Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

Explainer: राज्यसभा की लिस्ट से BJP ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए दे दिये बड़े संकेत- जानें सभी नये चेहरों को क्यों मिला मौका

Rajya Sabha Election: राज्यसभा चुनाव के लिए जारी इस लिस्ट में क्षेत्रीय संतुलन, महिलाओं की मौजूदगी और संगठनात्मक अनुभव सबको तरजीह दी है. BJP ने तीन अति पिछड़ी जातियों, दो अनुसूचित जाति (दलित), दो ब्राह्मण और एक क्षत्रिय बिरादरी के नेताओं को उम्मीदवार बनाया है.

Latest News
Explainer: राज्यसभा की लिस्ट से BJP ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए दे दिये बड़े संकेत- जानें सभी नये चेहरों को क्यों मिला मौका

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होगा. (Photo: ANI)

Add DNA as a Preferred Source

Rajya Sabha Election: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 16 अक्टूबर को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए 8 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. इनमें 2 महिला उम्मीदवारों के नाम भी शामिल हैं. BJP ने जिन आठ उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है, उनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का नाम शामिल नहीं है. हरदीप पुरी का कार्यकाल खत्म होने वाला है. उम्मीद थी कि BJP उन्हें दोबारा राज्यसभा भेजेगी. लिस्ट में पुरी का नाम नहीं होने से इस बात के भी कयास लगने शुरू हो गए हैं कि केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बदलाव होने वाला है. BJP के राज्यसभा नॉमिनेशन से इस बात की शुरुआती झलक भी मिलती है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों में कैसे जा सकती है. राज्यसभा चुनाव के लिए जारी इस लिस्ट में क्षेत्रीय संतुलन, महिलाओं की मौजूदगी और संगठनात्मक अनुभव सबको तरजीह दी है.

BJP ने किन्हें मैदान में उतारा?

  1. धर्मपाल सिंह
  2. प्रियंका सिंह रावत
  3. श्रुति गंगवार 
  4. राधाकांत ओझा
  5. प्रकाश पाल
  6. विद्यासागर सोनकर
  7. गोपी कृष्ण पांडे
  8. राम प्रताप सिंह चौहान

क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों का पूरा ध्यान

BJP ने राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट में क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों का पूरा ध्यान रखा है. आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन से जुड़े नेताओं को तरजीह दी गई है. न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, आठ उम्मीदवारों में 2 महिलाओं को शामिल किया गया है, जबकि अति पिछड़े वर्ग को सबसे अधिक भागीदारी मिली है. BJP ने तीन अति पिछड़ी जातियों, दो अनुसूचित जाति (दलित), दो ब्राह्मण और एक क्षत्रिय बिरादरी के नेताओं को उम्मीदवार बनाया है. 

केंद्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव की उम्मीद!

BJP ने उत्तर प्रदेश को पश्चिम, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, काशी, गोरखपुर और अवध-छह क्षेत्रों में बांटा है और उम्मीदवारों के चयन में इन क्षेत्रों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है. उम्मीदवारों में धर्मपाल सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं और बरेली जिले की आंवला विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं. वह अति पिछड़े लोध समाज से आते हैं. इसी बिरादरी से आने वाले BL वर्मा केंद्र सरकार में राज्य मंत्री हैं और उनका कार्यकाल समाप्त होने वाला है. उन्हें दोबारा राज्यसभा का मौका नहीं दिए जाने से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वर्मा को मंत्रिमंडल छोड़ना पड़ सकता है.

अति-पिछड़े समुदाय भी ध्यान

पिछड़ी जातियों में BJP ने उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल को उम्मीदवार बनाया है. प्रकाश पाल अति पिछड़े गड़रिया और धनगर समाज से आते हैं. भाजपा ने इस बिरादरी को महत्व इसलिए भी दिया है, क्योंकि समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल भी इसी समाज से हैं. BJP ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाकर महिला प्रतिनिधित्व के साथ-साथ अति पिछड़ी कुर्मी बिरादरी को भी प्रतिनिधित्व दिया है.

संगठन के साथ वफादारी का मिला इनाम

दलित नेताओं में BJP ने अपने पुराने कैडर विद्यासागर सोनकर को उम्मीदवार बनाया है. सोनकर BJP के पूर्व विधान परिषद सदस्य और परिसीमन से पहले सैदपुर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद रह चुके हैं. वह प्रदेश इकाई में महामंत्री भी रह चुके हैं. अक्सर प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में उनका नाम आता रहा, लेकिन मौका नहीं मिलने के बावजूद वह संगठन के प्रति समर्पित रहे. एक अन्य उम्मीदवार प्रियंका सिंह रावत भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं. वह 2014 में भाजपा के टिकट पर बाराबंकी से सांसद निर्वाचित हुई थीं, लेकिन 2019 में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया. टिकट कटने के बाद वह भावुक नजर आई थीं, लेकिन उन्होंने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा बरकरार रखी.

अगड़े समुदाय के तीन नेताओं को भी मौका

BJP ने अगड़े वर्ग के तीन उम्मीदवारों को मौका दिया है. इनमें राम प्रताप सिंह चौहान आगरा जिले से विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में पार्टी की प्रदेश इकाई में महामंत्री हैं. ब्राह्मण समुदाय से आने वाले राधाकांत ओझा इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता हैं और भाजपा से जुड़े हैं. वह इलाहाबाद उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. लोकसभा चुनाव में उन्हें फूलपुर से दावेदार माना जा रहा था, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला. एक अन्य उम्मीदवार गोपी कृष्ण पांडेय के बारे में भाजपा के एक नेता ने बताया कि वह संगठन से जुड़े नेता हैं. 

किन-किन का कार्यकाल हो रहा खत्म?

  • अरुण सिंह- BJP
  • गीता शाक्य- BJP 
  • नीरज शेखर- BJP 
  • बृजलाल-BJP
  • बी. एल. वर्मा- BJP
  • सीमा द्विवेदी- BJP
  • हरदीप सिंह पुरी-BJP
  • राम गोपाल यादव-SP
  • रामजी गौतम- BSP 

सपा ने उतार दिया तीसरा उम्मीदवार तो ...?

इन सभी सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होने जा रहा है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह का उपराज्यपाल बनाए जाने के बाद डॉ. दिनेश शर्मा ने पिछले महीने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद अब सबकी निगाहें समाजवादी पार्टी के तीसरे और भाजपा के 9वें उम्मीदवार पर टिकी हैं. संकेत मिल रहे हैं कि अखिलेश यादव तीसरे उम्मीदवार को उतारने की तैयारी में हैं. समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने भी पिछले दिनों पत्रकारों से कहा था कि पार्टी तीसरा उम्मीदवार उतारेगी.  

  • उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होगा. 
  • अगर सपा ने तीसरा और BJP ने भी 9वां उम्मीदवार उतारा तो मतदान तय है.
  • जिनका कार्यकाल समाप्त हो रहा, BJP ने किसी को भी दोबारा मौका नहीं दिया.
  • इनमें केंद्र के 2 मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बी. एल. वर्मा भी शामिल हैं. 
  • चुनाव आयोग के मुताबिक, नामांकन भरने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर तक है.
  • वोटिंग के बाद उसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी.  

2027 के चुनावों से पहले एक बड़ा मैसेज

राज्यसभा नॉमिनेशन को 2027 के उत्तर प्रदेश असेंबली चुनावों के लिए BJP के पॉलिटिकल कैलकुलेशन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. ऐसा लगता है कि पार्टी अलग-अलग इलाकों, कम्युनिटी, महिलाओं और ऑर्गेनाइजेशनल ग्रुप्स को तरजीह देते हुए अपने मौजूदा सोशल गठबंधन को बनाए रखने की कोशिश कर रही है. लिस्ट से बड़ा मैसेज यह है कि राज्यसभा नॉमिनेशन पार्लियामेंट में रिप्रेजेटेशन से कहीं ज्यादा हैं. वे यह भी बताते हैं कि BJP 2027 से पहले उत्तर प्रदेश में अपनी सोशल इंजीनियरिंग स्ट्रैटेजी को कैसे बेहतर बना रही है. 

 

चुनाव आयोग ने बनाये खास नियम

न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयोग ने इस चुनाव के लिए एक खास नियम भी बनाया है. वोट डालने के लिए बैलेट पेपर पर पसंद बताने के लिए केवल इंटीग्रेटेड वॉयलेट कलर के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा. यह पेन रिटर्निंग ऑफिसर की तरफ से दिया जाएगा. किसी और पेन से वोट नहीं डाला जा सकेगा. आयोग ने कहा है कि चुनाव को निष्पक्ष बनाने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और चुनाव प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी. 

हमारे सभी उम्मीदवार जीतेंगे

राज्यसभा प्रत्याशी बनाये जाने के बाद राधाकांत ओझा ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी ईमानदारी से निभाएंगे. वहीं, प्रकाश पाल ने कहा कि, पार्टी नेतृत्व ने मुझे से मौका दिया है इसके लिए सभी को आभार. हमारे आठ के आठ उम्मीदवार जीतेंगे. 

क्या बोले BJP प्रवक्ता?

लिस्ट जारी होने के बाद BJP प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि हमने आठ नाम घोषित किए हैं तो इसमें सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास सब है. हम यह बड़े गर्व से कह सकते हैं कि अगर हम महिला आरक्षण की बात करते हैं तो उसको चरितार्थ करते हैं. संसद में कानून पारित करके और आज भी जो सूची आई है, उसमें दो नाम महिलाओं के हैं. यह दिखाता है एक दूरदर्शिता है. नरेंद्र मोदी जी और योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में हम लोग चाहते हैं हर वर्ग से हर समाज से व्यक्ति आगे आए और वह संसद में अपनी बात रख सके और अपने समुदाय का प्रतिनिधित्व कर सके.  

Advertisement
Advertisement

Advertisement