Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

Explainer:बंगाल, तमिलनाडु से लेकर असम-पुडुचेरी तक, देश में 6 सीटों पर उपचुनाव, किसका कहां बजेगा डंका?

By Election 2026: पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज वोटिंग हो रही है. इसमें वेस्ट बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट सबसे हाई प्रोफाइल है, यहां से सीएम शुभेंदु ने जीत दर्ज की थी.

Latest News
Explainer:बंगाल, तमिलनाडु से लेकर असम-पुडुचेरी तक, देश में 6 सीटों पर उपचुनाव, किसका कहां बजेगा डंका?

उपचुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं (इमेज क्रेडिट - AI)

Add DNA as a Preferred Source
  • उपचुनाव के नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे 
  • बंगाल की रेजीनगर सीट पर बहुकोणीय मुकाबला है
  • असम में एक सीट पर 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं

By Election 2026: देश के चार राज्यों में 6 सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है. पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट और असम की नागांव लोकसभा सीट पर मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. मतदान मंगलवार (6 अक्टूबर) सुबह 7 बजे से शुरू है, जो शाम के 5 बजे तक होगा. इन 6 सीटों पर हो रहा उपचुनाव राज्यों में सत्ताधारी पार्टी और विपक्ष के लिए राजनीतिक परीक्षा के तौर पर देख जा रहा है. 

क्या नंदीग्राम में जीत दर्ज कर पाएगी बीजेपी?

पश्चिम बंगाल में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है, जिसमें नंदीग्राम सीट सबसे हाई-प्रोफाइल है. सीएम शुभेंदु अधिकारी ने इस साल हुए विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी. बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखते हुए नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया था, जिस कारण यहां उपचुनाव हो रहा है. 

नंदीग्राम में बीजेपी ने हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है, जो सीएम शुभेंदु के पूर्व पीए चंद्रनाथ रथ की मां हैं. वहीं कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान भी मुकाबले में हैं. चुनाव प्रचार के दौरान यहां जमकर सियासी हंगामा भी हुआ था. मिलन प्रधान को पुराने नंदीग्राम भूमि आंदोलन से जुड़े मामलों में गिरफ्तार कर लिया गया था. अभी वह जमानत पर हैं. 

मतदान से ठीक एक दिन पहले चुनाव आयोग ने नंदीग्राम थाना प्रभारी अधिकारी को भी बदल दिया. अजय कुमार मिश्रा की जगह देबाशीष सरकार को नया प्रभारी बनाया गया है. विपक्षी दलों ने मिश्रा पर बीजेपी के करीब होने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी.

चुनाव आयोग ने तबादले का कारण सार्वजनिक रूप से नहीं बताया है, लेकिन इसे लेकर राजनीतिक चर्चा तेज है. राजनीतिक विश्लेषक विनोद शुक्ला ने बताया कि नंदीग्राम सीए शुभेंदु की पारंपरिक सीट है. यहां से बीजेपी की स्थिति मजबूत है और जीत मिलने की पूरी संभावना है.

रेजीनगर में बहुकोणीय मुकाबला

रेजीनगर सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प है. 2026 के चुनाव में हुमायूं कबीर ने दो सीटों से जीत दर्ज की थी और बाद रेजीनगर सीट छोड़ दी थी. यहां बीजेपी, कांग्रेस, आम जनता उन्नयन पार्टी और टीएमसी से जुड़े अलग-अलग गुटों के उम्मीदवार मैदान में हैं. मुस्लिम बहुल सीट होने के कारण यहां वोटों का ध्रुवीकरण और विपक्षी वोटों का बंटवारा परिणाम पर बड़ा असर डाल सकता है.

इस सीट से बीजेपी ने शाखारव सरकार को उम्मीदवार बनाया है, तो वहीं हुमायूं ने अपने बेटे गुलाम नबी आजाद को यहां से चुनावी मैदान में उतारा है. टीएमसी के रबीउल आलम चौधरी और कांग्रेस के मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी भी मैदान में हैं. 

तमिलनाडु में विजय की पहली बड़ी परीक्षा

तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर भी मतदान हो रहा है. इन दोनों सीटों के विधायक पहले AIADMK से चुनाव जीते थे और बाद में इस्तीफा देकर विजय की TVK पार्टी में शामिल हो गए थे. इसी वजह से दोनों सीटें खाली हुईं और उपचुनाव हो रहा है. 

इन चुनावों को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली नई TVK सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. विजय के लिए यह सरकार बनने के बाद पहला बड़ा चुनावी टेस्ट है. DMK और AIADMK भी इन सीटों पर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में हैं. दोनों सीटों पर सीएम विजय ने आक्रामक प्रचार भी किया था. 

मरगधम कुमारवेल को मदुरंतमक सीट से और पी. सत्यभामा को धारापुरम सीट से टीवीके ने उम्मीदवार बनाया है. वहीं AIADMK ने मदुरंतकम से पूर्व विधायक कनिथा संपत और धारापुरम से के. भानुमति को मैदान में उतारा है.

TVK के लिए जीत का मतलब विधानसभा में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करना होगा, जबकि DMK इन सीटों के जरिए वापसी का संकेत देना चाहेगी. AIADMK के लिए भी यह मुकाबला महत्वपूर्ण है, क्योंकि पार्टी के सामने अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने की चुनौती है.

तमिलनाडु की 5 खाली सीटों पर अभी चुनाव क्यों नहीं?

तमिलनाडु में मौजूदा समय में 7 विधानसभा सीटें खाली हैं, लेकिन चुनाव आयोग ने फिलहाल केवल मदुरंतकम और धारापुरम में उपचुनाव कराया है. बाकी पांच सीटों तिरुचि ईस्ट, पेरुंदुरई, अंबासमुद्रम, विरालीमलाई और करूर से जुड़े चुनाव परिणामों का मामला कोर्ट में लंबित है. इस कारण इन सीटों पर अभी उपचुनाव नहीं कराया जा रहा है. 

पुडुचेरी में रंगासामी की साख का सवाल

पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट पर भी मतदान हो रहा है. यह सीट मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद खाली हुई है. रंगासामी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में थट्टानचावडी और मंगलम दोनों सीटों से जीत हासिल की थी, लेकिन बाद में उन्होंने मंगलम सीट अपने पास रखी और थट्टानचावडी छोड़ दी.

इस सीट पर कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं. मुख्य मुकाबला सत्ताधारी AINRC के नेतृत्व वाले NDA उम्मीदवार अशोक आनंद और कांग्रेस उम्मीदवार ई. विनायगम के बीच माना जा रहा है. कांग्रेस उम्मीदवार को TVK का समर्थन भी हासिल है, जबकि DMK और अन्य दल भी चुनाव मैदान में हैं. करीब चार महीने पुरानी NDA सरकार के लिए यह उपचुनाव लोकप्रियता की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है. 

असम की नागांव सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला

असम की नागांव लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है. यहां मुकाबला बीजेपी, कांग्रेस और AIUDF के बीच त्रिकोणीय है. बीजेपी इस मुस्लिम बहुल सीट पर अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस अपने पारंपरिक अल्पसंख्यक वोट बैंक को बचाकर सीट पर पकड़ बनाए रखना चाहती है. AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल भी मैदान में हैं.

नागांव लोकसभा क्षेत्र में करीब 19 लाख मतदाता हैं और कुल 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. बीजेपी उम्मीदवार देवाशीष शर्मा, कांग्रेस के सिबामोनी बोरा और AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच मुकाबला है. 

शुभेंदु और विजय के लिए महत्वपूर्ण है चुनाव 

पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के लिए नंदीग्राम और रेजीनगर शुरुआती जनसमर्थन का संकेत दे सकते हैं. तमिलनाडु में विजय की TVK के लिए यह चुनाव सरकार की स्वीकार्यता और संगठन की ताकत का पहला बड़ा टेस्ट माना जा रहा है. राजनीतिक विश्वलेषक बीबीसी के पूर्व पत्रकार समीरात्मज मिश्रा ने कहा कि दोनों राज्यों में उपचुनाव के नतीजे सरकार के कामकाज और फैसले पर अपनी मुहर लगाएंगे. उपचुनाव के नतीजे 9 अक्टूबर को आएंगे. 

Advertisement
Advertisement

Advertisement