Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

मल्टीलेयर बैरिकेडिंग, 35 हजार जवान, ड्रोन-CCTV कैमरे और इंटरनेट सस्पेंड... CJP प्रोटेस्ट से पहले दिल्ली पुलिस अलर्ट

दिल्ली पुलिस ने CJP के जंतर-मंतर प्रोटेस्ट की परमिशन नहीं दी है. प्रदर्शन की अपील को देखते हुए पुलिस अलर्ट है. संवेदनशील इलाकों में FRS और CCTV कैमरे लगाए गए हैं.

Latest News
मल्टीलेयर बैरिकेडिंग, 35 हजार जवान, ड्रोन-CCTV कैमरे और इंटरनेट सस्पेंड... CJP प्रोटेस्ट से पहले दिल्ली पुलिस अलर्ट

दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है (फोटो-IANS)

Add DNA as a Preferred Source

कॉकरोच जनता पार्टी के 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन से दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट है. संवेदनशील इलाकों में चेहरा पहचानने वाले सिस्टम (FRS), सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन, 35 हजार से ज्यादा दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्सेज के जवानों को तैनात किया गया है. इसके अलावा जंतर-मंतर के चार किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट भी सस्पेंड रखा जाएगा. 

दिल्ली पुलिस ने पिछली बार सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान बने हालात से बचने के लिए सेंट्रल दिल्ली के चारों ओर मल्टीलेयर सिक्योरिटी का घेरा बना दिया है. दिल्ली की सीमाओं पर भारी बैरिकेडिंग और कड़ी जांच की जा रही है. यहां बीएसएफ और आईटीबीपी के जवान तैनात किए गए हैं. 

जंतर-मंतर के 4KM के दायरे में इंटरनेट सस्पेंड

नई दिल्ली के जनपथ–कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी. गृह मंत्रालय ने इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने की मंजूरी दे दी है.  9 अक्टूबर रात 10 बजे से 10 अक्टूबर रात 10 बजे तक इंटरनेट सस्पेंड रहेगा. मोबाइल इंटरनेट की सभी तकनीकों पर रोक लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. दिल्ली पुलिस ने एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया, जियो और एमटीएनएल को आदेश लागू करने के निर्देश दिए हैं. 

RAF

फोटो-IANS

20 जोन में बांटा गया नई दिल्ली जिला

लॉ एंड ऑर्डर को बनाए रखने के लिए नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटा गया है. सुरक्षा व्यवस्था की कड़ाई से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी और इसके लिए सभी 20 में से हर जोन की निगरानी का जिम्मा एक जॉइंट पुलिस कमिश्नर, एक डीसीपी और एक एडिशन डीसीपी को दिया जाएगा. सूत्रों ने कहा कि स्पेशल पुलिस कमिश्नर भी जोन की बारीकी से निगरानी करेंगे और लॉ एंड ऑर्डर के किसी भी हालात से निपटने के लिए सीनियर अधिकारियों से बातचीत करेंगे. 

CCTV

फोटो-PTI

नई दिल्ली में गाड़ियों की एंट्री बैन

9 अक्टूबर की रात 9 बजे के बाद से नई दिल्ली में गाड़ियों की एंट्री पूरी तरीके से बंद कर दी गई है. दिल्ली में लॉ एंड ऑर्डर को बनाए रखने के लिए 210 पैरामिलिट्री फोर्स की कंपनियां बुलाई गई हैं, जिनमें सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, आरएएफ शामिल हैं. जंतर-मंतर की ओर जाने वाले हर रास्ते को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. जंतर-मंतर की एंट्री पॉइंट पर 10 फीट से ऊंची बैरिकेडिंग की गई है.

दिल्ली की सीमाओं पर भी कड़ी निगरानी की जाएगी और एक्स्ट्रा कैमरे लगाए गए हैं. एहतियात बरतते हुए होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं की जांच की जा रही है. पुलिस मस्जिदों और मंदिरों से भी अपील जारी कर लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह कर रही है.

alert

फोटो-PTI

CJP को नहीं मिली प्रदर्शन की परमिशन

नई दिल्ली रेंज की जॉइंट पुलिस कमिश्नर नूपुर प्रसाद ने बताया कि सीजेपी प्रोटेस्ट को अनुमति नहीं दी गई है. उन्होंने कहा कि सीजेपी के को-कन्वेनर सौरभ दास का एप्लीकेशन मिला था. इस पर विचार किया गया, लेकिन पाया गया कि प्रदर्शन की अनुमति के लिए  7 अक्टूबर को आवेदन दिया गया. प्रसाद ने कहा कि इसकी सूचना तय तारीख से कम से कम 10 दिन पहले दी जानी चाहिए. 

जेसीपी नूपुर प्रसाद ने जुलाई में हुए सीजेपी प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा, 'इससे पहले भी कॉकरोच जनता पार्टी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी, लेकिन उस दौरान संगठन ने कानूनी निर्देशों और खुद दिए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया था. कानूनी निर्देशों और आश्वासनों का पालन नहीं किए जाने, लॉ एंड ऑर्डर की मौजूदा स्थिति और सार्वजनिक सुरक्षा-ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत को देखते हुए इस बार प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है.

RAF

फोटो-IANS

सराय काले खां नहीं जाएगी नमो भारत मेट्रो

निजामुद्दीन से मोदीपुरम के बीच चलने वाली नमो भारत मेट्रो में ऑपरेशनल में बदलाव किया गया है. NCRTC ने बताया कि सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे. इस दौरान आनंद विहार और मोदीपुरम स्टेशनों के बीच नमो भारत ट्रेन सेवाएं बिना किसी रुकावट के तय समय के अनुसार चलती रहेंगी.

राजीव चौक, नई दिल्ली समेत 57 मेट्रो स्टेशन बंद

दिल्ली पुलिस के कहने पर राजीव चौक, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और कश्मीरी गेट समेत 57 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट गेट शुक्रवार रात 9 बजे से अगली सूचना तक बंद रहेंगे. डीएमआरसी के अनुसार, प्रतिबंध 10 अक्टूबर को भी जारी रहेंगे और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर सभी प्रभावित स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रहेगी.

इन स्टेशनों में जनपथ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, जामा मस्जिद, चांदनी चौक, हौज खास और आईएनए शामिल हैं. इनके अलावा शाहीन बाग, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओखला विहार, कालिंदी कुंज, लाजपत नगर, आश्रम, सराय काले खां-निजामुद्दीन, वेलकम, शाहदरा, रिठाला, रोहिणी, आजादपुर, जंगपुरा और शिवाजी स्टेडियम भी बंद रहेंगे.

दिल्ली-निजामुद्दीन आने वाली ट्रेनें कैंसिल

नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक आने वाली सभी ट्रेनें कैंसिल रहेंगी. भारतीय रेलवे ने आदेश जारी कर बताया है कि दोनों स्टेशनों के आसपास जाम लगने की वजह से ये फैसला किया गया है. 

लल

फोटो-IANS

30 सड़कों-फ्लाईओवर पर ट्रैफिक प्रभावित

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को 30 सड़कों और फ्लाईओवर पर यातायात प्रभावित रहने की चेतावनी दी. पुलिस ने गैर-जरूरी यात्रा से बचने का भी अनुरोध किया है. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, यातायात प्रबंधन के उपाय मौके की स्थिति के आकलन के आधार पर लागू किए जाएंगे या उनमें ढील दी जाएगी. 

दीपके बोले- मैं दिल्ली आऊंगा, चाहें तो अरेस्ट कर लें

कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत दीपके ने कहा कि मैं कल दिल्ली आ रहा हूं. अगर आप मुझे अरेस्ट करना चाहते हैं तो कर लें, लेकिन मैं दिल्ली आ रहा हूं. उन्होंने कहा, 'कोर्ट के कहने के बाद भी उन्होंने ट्रेनें कैंसिल करना, फ्लाइट्स कैंसिल करना शुरू कर दिया है. नरेंद्र मोदी की सरकार सिर चढ़ गई है. पूरे देश से युवा कल दिल्ली आएंगे, हम शांति से प्रोटेस्ट करेंगे.'

दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं मिलने पर दीपके ने ANI से बात करते हुए कहा था, 'हमारा आंदोलन होकर रहेगा. जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगह है. अनुच्छेद 19 विरोध करने का मौलिक अधिकार देता है तो फिर, अनुमति लेने की क्या जरूरत है? क्या उन्होंने 13 करोड़ वोट हटाने से पहले अनुमति ली थी? क्या आप चाहते हैं कि हम चुनाव में धांधली करने वालों के खिलाफ आवाज न उठाएं? ऐसा नहीं हो सकता. देश इस तरह नहीं चल सकता. देश को बचाने के लिए हम विरोध करेंगे.'

ये भी पढ़ें-  'आप HC जाइए न', मेट्रो बंद-ट्रेनें रद्द और प्रदर्शन की इजाजत नहीं मिलने पर SC में सुनवाई के लिए अड़े सिब्बल से बोले CJI

Advertisement
Advertisement

Advertisement