डीएनए एक्सप्लेनर
सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि क्या उन लोगों को पार्टी का निशान दिया जा सकता है, जिन्होंने दलबदल जैसा संवैधानिक पाप किया है.
क्या एकनाथ शिंद गुट से असली शिवसेना होने का दर्जा और चुनाव चिन्ह- धनुष बाण वापस लिया जा सकता है? मंगलवार (6 अक्टूबर, 2026) को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि चुनाव आयोग को इस फैसले पर फिर से विचार करना पड़ सकता है. यह विचार तब करना पड़ सकता है अगर कोर्ट यह पाए कि महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष ने उस गुट के विधायकों के खिलाफ अयोग्यता याचिकाओं को गलत तरीके से खारिज कर दिया था.
लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा, 'मान लीजिए कि यह कोर्ट अयोग्यता का फैसला पलट देता है, तो चुनाव चिह्न वाले आदेश पर इसका क्या असर होगा? अगर फैसला गलत पाया जाता है तो क्या इसका मतलब यह नहीं होगा कि चुनाव आयोग ने किसी ऐसे व्यक्ति को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया, जिसे कानून का सही ढंग से पालन होने पर अयोग्य ठहराया जाना चाहिए?'
बेंच ने सवाल उठाए कि क्या उन लोगों को पार्टी का निशान दिया जा सकता है, जिन्होंने दलबदल जैसा संवैधानिक पाप किया है. एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट को असली पार्टी मानने और उसे धनुष-बाण चुनाव चिह्न देने के निर्वाचन आयोग के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई कर रहा था. कोर्ट ने इस बारे में दलीलें सुनीं कि क्या निर्वाचन आयोग का शिवसेना के शिंदे गुट को चुनाव चिह्न आवंटित करने के लिए मुख्य रूप से विधायी संख्या पर भरोसा करना सही था.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच इस मामले पर सुनवाई कर रही थी. शिंदे गुट की तरफ से सीनियर एडवोकेट नीरज किशन कौल पेश हुए और उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का हवाला देते हुए चुनाव आयोग के फैसले का बचाव किया. उन्होंने कहा कि चुनाव चिह्न (आरक्षण और आवंटन) आदेश के तहत कौन सा गुट राजनीतिक दल का गठन करता है, यह निर्धारित करने में यह परीक्षण कानूनी रूप से वैध और प्रासंगिक बना हुआ है.
एडवोकेट नीरज किशन कौल की इन दलीलों पर जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने उनसे पूछा कि पार्टी का चुनाव चिह्न ऐसे हालात में कैसे काम करेगा, जब अयोग्यता की कार्रवाई का सामना कर रहे सदस्य बाद में अपनी सदस्यता खो देते हैं. उन्होंने कहा, 'स्वतंत्रता राजनीतिक दल के पास रहती है और इसमें कहा गया है कि अगर अयोग्य सदस्य चले जाते हैं, तो बचे हुए सदस्यों को एक अलग चिह्न मिलता है. अभी, आप सादिक अली (फैसला) पढ़ने वाले थे.'

जज ने यह भी पूछा, 'क्या चुनाव चिह्न की भावना उन लोगों के लिए काम करेगी, जिन्होंने संवैधानिक पाप किया है या यह उन लोगों के लिए काम करेगी जिन्होंने संवैधानिक पाप की शिकायत की है?' इस पर शिंदे गुट ने कहा कि चुनाव चिह्न उस खेमे को मिलना चाहिए जो यह साबित करे कि वही असली राजनीतिक दल है. उन्होंने कहा कि अगर कोई भी समूह यह दावा साबित नहीं कर पाता, तो एक अलग सवाल उठेगा. इसके बाद सुनवाई बुधवार के लिए टाल दी गई.
साल 2022 में भी एडवोकेट नीरज किशन कौल ने इस मामले की सुनवाई में सादिल अली केस में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का जिक्र किया था, जिसमें बहुमत के जोर पर इंदिरा गांधी के हक में फैसला किया गया था. दरअसल, साल 1969 में कांग्रेस के अंदर फूट हुई थी और चुनाव आयोग के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई. उस समय कांग्रेस ऑर्गेनाइजेशन और कांग्रेस रिक्वेजिशन दो गुट बन गए थे. इंदिरा गांधी रिक्वेजिशन गुट का हिस्सा थीं और उसी को असली कांग्रेस कहा गया था. इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई. तब कोर्ट ने अहम बातों का जिक्र किया था, बहुमत, लक्ष्य और उद्देश्यों की जानकारी. बहुमत के जोर पर फैसला इंदिरा गांधी गुट के हक में गया और इसी गुट को इंडियन कांग्रेस का नाम दिया गया.
पिछली सुनवाई में यह सवाल भी उठा था कि क्या निर्वाचन आयोग ने दोनों गुटों को धनुष-बाण का आरक्षित चुनाव चिह्न देने से मना करने और उनके अलग-अलग चुनाव चिह्नों पर चुनाव लड़ने की संभावना पर ठीक से विचार किया है. इसके अलावा यह भी सवाल उठाया गया था कि क्या विधायी संख्या को सुरक्षित परीक्षण माना जा सकता है, जब उन्हीं विधायकों के खिलाफ अयोग्यता कार्यवाही लंबित हे, जिनकी संख्या उस बहुमत का आधार बनी थी.
एडवोकेट नीरज किशन कौल ने जवाब में कहा कि एकनाथ शिंदे का समर्थन करने वाले 40 विधायक, 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सीट जीतने वाले 55 शिवसेना विधायकों के पक्ष में डाले गए मतों की 76 प्रतिशत हिस्सेदारी रखते थे. उन्होंने लोकसभा के आंकड़ों का भी हवाला दिया, जिसमें कहा गया कि एकनाथ शिंदे का समर्थन करने वाले 13 सांसदों के पक्ष में डाला गया मत प्रतिशत अविभाजित पार्टी के निर्वाचित 18 सांसदों के पक्ष में डाले गए मतों का 73 प्रतिशत है.
शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट की मुख्य याचिका में महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के 10 जनवरी, 2024 के फैसले को चुनौती दी गई है जिसमें संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत शिंदे गुट के विधायकों को अयोग्य ठहराने से इनकार कर दिया गया था. उद्धव ठाकरे की एक संबंधित याचिका में निर्वाचन आयोग के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें शिंदे गुट को आधिकारिक शिवसेना के रूप में मान्यता दी गई थी और उसे पार्टी का चुनाव चिह्न आवंटित किया गया था.
साल 2023 में चुनाव आयोग ने शिवसेना का चुनाव चिन्ह धनुष-बाण एकनाथ शिंदे गुट को सौंप दिया था. चुनाव आयोग ने बताया था कि उसने शिंदे गुट के पक्ष में फैसला विधानसभा में कुल 67 विधायकों में से 40 का समर्थन उनके पास होने की वजह से दिया है. वहीं, संसद में भी उनके पास 13 सांसदों का समर्थन है, जबकि उद्धव ठाकरे के साथ सात सांसद हैं.
यह भी पढ़ें:- बारापुला फेज 3 पर क्यों रेंग रहे वाहन? ट्रैफिक पुलिस ने गूगल मैप्स को बताया विलेन, जानें और क्या है वजह