Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

जंतर-मंतर पर आज फिर जुटेंगे CJP प्रदर्शनकारी, अनशन को लेकर सोनम वांगचुक का सरकार को अल्टीमेटम- '24 घंटे में...'

CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया वापस लेने की मांग को लेकर रविवार को फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है.

Latest News
जंतर-मंतर पर आज फिर जुटेंगे CJP प्रदर्शनकारी, अनशन को लेकर सोनम वांगचुक का सरकार को अल्टीमेटम- '24 घंटे में...'

शनिवार को हुए प्रोटेस्ट के दौरान कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया (Image- PTI)

Add DNA as a Preferred Source

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार (10 अक्टूबर 2026) को हुए विरोध प्रदर्शन के बाद भी मामला शांत होता नजर नहीं आ रहा है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे CJP ने साफ कर दिया है कि आंदोलन अभी खत्म नहीं होने वाला.

संगठन ने ऐलान किया है कि रविवार (11 अक्टूबर 2026ः) को एक बार फिर प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंचेंगे. वहीं, लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए नेताओं की रिहाई को लेकर सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर तय समय में नेताओं को रिहा नहीं किया गया, तो वह अनशन या पदयात्रा शुरू करने पर विचार करेंगे. 

मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

शनिवार को दिल्ली में हुए प्रदर्शन के बाद CJP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने अगले कदम की जानकारी दी. संगठन की ओर से अजिंक्य शिंदे ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के बिना आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा.उन्होंने साफ किया कि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं. 

दिल्ली पुलिस भी रहेगी तैयार

CJP ने रविवार को दोबारा जंतर-मंतर पहुंचने की घोषणा की है. ऐसे में राजधानी में एक बार फिर प्रदर्शनकारियों के जुटने की संभावना है. CJP के साथ AIYF, AISF और SFI जैसे संगठनों के भी प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया गया है. इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी की है.  

CJPनई दिल्ली के आईएनए में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन (Image- IANS)
 

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा और SIR प्रक्रिया को वापस लेना शामिल है. उनका कहना है कि इन मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए. शनिवार को भारी सुरक्षा इंतजामों के बीच प्रदर्शन हुआ. कई लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद भी विरोध का सिलसिला थमा नहीं. 

वांगचुक ने सरकार को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम  

सोनम वांगचुक ने भी इस बीच सरकार को चेतावनी दे डाली है. उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान नेताओं की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए उनकी जल्द रिहाई की मांग की है. वांगचुक का कहना है कि अगर अगले 24 घंटे में गिरफ्तार नेताओं को छोड़ नहीं दिया गया, तो वह खुद अनशन या पदयात्रा के जरिए विरोध दर्ज कराने पर विचार करेंगे. 

'नेताओं की गिरफ्तारी की खबर से झटका लगा'

गिरफ्तार किए गए लोगों में अभिजीत दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका समेत कॉकरोच पार्टी के कई सदस्य शामिल हैं. वांगचुक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने एक दिन पहले ही प्रदर्शन को लेकर शांति बनाए रखने और एकजुट रहने की अपील की थी. उन्हें उम्मीद थी कि विरोध शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ेगा, लेकिन नेताओं की गिरफ्तारी की खबर से उन्हें झटका लगा. 

उन्होंने मौजूदा हालात को अघोषित आपातकाल जैसा बताया. उनका कहना है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में अगर विरोध करने वाले नेताओं को गिरफ्तार किया जाता है, तो इस पर सवाल उठना स्वाभाविक है. 

CJPप्रदर्शनकारियों को रोकते हुए दिल्ली पुलिस के जवान (Image- IANS)
 

गिरफ्तारी के बाद बढ़ी सियासी हलचल

वांगचुक ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी थी कि प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए कई लोग आगे आए थे. लेकिन जब उन्हें पता चला कि उन नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है, तो उन्होंने उनकी रिहाई की मांग उठाई. अब उनकी नजर सरकार और प्रशासन के अगले कदम पर है. वांगचुक ने अपने संदेश में शांति और एकजुटता बनाए रखने पर भी जोर दिया है. 

दूसरी तरफ, पुलिस की ओर से हिरासत में ली गई महिला प्रदर्शनकारियों और वरिष्ठ नागरिकों को रिहा किए जाने की जानकारी सामने आई है. CJP के नेताओं के मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है. ऐसे में गिरफ्तार लोगों की रिहाई का मुद्दा अब आंदोलन का अहम हिस्सा बन गया है. 

जंतर-मंतर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शनिवार के प्रदर्शन को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. जंतर-मंतर के आसपास पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई. दिल्ली की सीमाओं पर वाहनों की जांच भी बढ़ाई गई और पिछले 48 घंटों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को एहतियातन हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई.

सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त थी कि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे लोगों को कई जगहों पर सुरक्षा बलों का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद आंदोलन से जुड़ा मुद्दा राजधानी से बाहर भी चर्चा में आ गया है. इस बार के प्रदर्शन को 'जंतर-मंतर 2.0' नाम दिया गया था. इसकी तैयारी कई दिनों से चल रही थी. इससे पहले CJP ने मुंबई और बेंगलुरु में भी विरोध प्रदर्शन किए थे, जो शांतिपूर्ण रहे.

रविवार के प्रदर्शन पर टिकी सबकी नजर 

अब रविवार को होने वाले प्रदर्शन पर सबकी नजर है. CJP ने अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने से इनकार कर दिया है, जबकि सोनम वांगचुक ने गिरफ्तार नेताओं की रिहाई के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. ऐसे में आने वाले समय में आंदोलन और तेज होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. 

ये भी पढ़ें- 'शेम ऑन यू, यूजलेस पीपल', जब फ्लाइट में पुलिस से लड़ रहे थे दीपके, सौरव और आशुतोष, तब CJP नेताओं से क्या बोले यात्री?

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement