हैं, मेट्रो स्टेशन बंद हैं. होटलों को लोगों को स्टे नहीं करने के लिए कहा गया है... निजामुद्दीन बंद है... मेरे देश में यह क्या हो रहा है?' यहां पर एसजी मेहता ने उन्हें टोका और कहा, 'यह हमारा देश है.' गोपाल शंकरनारायणन और अभिषेक सिंघवी जैसे कुछ और सीनियर एडवोकेट भी दूसरे याचिकाकर्ताओं की तरफ से पेश हुए. एडवोकेट गोपाल शंकरनारायणन ने मेट्रो स्टेशन बंद करने और ट्रेनें रद्द किए जाने को लेकर कहा कि वह इस तरह पूरे देश को बंद नहीं कर सकते. 

Kapil Sibal

सिंघवी बोले- OYO होटलों को नई बुकिंग लेने से रोका जा रहा

अभिषेक मनु सिंघवी ने कोर्ट में दलील दी कि 221 सीएपीएफ कंपनियां और 10 डिटेंशन सेंटर बनाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा, 'OYO होटल्स को नई बुकिंग लेने से मना किया गया है... यूट्यूबर्स के खिलाफ कार्रवाई हो रही है... मीडिया को आईडी कार्ड ले जाने से मना किया गिया... दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी करके प्रदर्शन में नहीं शामिल होने की सलाह दी है.' इस पर एसजी तुषार मेहता ने पक्ष रखते हुए कहा कि कोई गैरकानूनी गतिविधि न हो इसलिए ऐसा किया जा रहा है. तीनों सीनियर एडवोकेट ने कोर्ट से शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत दिए जाने का अनुरोध किया.

जज ने पूछा- प्रदर्शन का आयोजक कौन है?

सभी वकीलों की दलीलें सुनने के बाद जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कपिल सिब्बल से पूछा कि वह किसका पक्ष रख रहे हैं. सिब्बल ने बताया कि वह एमए बेबी की तरफ से पेश हुए हैं. जब कोर्ट को बताया गया कि याचिकाकर्ताओं को प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं मिली है और उन्होंने परमिशन के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, तो यह सुनकर जस्टिस बागची ने कहा कि अगर अनुमति नहीं मिली है तो यह प्रदर्शन कानून के अनुरूप नहीं है.

कोर्ट ने कहा- बिना इजाजत प्रदर्शन करेंगे तो मुकदमा चल सकता है

जस्टिस बागची ने कहा, 'इसे संगठन संबंधी कानूनों के परिपेक्ष्य से देखिए. हालांकि, संविधान शांतिपूर्ण प्रदर्शन का मौलिक अधिकार देता है, लेकिन यह कानूनों के अनुसार होना चाहिए. अगर परमिशन नहीं मिली है तो यह कानून के अनुरूप नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं है तो हम ये नहीं कह रहे कि लोगों को प्रदर्शन करने का अधिकार नहीं है, लेकिन फिर उन पर मुकदमा चलाया जा सकता है.' जस्टिस बागची ने यह भी कहा कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों की संख्या कम कर दीजिए. अगर हमें आयोजकों के बारे में पता चल जाए, तो हम उनसे पूछ सकते हैं कि कितने लोगों के आने की उम्मीद है. फिर हम इसकी इजाजत दे सकते हैं और दिल्ली सरकार से अनुरोध कर सकते हैं...  मिस्टर बेबी आयोजक नहीं हैं.

1.80 करोड़ लोगों के प्रभावित होने का दावा

कपिल सिब्बल ने कहा कि अगर प्रदर्शनकारी कुछ गैरकानूनी करते हैं तो उन पर मुकदमा चलाया जाए. उन्होंने कहा, 'देश का नागरिक होने के नाते मुझे प्रदर्शन का अधिकार है. हमें इजाजत दीजिए, हम 2 बजे आयोजक को भी साथ लाते हैं. यह बात खबरों में भी है कि हमें प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी.' इस दौरान, एडवोकेट गोपाल शंकरनारायणन ने भी दलील दी कि ट्रेनें रद्द करना बंद होना चाहिए,  57 मेट्रो स्टेशन बंद हैं, दिल्ली एनसीआर के 1.80 करोड़ लोग प्रभावित हो रहे हैं, वो सब तो प्रदर्शनकारी नहीं हैं.

CJI ने कहा- 2 बजे आइए

पहले सीजेआई सूर्यकांत ने याचिकाकर्ताओं को दिल्ली हाईकोर्ट जाने के लिए कहा. वकीलों ने जो हाल आज का दिल्ली के बारे में बताया उस पर उन्होंने कहा कि जब सुबह में वह कोर्ट आए थे, तब ऐसा नहीं था. पहले उन्होंने कहा कि वह दिल्ली हाईकोर्ट से आज ही इस मामले को लिस्ट करने के लिए कहेंगे, लेकिन कपिल सिब्बल ने जब 2 बजे आयोजकों के साथ पेश होने की बात कही तो कोर्ट ने उन्हें 2 बजे आने और डिटेल देने का निर्देश दिया.
 

यह भी पढ़ें:- दिवाली-छठ से पहले रेलवे ने चलाईं 100 से ज्यादा ट्रेनें, देखें फेस्टिव स्पेशल ट्रेनों की पूरी लिस्ट, जानें कब-कहां से चलेंगी

Advertisement
Advertisement

Advertisement