Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

एक सीट के लिए ले ली शख्स की जान! दिल्ली मेट्रो में झगड़े के बाद पूर्व IAS और बेटे पर केस

मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व IAS अधिकारी संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Latest News
एक सीट के लिए ले ली शख्स की जान! दिल्ली मेट्रो में झगड़े के बाद पूर्व IAS और बेटे पर केस

9 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट मेट्रो पुलिस स्टेशन में ये मामला दर्ज किया गया (Image- DMRC)

Add DNA as a Preferred Source

दिल्ली मेट्रो में एक सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि 48 साल के पवन शर्मा की जान चली गई. आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास ट्रेन के अंदर वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीट को लेकर कहासुनी हुई. इसी दौरान पवन शर्मा को थप्पड़ मारा गया और धक्का दे दिया गया. वह नीचे गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई.

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस मामले में पुलिस ने पूर्व आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है.

दिल्ली मेट्रो में सीट को लेकर कैसे शुरू हुआ विवाद?

पुलिस के अनुसार, ये घटना 8 अक्टूबर को हुई थी. मेट्रो ट्रेन के अंदर वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीट को लेकर पवन शर्मा और दूसरे पक्ष के बीच बहस शुरू हुई थी. देखते ही देखते कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया. आरोप है कि बहस के दौरान पवन शर्मा को थप्पड़ मारा गया और धक्का देकर नीचे गिरा दिया गया. इस दौरान पवन के सिर में चोट लगी.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

एफआईआर के मुताबिक, घटना के बाद मेट्रो कर्मचारियों ने पवन शर्मा को एंबुलेंस से लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ट्रेन के अंदर विवाद किस तरह बढ़ा और पवन शर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

मृतक की मां की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

पवन शर्मा की मां दुर्गा शर्मा की शिकायत के आधार पर 9 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट मेट्रो पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने पूर्व आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह को मामले में आरोपी बनाया है. एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और धारा 3(5) लगाई गई हैं. 

कौन हैं संजय प्रताप सिंह और सिद्धार्थ सिंह?

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संजय प्रताप सिंह पूर्व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं. बताया गया है कि उन्हें इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो ने कथित रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया था. वहीं, उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह के सुप्रीम कोर्ट में वकालत करने की जानकारी सामने आई है. पुलिस फिलहाल 8 अक्टूबर को हुई इस घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. 

ये भी पढ़ें- 'लगा आज नहीं बचेंगे...', इंडिगो की फ्लाइट में लगी आग, यात्री ने बताया कैसे थम गई थीं सांसें

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement