Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

बांग्लादेश का 26 साल का इंतजार खत्म! हसन महमूद ने टेस्ट क्रिकेट में रचा इतिहास

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने टेस्ट मैच में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया. वह टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज और देश के तीसरे गेंदबाज बन गए हैं.

Latest News
बांग्लादेश का 26 साल का इंतजार खत्म! हसन महमूद ने टेस्ट क्रिकेट में रचा इतिहास

हसन महमूद ने रविवार को अबू धाबी में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में हैट्रिक ली. (Image Source- Hasan Mahmud/Facebook)

Add DNA as a Preferred Source

बांग्लादेश क्रिकेट के इतिहास में एक ऐसा कारनामा दर्ज हो गया है, जिसका इंतजार लंबे समय से था. टीम के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने रविवार (11 अक्टूबर 2026) को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया. वह टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं. 

बांग्लादेश के लिए अब तक टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने का कारनामा स्पिन गेंदबाज ही कर पाए थे. हसन महमूद ने इस रिकॉर्ड को बदलते हुए नया इतिहास रचा. वह टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले पेस बॉलर और कुल तीसरे गेंदबाज भी बन गए. 

अफगानिस्तान के खिलाफ कैसे पूरी हुई हैट्रिक?

अबू धाबी में खेले जा रहे मुकाबले में हसन महमूद ने अफगानिस्तान की पारी के निचले क्रम को अपने निशाने पर लिया. उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट चटकाकर बल्लेबाजी टीम को बड़ा झटका दिया. उनकी हैट्रिक की शुरुआत इस्मत आलम के विकेट से हुई. इसके बाद काइस अहमद के बल्ले का किनारा लगा और विकेटकीपर लिटन दास ने दाईं तरफ नीचे की ओर शानदार कैच पकड़ लिया.

हसन को अब हैट्रिक पूरी करने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी. उन्होंने जिया-उर-रहमान को एलबीडब्ल्यू आउट किया. शुरुआत में अंपायर का फैसला उनके पक्ष में नहीं था, लेकिन बांग्लादेश ने डीआरएस की मदद ली. रिव्यू में गेंद विकेटों पर लगती दिखाई दी और फैसला बदल गया. इसके साथ ही हसन महमूद का नाम बांग्लादेशी क्रिकेट के इतिहास में दर्ज हो गया.  

 

हसन महमूद के लिए क्यों खास है ये उपलब्धि?

हसन महमूद ने 2024 की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था. कम समय में उन्होंने अपनी लाइन-लेंथ, गेंद को स्विंग कराने की क्षमता और दबाव में सही गेंद डालने के कौशल से पहचान बनाई. पाकिस्तान के खिलाफ वह टेस्ट में पांच विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं. अब ऐतिहासिक हैट्रिक ने उनके करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है.

बांग्लादेश को कब मिला टेस्ट खेलने का दर्जा?

बांग्लादेश को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टेस्ट खेलने वाले देश का दर्जा मई 2000 में मिला था. इसके बाद नवंबर 2000 में उसने भारत के खिलाफ ढाका में अपना पहला टेस्ट मैच खेला. ये मुकाबला बांग्लादेश के क्रिकेट इतिहास का बड़ा पड़ाव था, क्योंकि टीम पहली बार क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उतरी थी. 

hasan

तेज गेंदबाजों की नई पीढ़ी तैयार

शुरुआती वर्षों में बांग्लादेश की गेंदबाजी काफी हद तक स्पिनरों पर निर्भर रहती थी. घरेलू पिचों पर धीमी गेंदबाजी से विकेट निकालना टीम की रणनीति का अहम हिस्सा था. हालांकि, समय के साथ तेज गेंदबाजों की नई पीढ़ी तैयार हुई और टीम ने विदेशी परिस्थितियों में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अपनी गेंदबाजी को मजबूत किया. करीब 26 साल बाद तेज गेंदबाज हसन महमूद की ये हैट्रिक उसी बदलाव की एक बड़ी मिसाल है. 

टीम अब सिर्फ स्पिनरों के दम पर नहीं, बल्कि तेज गेंदबाजों की मदद से भी अहम मौकों पर मैच का रुख बदलने की क्षमता दिखा रही है. हसन महमूद की ऐतिहासिक हैट्रिक बांग्लादेश क्रिकेट के लिए एक यादगार पल बन गई है. 

बांग्लादेश के लिए टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले अन्य गेंदबाज

हसन महमूद से पहले बांग्लादेश के दो गेंदबाज टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक ले चुके थे. इनमें पहला नाम स्पिन ऑल-राउंडर अलोक कपाली का है. उन्होंने साल 2003 में पाकिस्तान के खिलाफ पेशावर टेस्ट में लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर यह उपलब्धि हासिल की थी. वह टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले गेंदबाज बने थे.

दूसरे गेंदबाज हैं ऑफ स्पिनर सोहाग गाजी. उन्होंने साल 2013 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में हैट्रिक ली थी. गाजी ने अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से लगातार तीन विकेट लेकर बांग्लादेश के लिए इस खास उपलब्धि को दोहराया. इन दोनों गेंदबाजों की हैट्रिक के बाद अब हसन महमूद ने भी इस सूची में जगह बना ली है. फर्क सिर्फ इतना है कि वह ऐसा करने वाले देश के पहले तेज गेंदबाज हैं. 

ये भी पढ़ें- 146 गेंद और सिर्फ 33 रन, अभिषेक शर्मा तोड़ेंगे सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड? तीसरे टी20 में बन सकते हैं वर्ल्ड नंबर-1

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement