Advertisement

घर से काम, तेल की बचत! PM मोदी ने ईरान जंग के ढाई महीने बाद क्यों की ये अपील? क्या है इसके पीछे की वजह

क्या भारत में फिर से COVID जैसे प्रतिबंध लौटने वाले हैं? पीएम मोदी की हालिया अपील ने देश में नई बहस छेड़ दी है. बढ़ती तेल कीमतों और डॉलर के मुकाबले गिरते रुपये को संभालने के लिए सरकार ने जनता से सहयोग मांगा है.

Latest News
घर से काम, तेल की बचत! PM मोदी ने ईरान जंग के ढाई महीने बाद क्यों की ये अपील? क्या है इसके पीछे की वजह
Add DNA as a Preferred Source

अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ी जंग को 70 दिन से ज्यादा का समय हो चुका है. युद्ध की आग सिर्फ उन दो देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को हिलाकर रख दिया है. सप्लाई चेन पूरी तरह चरमरा गई है और बाजार में हाहाकार मचा है. इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए, रविवार (10 मई 2026) को हैदराबाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के नाम एक बेहद असामान्य और भावुक संदेश दिया.

प्रधानमंत्री की यह अपील सुनकर बहुत से लोगों को कोरोना काल की याद आ गई. उन्होंने भारतीयों से एक बार फिर वर्क फ्रॉम होम शुरू करने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और यहां तक कि शादियों के लिए एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की है. आखिर पीएम मोदी ने ऐसी अपील क्यों की? क्या देश फिर से पाबंदियों की ओर बढ़ रहा है? 

PM मोदी की अपील में क्या खास है?

तेलंगाना में करीब 9,400 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देशभक्ति का मतलब सिर्फ सीमा पर जान देना नहीं है, बल्कि मुश्किल वक्त में जिम्मेदारी से जीना भी है. उनके भाषण के केंद्र में तीन-चार बड़ी बातें थीं.

ईंधन की बचत

पीएम ने कहा कि हमारे पास तेल के बड़े भंडार नहीं हैं. हम अपनी जरूरत का ज्यादातर हिस्सा बाहर से मंगवाते हैं. युद्ध की वजह से पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं. उन्होंने लोगों से कहा कि अगर मुमकिन हो तो मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें, कार-पूलिंग करें और सामान भेजने के लिए रेलवे को प्राथमिकता दें. साथ ही, इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख करें.

वर्क फ्रॉम होम की वापसी

पीएम ने सुझाव दिया कि हमें कोरोना काल में सीखी हुई आदतों को फिर से अपनाना चाहिए. उन्होंने कंपनियों और कर्मचारियों से ऑनलाइन मीटिंग्स, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और घर से काम करने को प्राथमिकता देने को कहा, ताकि सड़कों पर गाड़ियां कम निकलें और ईंधन बचे.

विदेशी खर्चों पर लगाम

आजकल मध्यम वर्ग में विदेशों में शादी करने और वेकेशन मनाने का ट्रेंड बढ़ा है. पीएम ने अपील की कि देश के हित में कम से कम एक साल के लिए विदेश यात्राओं और विदेशी शादियों को टाल दें. इससे हमारा विदेशी मुद्रा भंडार सुरक्षित रहेगा.

PM Modi

सोना और खाद्य तेल

भारत हर साल 700-800 टन सोना आयात करता है, जिससे बहुत सारा पैसा देश से बाहर जाता है. पीएम ने कहा कि एक साल तक गैर-जरूरी सोना न खरीदें. साथ ही, खाने के तेल का इस्तेमाल भी कम करें. यह देश की तिजोरी और आपकी सेहत, दोनों के लिए अच्छा होगा.

आखिर सरकार इतनी फिक्रमंद क्यों है?

इस अपील के पीछे सबसे बड़ा कारण है ईरान युद्ध. दुनिया के तेल सप्लाई का करीब 20% हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है, जो पिछले दो महीनों से बंद पड़ा है. कच्चा तेल 126 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है. अब तक भारत सरकार ने अपनी जेब से पैसे भरकर आम जनता को तेल की बढ़ती कीमतों से बचाया है.

अनुमान है कि सरकारी तेल कंपनियां हर महीने करीब 30,000 करोड़ रुपये का घाटा सह रही हैं ताकि पेट्रोल-डीजल के दाम न बढ़ें. एक रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार हर दिन 1,600 से 1,700 करोड़ रुपये खर्च कर रही है ताकि आप पर बोझ न पड़े. लेकिन अब यह बोझ सरकार की बर्दाश्त से बाहर होता जा रहा है.

यही वजह है कि भारत ही नहीं, बल्कि थाईलैंड, इंडोनेशिया और पाकिस्तान जैसे 70 से ज्यादा देशों ने ईंधन बचाने के लिए वर्क फ्रॉम होम जैसे कदम उठाना शुरू कर दिया है.

क्या आने वाले दिनों में जेब पर बोझ बढ़ेगा?

पीएम के इस भाषण के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार कुछ कड़े आर्थिक फैसले ले सकती है. सूत्रों के मुताबिक, 15 मई से पहले तेल की कीमतों में 4 से 5 रुपये प्रति लीटर और घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 40 से 50 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है. सोने के आयात को कम करने के लिए सरकार इस पर टैक्स बढ़ा सकती है, जिससे सोना और महंगा हो जाएगा. विदेश पैसे भेजने के नियमों को सख्त किया जा सकता है ताकि डॉलर की बचत हो सके.

प्रधानमंत्री की अपील का सीधा मतलब है कि आने वाला समय कठिन हो सकता है. सरकार चाहती है कि आम जनता सहयोग करे ताकि देश की अर्थव्यवस्था को डूबने से बचाया जा सके. चाहे वह 'लोकल फॉर वोकल' को अपनाना हो या अपनी फिजूलखर्ची पर लगाम लगाना, अब समय आ गया है कि हम अपनी जिम्मेदारियों को समझें. संकेत साफ हैं कि आने वाले कुछ महीने हमें संयम और अनुशासन के साथ बिताने होंगे. 

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement