Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

Explainer: 82% इमारतें बर्बाद, बेरोजगारी चरम पर... गाजा को फिर से बसाने पर खर्च होंगे 71 अरब डॉलर, तबाही के 3 साल पूरे

गाजा को फिर से बसाना दुनिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती है. अमेरिका समर्थित 'बोर्ड ऑफ पीस' के मुताबिक गाजा के लिए करीब 17 अरब डॉलर की फंडिंग का वादा किया गया है.

Latest News
Explainer: 82% इमारतें बर्बाद, बेरोजगारी चरम पर... गाजा को फिर से बसाने पर खर्च होंगे 71 अरब डॉलर, तबाही के 3 साल पूरे

गाजा में युद्ध से खेती योग्य जमीन बर्बाद हो गई है (इमेज क्रेडिट- पीटीआई फाइल फोटो)

Add DNA as a Preferred Source
  • गाजा में बेरोजगारी दर 78 फीसदी पहुंच गई है 
  • 96% खेती योग्य जमीन युद्ध से बर्बाद हो गई है 
  • युद्ध से 1 लाख से अधिक इमारतें नष्ट हो चुकी हैं  

7 अक्टूबर का दिन गाजा पट्टी की बर्बादी का दिन है. आज से ठीक तीन साल पहले 7 अक्टूबर 2023 को सुबह करीब 6:30 बजे गाजा पट्टी से हमास ने इजराइल पर बड़े पैमाने पर रॉकेट दागे. दक्षिणी इजराइल से लेकर तेल अवीव तक सायरन बजने लगे. हमास ने शुरुआती हमले में करीब 5,000 रॉकेट दागने का दावा किया, जबकि इजराइली सेना ने इनकी संख्या करीब 2,500 बताई. इसी रॉकेट हमले की आड़ में गाजा से हमास के हथियारबंद लड़ाकों ने इजराइल में घुसपैठ शुरू कर दी. इस हमले में इजराइल के करीब 1200 लोग मारे गए थे, जवाब में इजराइल ने गाजा पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए और यहीं से शुरू हुआ गाजा पट्टी की बर्बादी का दिन. 

तीन साल बाद वहां के हालात बद से बदतर हो चुके हैं. स्थिति यह है कि खेती के लिए जमीन नहीं बची है और 82 फीसदी इमारतें बर्बाद हो चुकी है. यूं कह सकते हैं कि गाजा में मौजूदा समय में हर तरफ सिर्फ और सिर्फ बर्बादी ही दिख रही है. युद्ध ने इस इलाके को भारी तबाही के दौर में पहुंचा दिया है. अब गाजा को दोबारा बसाना दुनिया की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन गया है.

विश्व बैंक अनुमान के मुताबिक, अगले दशक में गाजा की रिकवरी और पुनर्निर्माण पर करीब 71.5 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है. वहीं, शुरुआती 18 महीनों में जरूरी सेवाओं की बहाली और अहम बुनियादी ढांचे को खड़ा करने के लिए ही 26.3 अरब डॉलर की जरूरत होगी. 

57.9 अरब डॉलर का नुकसान

विश्व बैंक, संयुक्त राष्ट्र और यूरोपीय संघ के अप्रैल 2026 के आकलन के मुताबिक, गाजा में युद्ध से 35.2 अरब डॉलर का सीधा नुकसान हुआ है. इसके अलावा आर्थिक और सामाजिक स्तर पर करीब 22.7 अरब डॉलर का नुकसान हुआ. यानी रिकवरी और पुनर्निर्माण की लागत अलग रखने पर भी युद्ध से अब तक अनुमानित नुकसान 57.9 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है, जिसका भरपाई शायद ही कभी हो पाए. 

गाजा में क्या-क्या हुआ तबाह?

इस तबाही का सबसे बड़ा असर वहां के घरों पर पड़ा है. मकानों को करीब 18 अरब डॉलर का नुकसान हुआ, जो कुल भौतिक नुकसान का लगभग 51 प्रतिशत है. वहीं व्यापार और उद्योग को 6.35 अरब डॉलर, परिवहन को 3.2 अरब डॉलर और पानी-सफाई व्यवस्था को 1.7 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है.

82 फीसदी इमारतें प्रभावित

संयुक्त राष्ट्र उपग्रह केंद्र (UNOSAT) के सैटेलाइट आकलन के अनुसार, 16 जून 2026 तक गाजा में 2,01,290 इमारतों को नुकसान पहुंचा था, यह इलाके की कुल इमारतों का करीब 82 प्रतिशत है. इनमें 1,34,422 इमारतें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं. करीब 13,848 को गंभीर और 28,096 को मध्यम स्तर का नुकसान हुआ है. अनुमान के मुताबिक 3,28,627 घर प्रभावित हुए हैं.

गाजा को फिर से बसाने की शुरुआत सिर्फ नई बिल्डिंगें खड़ी करने से नहीं होगी. सबसे पहले मलबा हटाना और इलाके को सुरक्षित बनाना होगा. वर्ल्ड बैंक, UN और EU का अनुमान है अनुमान है कि 6.8 करोड़ टन से ज्यादा मलबे को हटाने और मैनेज करने में 1.7 अरब डॉलर से ज्यादा खर्च हो सकता है. इसमें बिना फटे बमों और दूसरे खतरनाक पदार्थों से निपटना भी शामिल है.

UN डेवलपमेंट प्रोग्राम और यूरोपियन यूनियन ने जुलाई में मलबे को हटाने, प्रोसेस करने और दोबारा इस्तेमाल करने के लिए 15 मिलियन यूरो का एक प्रोजेक्ट शुरू किया। जापान ने 2026-27 के दौरान मलबे और ठोस कचरे के मैनेजमेंट के लिए अलग से 9.1 मिलियन डॉलर देने का वादा किया है.

खेती योग्य नहीं बची है जमीन 

युद्ध से गाजा की कृषि व्यवस्था को भी भारी नुकसान हुआ है. आकलन के मुताबिक 95 प्रतिशत से ज्यादा कृषि बुनियादी ढांचा और करीब 96 प्रतिशत कृषि भूमि क्षतिग्रस्त हो गई या वहां पहुंचना मुश्किल हो गया. कृषि और खाद्य प्रणालियों की बहाली के लिए 10.5 अरब डॉलर की जरूरत है.

बेरोजगारी 78%, कारोबार में भारी गिरावट 

संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन (UNCTAD) के अनुसार, अक्टूबर 2023 से गाजा के 92 प्रतिशत आर्थिक प्रतिष्ठान या तो क्षतिग्रस्त हो गए हैं या नष्ट हो गए हैं. 2025 में गाजा में निर्माण कार्य 2022 के स्तर से 99 प्रतिशत कम था. कृषि और उद्योग, दोनों में 94 प्रतिशत की गिरावट आई. बेरोजगारी 78 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि काम करने की उम्र वाली आबादी में से 90 प्रतिशत से ज्यादा लोग बेरोजगार हैं. 

फिलिस्तीनी अर्थव्यवस्था में गाजा का योगदान भी खत्म हो गया है. फिलिस्तीनी GDP में उसकी हिस्सेदारी युद्ध से पहले के 17.4 प्रतिशत से गिरकर 2025 में 4 प्रतिशत से भी कम हो गई.

किन क्षेत्रों में कितना पैसा चाहिए?

अप्रैल के आकलन के अनुसार, घरों के लिए 16.2 अरब डॉलर की जरूरत है. खेती और खाद्य प्रणालियों के लिए 10.5 अरब डॉलर, स्वास्थ्य के लिए लगभग 10 अरब डॉलर और व्यापार व उद्योग के लिए लगभग 9 अरब डॉलर की जरूरत है. कुल मिलाकर, ये चार क्षेत्र पुनर्निर्माण की कुल 71.4 अरब डॉलर की जरूरत का लगभग 64 प्रतिशत हिस्सा हैं. खेती और खाद्य प्रणालियों के लिए 10.5 अरब डॉलर की जरूरत है, जिसमें से पहले 18 महीनों में 7.5 अरब डॉलर की जरूरत होगी. 

17 अरब डॉलर के वादे, लेकिन जरूरत 71.5 अरब

अमेरिका समर्थित 'बोर्ड ऑफ पीस' के मुताबिक गाजा के लिए करीब 17 अरब डॉलर की फंडिंग का वादा किया गया है. इसमें अमेरिका का 10 अरब डॉलर, UAE का 1.2 अरब डॉलर और सऊदी अरब, कतर तथा कुवैत का एक-एक अरब डॉलर शामिल है, लेकिन 71.5 अरब डॉलर की अनुमानित जरूरत के मुकाबले यह रकम केवल करीब 24 प्रतिशत ही है. 

सितंबर में बोर्ड ऑफ पीस ने 6 महीने का 2.45 अरब डॉलर का रिकवरी प्रोग्राम भी पेश किया, जिसमें 66 प्रोजेक्ट शामिल हैं. इनमें इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, खाद्य सुरक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी और आर्थिक रिकवरी जैसे क्षेत्र शामिल हैं, लेकिन यह दस साल में जरूरी 71.4 अरब डॉलर का केवल करीब 3.4 प्रतिशत है. यह शुरुआती 18 महीनों में जरूरी माने जा रहे 26.3 अरब डॉलर के दसवें हिस्से से भी कम है.

Advertisement
Advertisement

Advertisement