डीएनए एक्सप्लेनर
CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने पीसी में कई गंभीर आरोप लगाए. पुलिस ने पिछले प्रदर्शन में आगजनी और पथराव का हवाला देते हुए जनपथ पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं देने की वजह बताई.
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन और उसके संस्थापक अभिजीत दिपके की हिरासत को लेकर विवाद बढ़ गया है. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने रविवार (11 अक्टूबर 2026) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा और CJP पर कई गंभीर आरोप लगाए.
पुलिस का कहना है कि संगठन ने पहले भी नियमों और निर्देशों का पालन नहीं किया था. पिछले प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी, आगजनी और हिंसा की घटनाएं हुई थीं, जिसके चलते इस बार जनपथ पर धरने की इजाजत नहीं दी गई. पुलिस ने अभिजीत दिपके की दादी के निधन की जानकारी उन्हें देने को लेकर उठे सवालों पर भी सफाई दी.
दिल्ली पुलिस की डीसीपी और PRO नेहा यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि CJP का पिछला रिकॉर्ड ऐसा रहा है, जिसमें पहले दिए गए आश्वासनों और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन नहीं किया गया. उनके मुताबिक, पहले प्रदर्शन की अनुमति मिलने के बावजूद हालात बिगड़े थे. भीड़ की ओर से पत्थरबाजी और आगजनी की गई, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा था.
पुलिस ने आरोप लगाया कि CJP की ओर से पूरे मामले में पुलिस की गलत छवि पेश की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि इस बार प्रदर्शन की अनुमति देने से पहले पिछली घटनाओं, जरूरी प्रक्रियाओं और मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखा गया.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, CJP ने 10 अक्टूबर को जनपथ पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया था. लेकिन नई दिल्ली इलाके में लागू प्रतिबंधों और जरूरी प्रक्रियाओं का पालन नहीं होने के कारण इसकी अनुमति नहीं दी गई थी. पुलिस ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की जान-माल की रक्षा के लिए यह फैसला लिया गया.
नेहा यादव ने कहा कि नई दिल्ली समेत शहर के कई इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू थे. इन प्रतिबंधों के दौरान संबंधित इलाकों में जमावड़े और विरोध प्रदर्शन पर रोक थी. पुलिस के अनुसार, अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को इसी मामले में हिरासत में लिया गया था.
इस पूरे विवाद में अभिजीत दिपके की दादी के निधन की जानकारी उन्हें देने का मुद्दा भी चर्चा में रहा. CJP की ओर से आरोप लगाया गया था कि हिरासत में रहने के दौरान अभिजीत को उनकी दादी के निधन की खबर नहीं दी गई. उनकी मां ने भी दिल्ली पुलिस पर जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था.
#WATCH | Delhi | DCP Neha Yadav says, "As soon as the Delhi Police received information about the passing away of Cockroach Janta Party (CJP) Founder Abhijeet Dipke's grandmother, officers approached him to convey this sad news and offered all possible assistance. They sensitively asked if he needed help with flights, phone calls, or anything else. They repeatedly asked if he wished to speak to his parents, but he declined...Regarding CJP, their past conduct showed a failure to adhere to previously given undertakings and local directives. When permission was granted previously, they did not abide by the law; the crowd they mobilized engaged in heavy stone-pelting, arson, and violence, causing significant damage to public property. Permission for the proposed sit-in protest at Janpath was denied due to the failure to follow prescribed procedures, a history of non-compliance with laws and guidelines, and the prevailing security and law-and-order situation. To ensure Delhi's security and protect the lives and property of its citizens, Section 133 BNSS was imposed in several areas of the city, prohibiting any form of gathering or protest. Abhijeet Dipke and two of their associates were detained on October 10 in connection with a call for a protest at Janpath as permission for the demonstration had not been granted"
— ANI (@ANI) October 11, 2026
इन आरोपों के जवाब में दिल्ली पुलिस ने रविवार को एक वीडियो जारी किया. प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेहा यादव ने कहा कि जैसे ही पुलिस को अभिजीत की दादी के निधन की जानकारी मिली, अधिकारियों ने उन्हें इसकी सूचना दे दी थी. पुलिस के मुताबिक, उन्हें अंतिम संस्कार का समय भी बताया गया और घर जाने के लिए हर संभव मदद देने की पेशकश की गई.
नेहा यादव ने बताया कि अभिजीत को उनके गृह नगर जाने के लिए यात्रा संबंधी सहायता देने की बात कही गई थी. पुलिस का दावा है कि उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें फ्लाइट, फोन कॉल या किसी दूसरी तरह की मदद चाहिए. परिवार से बात करने का विकल्प भी दिया गया, लेकिन उन्होंने इन पेशकशों को स्वीकार नहीं किया.
पुलिस की ओर से जारी किए गए वीडियो में अभिजीत एक कमरे में बैठे दिखाई देते हैं. इस दौरान पुलिस की वर्दी में एक महिला और सादे कपड़ों में एक व्यक्ति उनसे बात करते नजर आते हैं. वीडियो में अभिजीत अपना चेहरा हाथों से ढक लेते हैं, जबकि उनके पास मौजूद व्यक्ति उन्हें पानी देता दिखाई देता है.
पुलिस के अनुसार, अभिजीत की दादी लंबे समय से बीमार थीं. महाराष्ट्र के हिंगोली में शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे उनका निधन हो गया था. हालांकि, CJP नेता आशुतोष रांका ने अभिजीत को ये खबर देने के तरीके पर सवाल उठाते हुए पुलिस पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाया.
अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को 10 अक्टूबर को विमान के अंदर से हिरासत में लिया गया था. पुलिस ने उन्हें कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद रविवार सुबह रिहा कर दिया. CJP की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह के मुताबिक, तीनों को एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त पर छोड़ा गया.
CJP ने तीनों नेताओं की रिहाई को बड़ी कानूनी जीत बताया है. दूसरी तरफ, दिल्ली पुलिस अपने फैसले को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा कदम बता रही है. फिलहाल इस पूरे मामले में दो पक्षों के अलग-अलग दावे सामने हैं. दिल्ली पुलिस ने जहां पिछले प्रदर्शनों और नियमों के उल्लंघन का हवाला देकर अनुमति नहीं देने की वजह बताई है, वहीं CJP ने पुलिस की कार्रवाई और उसके रवैये पर सवाल उठाए हैं.