डीएनए एक्सप्लेनर
राहुल गांधी पिछले कई सालों से ईवीएम और वोटचोरी को लेकर चुनाव आयोग पर हमलावर हैं. करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने डेटा देते हुए सीईसी ज्ञानेश कुमार पर पक्षपात के आरोप लगाए. अब इसी मुद्दे पर सीजेपी भी प्रदर्शन कर रही है.
साल था 2013. दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने वाले थे. राहुल गांधी के सामने थे अन्ना आंदोलन के बाद नई पार्टी बनाने वाले अरविंद केजरीवाल. आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और 28 सीटें जीतकर इतिहास बना दिया. कांग्रेस 8 सीटों पर ही सिमट गई, जबकि बीजेपी को 32 सीटें मिलीं. विधानसभा में किसी दल को बहुमत नहीं मिला और फिर बाद में कांग्रेस ने AAP को बाहर से समर्थन दिया. अरविंद केजरीवाल ने 49 दिन की सरकार चलाई. दिल्ली में AAP के इस प्रदर्शन पर राहुल गांधी ने कहा- 'आम आदमी पार्टी ने ऐसे लोगों को राजनीति में शामिल किया, जिन्हें राजनीतिक दल शामिल नहीं करते थे. हम इससे सीखने जा रहे हैं.'
अब आते हैं 2026 पर. वही दिल्ली है. वही राहुल गांधी हैं, अबकी बार उनके सामने वाला चेहरा बदल गया है. अरविंद केजरीवाल की जगह कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने ले ली है. दिपके ने पहला मुद्दा तो छात्रों से जुड़ा हुआ उठाया, जिसमें उन्होंने नीट पेपर लीक से प्रभावित छात्रों के सुसाइड को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की, लेकिन उन्होंने दूसरा मुद्दा पॉलिटिक्स का पकड़ा है- SIR में गड़बड़ी और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग. सबसे अहम ये है कि इस मुद्दे पर राहुल गांधी बीते कई सालों से एक्टिव हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर रहे हैं.
सवाल उठता है कि जिस तरह राहुल गांधी ने सीजेपी के पहले मुद्दे पर अलग लड़ाई लड़ी. संसद में युवाओं पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया और कांग्रेस नेताओं के साथ पीएम आवास का भी घेराव किया. उसी तरह राहुल गांधी के वोटचोरी के मुद्दे को दिपके ने पकड़ा है तो क्या ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लड़ाई भी क्रेडिट पर आकर अटक गई है?

-सीजेपी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट बुलाया. राहुल गांधी इसमें शामिल नहीं हुए. राहुल का चेन्नई में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पहले से तय था.
-राहुल गांधी ने उसी दिन शाम को एक वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंने सीजेपी के नेताओं का नाम नहीं लिया.
-नेता विपक्ष ने 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च की अपील की, लेकिन इसमें सीजेपी के नेता शामिल नहीं हुए.
-राहुल से जब सीजेपी को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने कहा कि कोई पैरेलल प्रोटेस्ट नहीं है, एक ही है- ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा.
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर राजनीति मामलों के जानकार विनोद शुक्ला का कहना है कि निश्चित तौर पर ये एक क्रेडिट की जंग दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा, 'कोई भी राजनीतिक दल अपने मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगा ही. चाहे कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, वो अपने मुद्दों को लेकर आंदोलन-विरोध प्रदर्शन करते ही हैं, लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी जैसे नॉन-पॉलिटिकल संगठन ने इस बार पॉलिटिकल मुद्दा पकड़ा है. हालांकि संवैधानिक पद पर बैठे हुए शख्स को इस तरह विरोध प्रदर्शन के जरिए नहीं हटाया जा सकता. उसकी एक प्रक्रिया होती है.'

चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सबसे पहले मुद्दा राहुल गांधी ने उठाया था. उन्होंने 'वोटचोरी' को लेकर 7 अगस्त, 2025 को प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र का जिक्र किया. राहुल गांधी ने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में 1,00,250 फर्जी मतदाता थे. उन्होंने आरोप लगाया कि महादेवपुरा में हजारों वोटर मकान नंबर जीरो पर रजिस्टर्ड है. 80 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को 18 साल के युवाओं के लिए बनी वोटर लिस्ट में पहली बार वोटर के रूप में दिखाया गया है. हजारों वोटर्स की फोटो इतनी धुंधली, गायब या छोटी छोटी थी, जिनकी पहचान करना भी मुश्किल था.
राहुल गांधी ने 40 दिनों बाद 18 सितंबर, 2025 को फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें कर्नाटक की आलंद विधानसभा सीट का उदाहरण दिया. उन्होंने आरोप लगाया कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले क्षेत्रों में 6,000 से ज्यादा वोट काट दिए गए थे. नेता विपक्ष ने कहा कि काटे गए नाम ज्यादातर अल्पसंख्यक और पिछड़ों के थे. कांग्रेस कैंडिडेट बीआर पाटिल ने 2023 में इस सीट पर जीत हासिल की थी. राहुल ने कहा कि कर्नाटक सीआईडी इसकी जांच कर रही है. सीआईडी ने 18 महीनों में 18 चिट्ठी लिखकर जानकारी मांगी, लेकिन इसकी कोई डिटेल नहीं दी गई.

इसके अलावा राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले की राजुरा विधानसभा सीट का भी मुद्दा उठाया, जहां उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में 6,850 नाम जोड़े गए थे. उन्होंने कहा कि वोटों में हेरफेर के लिए ऑटोमेटेड सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल हुआ. चुनाव आयोग को आईपी एड्रेस, ईमेल और मोबाइल नंबर बताने चाहिए.
राहुल गांधी ने 5 नवंबर, 2025 को तीसरी प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में 25 लाख वोटों को चोरी हुई. इनमें से 5.21 लाख वोटर फर्जी थे, जबकि 93174 अमान्य और 19.26 लाख थोक वोटर्स शामिल हैं. उन्होंने ये भी कहा कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में हर आठ में से एक वोटर फेक है. उन्होंने चुनाव आयोग पर बीजेपी को जिताने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने कहा, 'मुझे पूरा यकीन है कि कांग्रेस की भारी जीत को हार में बदलने की योजना बनाई गई थी.'
राहुल गांधी ने एक महिला की फोटो दिखाकर दावा किया कि इस महिला ने 10 अलग-अलग बूथों पर अलग-अलग नामों से 22 बार वोट डाले. ये असल में एक ब्राजीलियन मॉडल है. हरियाणा में 'वोटचोरी' के सबूतों को राहुल गांधी ने H फाइल्स नाम दिया था. उन्होंने कहा कि कैसे एक पूरे राज्य को चुरा लिया गया है, इसमें सारे सबूत हैं. उन्होंने कहा कि हमें शक था कि कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर ऐसा हो रहा है.

अब आते हैं 2026 के अक्टूबर महीने पर... सीजेपी और इंडिया ब्लॉक लगातार सीईसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. सीजेपी ने 2 अक्टूबर को मुंबई में प्रोटेस्ट किया. 8 अक्टूबर को बेंगलुरु में प्रदर्शन हुआ और 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रोटेस्ट होना था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने मंजूरी नहीं दी और दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को डिटेन कर लिया गया.

इंडिया ब्लॉक ने 7 अक्टूबर को संसद से चुनाव आयोग के हेडक्वार्टर तक मार्च निकाला, जिसके बाद राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया गया था. 8 अक्टूबर को राहुल, प्रियंका समेत विपक्ष के सांसदों ने कनॉट प्लेस से राजघाट तक मार्च निकाला. 9 अक्टूबर को संसद भवन से राष्ट्रपति भवन तक पैदल मार्च किया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपा. इसके बाद 12 अक्टूबर को राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला, जिसमें खड़गे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी समेत कई बड़े नेता शामिल हुए.
सवाल ये भी कि आखिर जिस सीजेपी ने नीट पेपर लीक के खिलाफ इतना बड़ा आंदोलन खड़ा कर दिया था, वो सीईसी के खिलाफ वैसा आंदोलन क्यों नहीं कर पा रही है? इसका सीधा सा जवाब ये है कि नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्रों और उनके परिवारों में आक्रोश था. कई बच्चों ने सुसाइड किया था, जिसको लेकर संवेदनाएं भी थीं. इस बार मामला पूरी तरह पॉलिटिकल है. ये चुनावी मुद्दा है, इसमें युवा उस तरह कनेक्ट कर पाएंगे, ये कहना भी मुश्किल है. इसके अलावा सीजेपी को लेकर सरकार इस बार सख्त भी है.
ये भी पढ़ें- दास और रांका को 5 दिन की जेल, भेजे गए तिहाड़... कितनी होगी सजा? बैन के बावजूद जंतर-मंतर घुसे, तोड़ीं बॉन्ड की शर्तें