डीएनए एक्सप्लेनर
मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और SIR को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में दायर विपक्ष की याचिका में कई कमियां पाई गई, जिस कारण सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर आपत्ति जताई और लिस्टेड नहीं किया.
चुनावी गड़बड़ियों और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के कई नेताओं की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर संयुक्त याचिका में 14 कमियां सामने आई हैं. इनमें कोर्ट फीस में 220 रुपये की कमी, कुछ याचिकाकर्ताओं की ओर से जरूरी मंजूरी का न होना और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पहचान पत्र की अस्पष्ट फोटोकॉपी जैसी आपत्तियां शामिल हैं. इन कमियों के कारण पिटीशन सुप्रीम कोर्ट में लिस्टेड नहीं की गई.
सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने याचिका में दस्तावेजों और तकनीकी प्रक्रियाओं से जुड़ी कई खामियां पाई. इनमें 9 याचिकाकर्ताओं के संबंधी दस्तावेजों का अभाव और कुछ वकालतनामों का न होना शामिल है. इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पहचान पत्र भी स्पष्ट नहीं था.
रजिस्ट्री की आपत्तियों में छोटे फॉन्ट में लिखे दस्तावेज, धुंधला या पढ़ने में मुश्किल टेक्स्ट, कुछ पन्नों का गायब होना, क्षेत्रीय भाषाओं में मौजूद पन्नों से जुड़ी समस्याएं और पन्नों की नंबरिंग में गड़बड़ी भी शामिल हैं. कुछ दस्तावेजों की रंगीन प्रतियां जमा नहीं किए जाने पर भी आपत्ति दर्ज की गई है.
यह संयुक्त याचिका राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, बिहार के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत, डी. राजा, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माझी, एमए बेबी और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता ईटी मोहम्मद बशीर सहित विपक्षी नेताओं की ओर से दायर की गई है.याचिका में भारतीय निर्वाचन आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू, विवेक जोशी को प्रतिवादी बनाया गया है.
याचिका में सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, संजय राउत, एम. ए. बेबी, डी. राजा, महुआ माझी, सुप्रिया सुले और ई. टी. मोहम्मद बशीर के हस्ताक्षर भी नहीं थे. विपक्ष के नेता शाम को सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, लेकिन उससे एक-दो घंटे पहले ही कांग्रेस की लीगल टीम ने याचिका दायर कर चुकी थी. अब कमियों को दूर कर विपक्ष को फिर से याचिका दायर करनी होगी, उसके बाद ही सुप्रीम कोर्ट इसे सुनवाई के लिए लिस्टेड करेगा.
याचिका ऐसे समय दायर की गई, जब INDIA गठबंधन के कई नेता और समर्थक चुनावी गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर दिल्ली में एकत्र हुए और सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला. विपक्षी नेताओं ने इससे पहले भारत के मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने का समय मांगा था, लेकिन उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला.