Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने रखे 'जननीति भारत पार्टी' के तीन वचन; क्यों दिया 'चलिए हिसाब मांगते हैं' का नारा? मीरजापुर से लड़ेंगी चुनाव!

IAS की नौकरी से VRS लेने के बाद दिव्या मित्तल ने अब राजनीति में कदम रख दिया है. उन्होंने अपनी नई पार्टी बना ली है और अब उनकी नजर 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव पर है. दिव्या मित्तल मीरजापुर सदर सीट से खुद चुनाव लड़ सकती हैं.

Latest News
पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने रखे 'जननीति भारत पार्टी' के तीन वचन; क्यों दिया 'चलिए हिसाब मांगते हैं' का नारा? मीरजापुर से लड़ेंगी चुनाव!

पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने 13 साल की सरकारी नौकरी छोड़ 'जननीति भारत पार्टी' बना ली है, Photo Credit, X @divyamittal_IAS

 

Add DNA as a Preferred Source

उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को  सोशल मीडिया पर 8.29 मिनट का एक वीडियो जारी कर अपनी नई पार्टी 'जननीति भारत पार्टी' के गठन की घोषणा की. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उनकी यह पार्टी साल 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरे प्रदेश में अपने उम्मीदवार उतारेगी.

अपने वीडियो संदेश की शुरुआत में उन्होंने कहा कि 'सूरज को निकलने के लिए किसी से अनुमति नहीं होती'. इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से जुड़ते हुए कहा कि अब तक राजनीति आप पर राज करती आई है, लेकिन जननीति में आप खुद राज करेंगे.

दिव्या मित्तल ने बताया कि राजनीतिक पहल का सबसे बड़ा मकसद देश और राज्य की नीतियों के केंद्र में आम लोगों को रखना है. इसके साथ ही सरकार सिर्फ चुनाव के दिन वोट लेने तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे पांच साल के कार्यकाल में जनता के प्रति पूरी तरह जवाबदेह बनी रहे, यही उनकी पार्टी की बुनियादी सोच है.

'जननीति भारत पार्टी' के तीन वचन क्या हैं?

दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी की विचारधारा और काम करने के तौर-तरीकों को तीन प्रमुख वचनों में बांटा है:

पहला वचन: जन से नीति और नीति से भारत
दूसरा वचन: हर फैसला जरूरत देख कर होगा पहचान देखकर नहीं.
तीसरा वचन: जनता को हिसाब और हिसाब से सुधार

दिव्या मित्तल ने यह भी साफ कर दिया कि वे पहले से चल रही किसी भी पुरानी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगी. उन्होंने तीखे अंदाज में कहा, 'जिन झंडों के नीचे 80 साल में हिसाब नहीं बदला, उनके नीचे खड़े होकर हिसाब नहीं मांगा जा सकता'.

उन्होंने 'चलिए हिसाब मांगते हैं' का चुनावी नारा दिया और कहा कि उन्हें जनता के लिए स्कूल, सड़क, पुल और सरकारी जमीनों का पूरा हिसाब चाहिए. उन्होंने सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब व्यवस्था को आम जनता की कोई परवाह नहीं होती, तो मौत कोई हादसा नहीं बल्कि फैसला बन जाती है.

दिव्या मित्तल का प्रशासनिक सफर कैसा रहा?

दिव्या मित्तल वर्ष 2013 बैच की यूपी कैडर की आईएएस अधिकारी रही हैं. उन्होंने करीब 13 साल तक प्रशासनिक सेवा में अलग-अलग पदों पर काम किया. अपने सेवाकाल के दौरान वे मेरठ में संयुक्त मजिस्ट्रेट, गौतमबुद्ध नगर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), कानपुर नगर में यूपीसीडा की संयुक्त प्रबंध निदेशक और बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष रहीं. इसके बाद उन्होंने संतकबीरनगर, मीरजापुर और देवरिया जैसे जनपदों में बतौर जिलाधिकारी (डीएम) अपनी जिम्मेदारियां निभाईं.

दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को मां विंध्यवासिनी देवी के जन्मोत्सव के मौके पर अपनी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेने का फैसला किया था. शासन ने 15 सितंबर 2026 से उनके इस्तीफे को मंजूरी दी. प्रशासनिक सेवा में रहते हुए भी उनकी जनता के बीच अच्छी पकड़ रही है. सोशल मीडिया पर भी उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, उनके इंस्टाग्राम पर करीब 4.88 लाख, एक्स पर करीब 2.55 लाख और फेसबुक पर 1.80 लाख से अधिक लोग जुड़े हुए हैं.

दिव्या मित्तल किस सीट से चुनाव लड़ेंगी?

दिव्या मित्तल ने मीरजापुर को अपनी कर्मभूमि बताया है. इस्तीफा देने के बाद वे मीरजापुर पहुंचीं और शारदीय नवरात्रि के दौरान मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन करके उन्होंने 15 अक्टूबर को अपनी राजनीतिक पारी शुरू करने का फैसला किया. राजनीतिक गलियारों में इस बात की खूब चर्चा है कि वह मीरजापुर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी.

मीरजापुर सदर सीट के क्या कहते हैं आंकड़े?

मीरजापुर सदर सीट पर पिछले चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का दबदबा रहा है. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रत्नाकर मिश्रा ने 1,18,263 वोट हासिल करके बड़ी जीत दर्ज की थी, जबकि समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार कैलाश चौरसिया को 77,921 वोट मिले थे.

मीरजापुर जिले में भाजपा और अपना दल के गठबंधन का सियासी प्रभाव काफी मजबूत माना जाता है. जिले में अपनी तैनाती के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ उनकी अनबन की चर्चा भी खूब रही थी. ऐसे में मीरजापुर सदर सीट पर दिव्या मित्तल के चुनाव मैदान में उतरने से यहां का मुकाबला बेहद रोचक होने वाला है.

पहले भी बड़े अफसर नौकरी छोड़कर सियासत में आए 

सरकारी नौकरी बीच में छोड़कर राजनीति में आने वाली दिव्या मित्तल अकेली अफसर नहीं हैं. देश में ऐसे कई पूर्व नौकरशाह रहे हैं जिन्होंने अपना सेवाकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा दिया और राजनीति में बड़ा मुकाम हासिल किया.  

यशवंत सिन्हा (पूर्व IAS): यशवंत सिन्हा ने साल 1984 में भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दिया था. वे पहले जनता पार्टी और जनता दल से जुड़े और बाद में भाजपा में शामिल हुए. वे 1990-91 में चंद्रशेखर सरकार में और फिर 1998 से 2002 तक अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में देश के वित्त मंत्री रहे. बाद में वे विदेश मंत्री भी बने. साल 2021 में वे तृणमूल कांग्रेस में गए और 2022 में विपक्ष के साझा राष्ट्रपति उम्मीदवार बने.

अजीत जोगी (पूर्व IAS): मध्य प्रदेश में कलेक्टर रह चुके अजीत जोगी ने 1986 में आईएएस छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामा था. वे राज्यसभा सांसद बने और जब साल 2000 में मध्य प्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ बना तो वे वहां के पहले मुख्यमंत्री बने. साल 2016 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर अपनी अलग पार्टी 'जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़' बनाई.

मणिशंकर अय्यर (पूर्व IFS): भारतीय विदेश सेवा में दो दशक से ज्यादा समय बिताने और राजीव गांधी के पीएमओ में रहने के बाद उन्होंने 1989 में सेवा छोड़ी. 1991 में वे कांग्रेस के टिकट पर तमिलनाडु की मयिलादुतुरै सीट से लोकसभा सांसद बने और केंद्र में पेट्रोलियम व पंचायती राज मंत्री रहे.

अरविंद केजरीवाल (पूर्व IRS): आयकर विभाग में तैनात रहे अरविंद केजरीवाल ने 2006 में आईआरएस से इस्तीफा दिया था. उन्होंने आरटीआई और 'परिवर्तन' संस्था के जरिए काम शुरू किया और फिर अन्ना हजारे के आंदोलन से जुड़े. साल 2012 में उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) बनाई और 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में शीला दीक्षित को हराकर पहली बार मुख्यमंत्री बने. हालांकि, उनका पहला कार्यकाल सिर्फ 49 दिनों का रहा था, जिसके बाद वे 2015 और 2020 में भी दिल्ली के सीएम बने.

केजे अल्फोंस (पूर्व IAS): साल 2006 में आईएएस से वीआरएस लेकर वे केरल की कांजीरापल्ली सीट से वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) के समर्थन से निर्दलीय विधायक बने. उन्होंने 'जन शक्ति' मंच बनाया और 2011 में भाजपा में शामिल हो गए. वे राज्यसभा पहुंचे और 2017 में नरेंद्र मोदी सरकार में केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बने.

सत्यपाल सिंह (पूर्व IPS): 1980 बैच के महाराष्ट्र कैडर के आईपीएस सत्यपाल सिंह ने जनवरी 2014 में मुंबई पुलिस कमिश्नर पद से वीआरएस लिया. उन्होंने भाजपा के टिकट पर उत्तर प्रदेश की बागपत सीट से आरएलडी प्रमुख अजित सिंह को हराया था. वे पहली मोदी सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री भी रहे.

ओपी चौधरी (पूर्व IAS): 2005 बैच के आईएएस ओपी चौधरी ने 2018 में रायपुर कलेक्टर पद से इस्तीफा देकर भाजपा जॉइन की थी. 2018 में वे खरसिया विधानसभा से चुनाव हार गए थे, लेकिन 2023 में उन्होंने रायगढ़ दक्षिण से जीत दर्ज की और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री बने.

अपराजिता सारंगी (पूर्व IAS): 1994 बैच की ओडिशा कैडर की आईएएस अधिकारी अपराजिता सारंगी ने 2018 में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय में संयुक्त सचिव पद से वीआरएस लिया. उन्होंने नवंबर 2018 में भाजपा जॉइन की और 2019 के लोकसभा चुनाव में भुवनेश्वर सीट से बीजेडी प्रत्याशी को हराया. 2024 में वे इसी सीट से दोबारा सांसद चुनी गईं.

एके शर्मा (पूर्व IAS): 1988 बैच के गुजरात कैडर के आईएएस एके शर्मा ने जनवरी 2021 में रिटायरमेंट से 18 महीने पहले वीआरएस लिया था. वे लंबे समय तक नरेंद्र मोदी के साथ गुजरात और पीएमओ में रहे. नौकरी छोड़ने के बाद वे यूपी में एमएलसी बने और योगी आदित्यनाथ सरकार में नगर विकास व ऊर्जा जैसे अहम विभागों के कैबिनेट मंत्री बने.

असीम अरुण (पूर्व IPS): 1994 बैच के आईपीएस असीम अरुण ने जनवरी 2022 में कानपुर के पुलिस कमिश्नर पद से वीआरएस लिया. वे तुरंत भाजपा में शामिल हुए और कन्नौज विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर योगी सरकार में मंत्री बने.

के. अन्नामलाई (पूर्व IPS): कर्नाटक कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अन्नामलाई ने मई 2019 में पुलिस सेवा से इस्तीफा दिया था. अगस्त 2020 में वे भाजपा में आए और जुलाई 2021 में तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने. हालांकि 2021 विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनाव में हार के बाद उन्होंने जून 2026 में भाजपा छोड़ दी और 'वी द लीडर्स' नाम से अपना नया मंच बनाकर 2031 का चुनाव लड़ने का ऐलान किया.

पूर्व अफसरों के चुनावी तजुर्बे क्या बताते हैं?

किसी जिले में लोकप्रिय अधिकारी होना और उसी इलाके में मजबूत चुनावी संगठन खड़ा करना दो बिल्कुल अलग बातें होती हैं. उत्तर प्रदेश में पहले भी कई अफसरों ने अपनी पार्टियां बनाकर किस्मत आजमाई, लेकिन चुनावी जमीन पर उन्हें कड़े इम्तिहान से गुजरना पड़ा: 

विजय शंकर पांडेय (पूर्व IAS): इन्होंने रिटायरमेंट के बाद 'लोक गठबंधन पार्टी' बनाई. वे जिस फैजाबाद जिले में कभी डीएम रहे थे और हजारों लोगों की सुनवाई करते थे, वहीं से 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें केवल 2,056 वोट ही मिल पाए.

शाह फैसल (पूर्व IAS): साल 2010 के आईएएस टॉपर शाह फैसल ने 2019 में इस्तीफा देकर 'जम्मू कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट' बनाई थी, लेकिन उनका यह सियासी प्रयोग लंबा नहीं चला और वे बाद में दोबारा सेवा में लौट आए.

अमिताभ ठाकुर (पूर्व IPS): सेवा से हटाए जाने के बाद पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने साल 2021 में 'आजाद अधिकार सेना' बनाई और 100 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया.

सुलखान सिंह (पूर्व DGP): पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने रिटायर होने के बाद नवंबर 2023 में 'बुंदेलखंड लोकतांत्रिक पार्टी' बनाई और अपनी सियासी ताकत जुटाने में लगे हैं.

राम बहादुर (पूर्व IAS): सेवानिवृत्ति के बाद 'नागरिक एकता पार्टी' में शामिल हुए. साल 2019 के लोकसभा चुनाव में जब सपा-बसपा गठबंधन के कारण गोंडा लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के खाते में चली गई, तब मायावती के करीबी माने जाने वाले राम बहादुर ने 'नागरिक एकता पार्टी' बैनर तले गोंडा से चुनाव लड़ा था. इस छोटे दल के साथ उनका चुनावी प्रयोग खास असरदार साबित नहीं हुआ.

चंद्रपाल (पूर्व IAS): इन्होंने 'आदर्श समाज पार्टी' बनाकर समाज बदलने का दावा किया, जिसे अभी चुनावी जमीन पर खुद को साबित करना बाकी है.

अलंकार अग्निहोत्री (पूर्व PCS): बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देकर इन्होंने 'राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा' बनाया है, जिसकी चुनावी परख अभी बाकी है.

Advertisement
Advertisement

Advertisement