डीएनए एक्सप्लेनर
सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि लंबित मुद्दों पर बैठक बुलाना शक्तियों के पृथक्ककरण के सिद्धांत के खिलाफ है, जो संविधान की मूल संरचना का अहम हिस्सा है.
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और बैलेट पेपर से वोटिंग जैसे मुद्दों पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत (CJI Surya Kant) ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे को अलग से बैठक करने से इनकार कर दिया है. उन्होंने अनुच्छेद 32 के तहत हर भारतीय को मिले मौलिक अधिकारों का हवाला देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं, जो भी मुद्दे हैं उस पर याचिका दायर कीजिए, उस पर कानून की व्यवस्थता के तहत सुनवाई करेंगे और जिसका जो बनता है वह अधिकार देंगे. उन्होंने कहा कि लंबित मुद्दों पर मीटिंग करना या बैठक बुलाना पूरी तरह से 'शक्तियों के पृथक्करण' के सिद्धांत के खिलाफ है.
सोमवार (12 अक्टूबर, 2026) को सीजेआई सूर्यकांत एनएचआरसी के फाउंडेशन डे में शामिल हुए. यहां पत्रकारों से बात करते हुए सीजेआई सूर्यकांत ने बताया कि रविवार को उन्हें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का पत्र मिला था, जिसका उन्होंने कल रात जवाब दे दिया है. उन्होंने बताया कि पत्र 10 अक्टूबर को आया था, लेकिन वह बाहर थे इसलिए उन्हें रविवार को मिला और उन्होंने पत्र का जवाब दे दिया है. कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीजेआई के जवाब वाला लेटर पोस्ट किया है.
लेटर में सीजेआई ने लिखा, '10 अक्टूबर, 2026 को मुझे आपका पत्र मिला, जिसमें आपने सोमवार, 12, अक्टूबर, 2026 को शाम 4 से 5 बजे इन मुद्दों पर ज्ञापन सौंपने के लिए मुलाकात का अनुरोध किया है-
सबसे पहले इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए, इन मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट में पहले से ही सुनवाई चल रही है. ऐसे में लंबित मामलों पर चर्चा करने के लिए कोई बैठक या मीटिंग बुलाना पूरी तरह से 'शक्तियों के पृथक्करण' (Separation of Powers) के सिद्धांत के खिलाफ है, जो कि हमारे संविधान के बुनियादी ढांचे का एक अहम हिस्सा है. ऐसा करना न्यायिक मर्यादा और नैतिकता के भी खिलाफ होगा.
इसी संदर्भ में, मैं आपको यह भी याद दिलाना चाहता हूं कि हमारे संवैधानिक ढांचे के अंतर्गत सुप्रीम कोर्ट को उन मुद्दों से निपटने के लिए कोई प्रशासनिक शक्तियां प्राप्त नहीं हैं, जिनका जिक्र आपने पत्र में किया है. हम संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत अपने अधिकार क्षेत्र का प्रयोग करते हुए न्यायिक समीक्षा सहित अन्य पूर्ण शक्तियों के साथ देश के नागरिकों को प्रभावित करने वाले मुद्दों के मूल पर न्यायिक दृष्टिकोण से विचार करने के लिए बाध्य हैं.'
Here is a copy of CJI Shri Surya Kant's letter to Congress President & LoP in Rajya Sabha Shri @kharge and LoP in Lok Sabha Shri @RahulGandhi. https://t.co/n76NmufJ9P
— Congress (@INCIndia) October 12, 2026
अनुच्छेद 32 नागरिकों को अपने मौलिक अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में सीधे सुप्रीम कोर्ट जाने का अधिकार देता है. सीजेआई ने कहा कि कोर्ट हर नागरिक के मौलिक अधिकारों की रक्षी के लिए प्रतिबद्ध है और नागरिक कानून में निर्धारित प्रक्रिया के तहत किसी भी समय उनके संरक्षण के लिए कोर्ट का रुख कर सकते हैं. पत्र में आगे सीजेआई ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से कहा कि प्रशासनिक पक्ष में ज्ञापन सौंपने के बजाय सुप्रीम कोर्ट की न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करना ज्यादा उचित होगा.
NHRC कार्यक्रम के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए सीजेआई ने कहा, 'सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं, चाहे वह आम नागरिक हो या माननीय सदस्य हो, भारत के हर नागरिक को अधिकार है कि वह हमारे पास आए, कानून के अनुरूप जो व्यवस्था है, उसके तहत हम सुनवाई करेंगे और जिसका जो बनता है, उसको वह अधिकार देंगे.'
सीजेआई सूर्यकांत के जवाब के बाद विपक्षी नेताओं ने सीईसी के इस्तीफे, एसआईआर और चुनाव से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दाखिल कर दी है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के नेता सौगत रॉय, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी यह याचिका दायर की है. सीजेआई सूर्यकांत ने कहा था कि अगर उचित लगे, तो नेता सोमवार को अपनी याचिका दाखिल कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि याचिका या तो सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच सुप्रीम कोर्ट में भौतिक रूप से या फिर ई-फाइलिंग विकल्प का उपयोग करके दाखिल की जा सकती है.
यह भी पढ़ें:- खोपड़ी, हड्डियां और 'वन पीस' का नारा... नेहा बोरा की टी-शर्ट में कैसे छिपा है दुनिया भर के युवा विद्रोह का पूरा इतिहास?