डीएनए एक्सप्लेनर
मेरठ की जिला जेल के अधीक्षक ने बताया कि मुस्कान ने बेटी से मिलने की इच्छा जताई है. परिवार से कोई उससे मुलाकात करने जेल नहीं आता है.
एक साल पहले जिस मुस्कान रस्तौगी ने पति सौरभ राजपूत को मौत के घाट उताकर हफ्तों तक लाश को घर में ही नीले ड्रम में छिपाकर रखा था, अब उसकी रातों की नींद उड़ी हुई है. न किसी से बात करती है, अकेले बैठी रहती है और न ठीक से खाना खाती है. उत्तर प्रदेश के मेरठ की जिला जेल में बंद मुस्कान और उसका बॉयफ्रेंड साहिल शुक्ला का आजकल यही हाल है. मार्च, 2025 में दोनों ने मिलकर सौरभ राजपूत की हत्या की थी, इस साल 30 सितंबर को जिला अदालत ने दोनों को दोषी करार दिया और 14 अक्टूबर यानी कल दोनों को सजा सुनाई जानी है.
सौरभ के घरवालों ने मुस्कान और साहिल के लिए फांसी की मांग की है. उनका कहना है कि अगर फांसी नहीं दी गई तो वह सुप्रीम कोर्ट जाएंगे. मुस्कान के पिता ने भी बेटी के लिए मृत्युदंड की अपील की और कहा कि वह समाज के लायक नहीं है. अब कोर्ट क्या सजा सुनाता है वो तो कल ही पता चलेगा, लेकिन अभी मुस्कान और साहिल का क्या हाल है, जेल के सुपरीटेंडेंट वीरेश राज शर्मा ने बताया है. उनका कहना है कि दोनों के ऊपर खास नजर रखी जा रही है, दोनों गुमसुम रहते हैं. किसी से ज्यादा बात नहीं करते, खुराक भी कम हो गई है. घर से कोई मुस्कान से मिलने नहीं जाता और उसने बेटी से मिलने की इच्छा जताई है.
वीरेश राज ने कहा, 'हम हर बंदे पर नजर रखते हैं, मुस्कान और साहिल को माननीय अदालत ने 30 सितंबर को ही दोषी ठहराया है. कल सजा का दिन है तो उन पर पूरी निगरानी रखी जा रही है, सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं. उनका व्यवहार भी मॉनिटर किया जा रहा है. डॉक्टर भी देख रहे हैं. मुस्कान और साहिल ज्यादातर समय अपने आप में बिता रहे हैं, अकेले रहते हैं, किसी से ज्यादा बात नहीं कर रहे हैं. खाना भी काफी कम खाया है तो उन्हें समझा-बुझा दिया गया है और बाकी स्थिति सामान्य है.'
मुस्कान और साहिल की कोर्ट में पेशी पर वीरेश राज ने कहा कि शाम तक माननीय न्यायालय का कोई निर्देश आएगा कि कोर्ट में पेश करना है या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी होनी है, फिलहाल तो इसे लेकर कोई निर्देश आया नहीं है. जैसे ही माननीय न्यायालय का आदेश आएगा, उसके अनुसार कार्यवाही की जाएगी.
#WATCH | Meerut, Uttar Pradesh | Saurabh Rajput murder case | Jail Superintendent Veeresh Raj says, "We are keeping a close eye on the convicts Muskan and Sahil because their guilt has already been proven by the court. Tomorrow is the sentencing day. They are under strict surveillance, special security arrangements have been made, and their behavior is being monitored. Doctors are also checking on them. Both of them are mostly keeping to themselves, not talking to anyone, and they haven't eaten much either. So they have been counseled, and the rest of the situation is normal..." He also says, "By the evening we will get instructions on whether they need to be presented in court or via video conferencing, no such decision has come in yet. As soon as the court's order comes in, we will take action accordingly."
— ANI (@ANI) October 13, 2026
नीले ड्रम केस में पुलिस ने मुस्कान और साहिल के खिलाफ एक हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टावर लोकेशन और ड्रम और सीमेंट बेचने वाले दुकानदारों के बयान शामिल थे. इस चार्जशीट ने कोर्ट में मुस्कान और साहिल का अपराध साबित कर दिया. 30 सितंबर को दोनों को दोषी करार देते हुए कोर्ट ने कहा था कि 15 दिन बाद सजा सुनाई जाएगी. 14 अक्टूबर को जिस जुर्म के लिए मुस्कान और साहिल को सजा सुनाई जानी है, उसने पूरे देश को सकते में डाल दिया था.
29 साल के सौरभ राजपूत लंदन में काम करते थे और हत्या से एक महीने पहले ही भारत लौटे थे. साल 2016 में सौरभ ने मुस्कान से शादी की थी, दोनों मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाके में आस-पास ही रहते थे. ये लव मैरिज थी और उनके परिवार शादी से खुश नहीं थे. आर्थिक हालत बिगड़ने की वजह से सौरभ की परिवार से भी अनबन होने लगी और वह इंदिरा नगर में परिवार से अलग होकर मुस्कान के साथ रहने लगा. साल 2019 में दोनों को एक बेटी हुई.
एएसपी मेरठ आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सौरभ के घर से थोड़ी ही दूरी पर साहिल रहता था. साहिल और मुस्कान आठवीं क्लास तक साथ पढ़े थे. साहिल ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करता था. जब साहिल और मुस्कान आसपास रहने लगे तो दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया. सौरभ को भी यह बात पता चली तो वह काफी नाराज हुआ और मुस्कान को तलाक देने का मन बना लिया. 2021 में उसने तलाक के लिए कानूनी रास्ता अख्तियार किया, लेकिन बेटी की वजह से घरवालों के समझाने पर वह मान गया और मुस्कान के साथ ही जिंदगी बिताने का फैसला किया. हालांकि, सौरभ और मुस्कान के बीच रिश्ते तनावपूर्ण ही थे.
मुस्कान ने पुलिस को बताया कि साल 2023 में सौरभ लंदन नौकरी करने के लिए चला गया, इस दौरान मुस्कान और साहिल का मिलना-जुलना और ज्यादा बढ़ गया. फरवरी, 2025 में सौरभ को भारत लौटना था क्योंकि उसका पासपोर्ट एक्सपायर होने वाला था, उसे रिन्यू करवाने के लिए उसे घर आना था. मुस्कान ने जब यह बात साहिल को बताई तो दोनों ने सौरभ को रास्ते हटाने का प्लान बनाया और चाकू, बेहोशी की दवाएं सब खरीद लाए. साजिश को अंजाम देने के लिए तीन मार्च का दिन चुना.
तीन मार्च की रात मुस्कान ने सौरभ को खाना दिया और उसमें बेहोशी की दवाइयां मिला दीं. जब सौरभ हल्का बेहोश हुआ तो साहिल ने उसके हाथ पकड़े और मुस्कान ने चाकू से हमला कर दिया. पुलिस के अनुसार, जब लाश को छिपाने की बारी आई तो दोनों सौरभ की बॉडी को बाथरूम में ले गए और शरीर की तीन टुकड़े कर दिए. अगले दिन यानी 4 मार्च को मुस्कान बाजार गई और एक ड्रम और सीमेंट खरीदकर ले आई. इसके बाद सौरभ के अलग-अलग अंगों को काटकर ड्रम में भर दिया और फिर उसमें सीमेंट डाल दिया. इसके बाद मुस्कान ने बेटी को मां के पास छोड़ा और साहिल के साथ हिमाचल प्रदेश के कसोल घूमने निकल गई. मुस्कान और साहिल की प्लानिंग यह थी कि वापस आकर वे लाश को कहीं ठिकाने लगा देंगे, लेकिन सीमेंट और लाश की वजह से ड्रम इतना भारी हो गया कि उसको ले जाना मुश्किल था इसलिए कई दिनों तक बाथरूम में ही ड्रम रखे रखा.
17 मार्च को जब मुस्कान घर लौटी तो उसकी बेटी ने अपने पिता यानी सौरभ के बारे में पूछा. इसके बाद मुस्कान अपने मायके गई और ससुराल वालों पर सौरभ की हत्या का आरोप लगाना शुरू कर दिया. हालांकि, उसके माता-पिता को उसकी बात पर भरोसा नहीं हुआ और वह उसको थाने ले गए. जब पुलिस ने उससे सौरभ को लेकर डिटेल मांगनी शुरू की तो मुस्कान ने अपना जुर्म कबूल लिया, जिसके बाद उसके घर से नीला ड्रम बरामद किया गया और साहिल की भी गिरफ्तारी हुई.
यह भी पढ़ें:- 'मम्मी मैं आकर रोटी खाऊंगा', घर पर सब्जी रखने को कहकर आए थे परविंदर झोटा, मेडिकल स्टोर पर मर्डर, फैमिली में कौन-कौन?