Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

दर्शक के मुंह पर लगी गेंद, मेदवेदेव बीच मैच से डिस्क्वालीफाई, टेनिस का ये नियम क्या है?

चीन ओपन के सेमीफाइनल में टेनिस प्लेयर डेनिल मेदवेदेव को दर्शक के गेंद लगने के बाद डिस्क्वालीफाई कर दिया गया. जानिए टेनिस में ऐसी घटना से जुड़ा नियम क्या है.

Latest News
दर्शक के मुंह पर लगी गेंद, मेदवेदेव बीच मैच से डिस्क्वालीफाई, टेनिस का ये नियम क्या है?

मेदवेदेव चीन ओपन के सेमीफाइनल में जोकोविच के खिलाफ खेल रहे थे (Image Source- Chinaopen.com)

Add DNA as a Preferred Source

टेनिस कोर्ट पर खिलाड़ी का गुस्सा कई बार सिर्फ उसके खेल तक सीमित नहीं रहता. ऐसा ही कुछ चीन ओपन के सेमीफाइनल में देखने को मिला, जहां रूस के स्टार टेनिस खिलाड़ी डेनिल मेदवेदेव को मैच के बीच ही डिस्क्वालीफाई कर दिया गया.

वजह बनी एक ऐसी गेंद, जो उनके रैकेट से निकलकर सीधे दर्शक की तरफ चली गई और आंख पर जा लगी. खास बात ये रही कि ये घटना जानबूझकर किसी दर्शक को निशाना बनाकर नहीं की गई थी, लेकिन टेनिस के नियमों में ऐसी हरकत को गंभीरता से लिया जाता है. 

चीन ओपन में आखिर हुआ क्या?

मेदवेदेव चीन ओपन के सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच के खिलाफ खेल रहे थे. मुकाबले में जोकोविच 7-5, 5-3 से आगे थे और मैच जीतने से सिर्फ एक गेम दूर थे. इसी दौरान जोकोविच ने एक अंक जीता. गेंद कोर्ट की पिछली दीवार से टकराकर वापस मेदवेदेव की तरफ आई. मेदवेदेव ने गुस्से और झुंझलाहट में उस गेंद को बैकहैंड से दूसरी तरफ मार दिया. लेकिन गेंद कोर्ट में रहने के बजाय दर्शक दीर्घा में चली गई. 

दर्शक को लगी गेंद, मेदवेदेव मैच से बाहर

पहली कतार में बैठे एक दर्शक की आंख पर गेंद जा लगी. वह तुरंत अपनी बाईं आंख पकड़कर दर्द में दिखाई दिया और स्टेडियम के स्टाफ की मदद से बाहर गया. इसके बाद चेयर अंपायर और टूर्नामेंट अधिकारियों ने मामले पर चर्चा की और मेदवेदेव को मैच से बाहर कर दिया गया. 

 

मेदवेदेव ने घटना पर क्या कहा?

मेदवेदेव ने बाद में दर्शक से माफी मांगी. उनका कहना था कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि गेंद किसी व्यक्ति को लग सकती है. उन्होंने इसे 100 फीसदी दुर्घटना बताया और कहा कि वह गेंद को सिर्फ इसलिए मारना चाहते थे ताकि वह कोर्ट से बाहर न चली जाए. घटना का नतीजा सामने आने के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत बुरा लगा और दर्शक से माफी मांगी है. 

गेंद दर्शक को लग जाए तो डिस्क्वालीफाई क्यों?

टेनिस का एक अहम नियम है. एटीपी के नियमों में बॉल अब्यूज यानी गेंद का गलत या खतरनाक तरीके से इस्तेमाल एक अपराध माना गया है. नियम के मुताबिक खिलाड़ी मैच के दौरान गेंद को गुस्से में, खतरनाक तरीके से या लापरवाही से कोर्ट के बाहर नहीं मार सकता. अगर कोई खिलाड़ी गेंद को इस तरह मारता है कि उसके खतरनाक दिशा में जाने या किसी को चोट लगने का जोखिम पैदा हो, तो उस पर कार्रवाई हो सकती है.  

 

बाकी लोगों की सुरक्षा भी जरूरी

एटीपी के इस नियम का मकसद सिर्फ खिलाड़ियों को नियंत्रित करना नहीं है. टेनिस मैच देखने आए दर्शक, अधिकारी, बॉल बॉय और बाकी स्टाफ भी खेल का हिस्सा होते हैं और उनकी सुरक्षा जरूरी है. नियम में ये भी कहा गया है कि गेंद को इस तरह नहीं मारा जाना चाहिए कि उसके परिणामों की अनदेखी हो.

आमतौर पर गेंद से जुड़ी ऐसी हरकत पर पॉइंट पेनल्टी और जुर्माना हो सकता है. लेकिन अगर मामला गंभीर हो, किसी व्यक्ति को चोट लगे या घटना को बहुत गंभीर माना जाए, तो खिलाड़ी को मैच से बाहर भी किया जा सकता है. चीन ओपन में मेदवेदेव के मामले में यही हुआ. 

Medvedevइस घटना पर नोवाक जोकोविच ने क्या कहा? (Image Source- IANS)

जब जोकोविच भी इसी तरह हुए थे डिस्क्वालीफाई

दिलचस्प बात ये है कि कुछ साल पहले नोवाक जोकोविच खुद ऐसी स्थिति का सामना कर चुके हैं. 2020 यूएस ओपन में उन्होंने गुस्से में पीछे की तरफ गेंद मारी थी, जो लाइन जज को लग गई थी. उन्हें उस मैच से डिस्क्वालीफाई कर दिया गया था. इसलिए चीन ओपन में मेदवेदेव के साथ हुई घटना जोकोविच के लिए भी किसी पुराने अनुभव की याद जैसी थी. 

Medvedev(Image Source- IANS)
 

मेदवेदेव का विवादों से पुराना नाता 

मेदवेदेव का नाम सिर्फ उनकी उपलब्धियों की वजह से ही नहीं, बल्कि कोर्ट पर उनके गुस्से और विवादों की वजह से भी चर्चा में रहा है-

  • ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 के सेमीफाइनल में उन्होंने अंपायर के साथ तीखी बहस की थी और मैच के दौरान उनका गुस्सा कैमरों में साफ दिखाई दिया था. इस मामले में उन पर 17 हजार डॉलर से ज्यादा का जुर्माना लगा था. 
  • 2025 यूएस ओपन में भी वह विवादों में रहे. एक मैच के दौरान फोटोग्राफर के कोर्ट के पास आ जाने और अंपायर के फैसले से नाराज होकर उन्होंने जमकर विरोध किया. बाद में रैकेट से चेयर को नुकसान पहुंचाने और अपने व्यवहार के लिए उन पर कुल 42,500 डॉलर का जुर्माना लगाया गया.
  • मोंटे कार्लो मास्टर्स 2026 में भी उनका गुस्सा देखने को मिला, जब एक मैच में उन्होंने अपना रैकेट कई बार जमीन पर पटका और इस मामले में उन पर जुर्माना लगाया गया.

मेदवेदेव दुनिया के बेहतरीन टेनिस खिलाड़ियों में से एक हैं, लेकिन कोर्ट पर उनका आक्रामक और भावुक व्यवहार कई बार उनके लिए परेशानी भी खड़ी करता रहा है. चीन ओपन में दर्शक को गेंद लगने की घटना भले ही उनके मुताबिक हादसा थी, लेकिन टेनिस के नियमों में खिलाड़ी से अपने गुस्से और गेंद पर नियंत्रण रखने की जिम्मेदारी साफ तौर पर तय है. इसी वजह से एक पल की झुंझलाहट ने उनका पूरा सेमीफाइनल ही खत्म कर दिया और जोकोविच फाइनल में पहुंच गए. 

ये भी पढ़ें- एक वर्ल्ड कप-चार एशिया कप और लगातार दो गोल्ड, हरमनप्रीत कौर ने बतौर कप्तान अपने नाम की कई उपलब्धियां

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement