डीएनए एक्सप्लेनर
भारत दुनिया भर में इंफर्टिलिटी इंडस्ट्री का केंद्र बन चुका है. ऐसे में ये बहुत जरूरी था कि यहां चल रहे एआरटी क्लीनिक्स के लिए नियम व कानून तय किए जाएं
डीएनए हिंदीः हाल ही में लोकसभा में असिस्टेड री-प्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी रेगुलेशन बिल 2020 को पास किया गया है. असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी (एआरटी) में वे सभी तकनीकें शामिल की गई हैं, जिनकी मदद से मानव शरीर के बाहर शुक्राणु या अंडाणु का संरक्षण कर और एक महिला की प्रजनन प्रणाली में युग्मक या भ्रूण को स्थानांतरित कर गर्भधारण किया जाता है. इसका उद्देश्य इस प्रक्रिया में शामिल महिलाओं और होने वाले बच्चों को शोषण से बचाना है. भारत आज दुनिया भर में इंफर्टिलिटी इंडस्ट्री का केंद्र बन चुका है. इसी वजह से यहां मेडिकल टूरिज्म भी काफी फल-फूल रहा है. ऐसे में ये बहुत जरूरी था कि यहां चल रहे एआरटी क्लीनिक्स के लिए नियम व कानून तय किए जाएं. इन क्लीनिक्स में युग्मक दान (gamete donation), अंतर्गर्भाशयी गर्भाधान (intrauterine insemination), इन-विट्रो-फर्टिलाइजेशन, इंट्रासाइटोप्लाज्मिक शुक्राणु इंजेक्शन जैसी सुविधाएं दी जाती हैं. जानते हैं असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी (एआरटी) से जुड़ी पांच अहम बातें -
1. कोई भी महिला जीवन में एक ही बार कर सकती है एग डोनेट
इस बिल की मदद से सरोगेट मदर और बच्चे के अधिकारों को सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी. ये भी तय हो जाएगा कि कौन महिला एग डोनेट कर सकती है और कितने एग डोनेट कर सकती है. एग डोनर्स को बीमा की सुविधा भी मिलेगी. एग डोनेट करने वाली महिला शादीशुदा होनी चाहिए जिसका कम से कम तीन साल की उम्र का एक बच्चा हो. ऐसी कोई भी महिला अपने जीवन में सिर्फ एक ही बार एग डोनेट कर सकती है.
2. तय की गई है उम्र
एआरटी से जुड़ी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए महिला और पुरुष की उम्र भी तय की गई है. महिलाओं के लिए ये उम्र शादी की कानूनी उम्र से लेकर 50 साल तक और पुरुषों के लिए 55 साल तक तय की गई है. अभी निःसंतान महिलाओं को IVF की मदद से 45 साल की उम्र तक मां बनने की इजाजत है.
3. कौन लोग ले सकते हैं लाभ
सरोगेसी रेगुलेशन बिल इंफर्टिलिटी ट्रीटमेंट सरोगेसी को रेगुलेट करता है. इसमें एक तीसरा व्यक्ति यानी सरोगेट मदर शामिल होती है. जबकि एआरटी में दंपत्ति खुद शामिल होते हैं. इसमें किसी तीसरे व्यक्ति का शामिल होना जरूरी नहीं है. सरोगेसी की मंजूरी सिर्फ भारतीय शादीशुदा लोगों को है, जबकि एआरटी में शादीशुदा जोड़े, लिव-इन पार्टनर, सिंगल वुमन और विदेशी भी शामिल हो सकते हैं. स्वास्थय मंत्रालय के अनुसार भारत में सरोगेसी की सुविधा देने वाले क्लीनिक्स की संख्या एक हजार से भी कम है. जबकि एआरटी संबंधी क्लीनिक 40 हजार से ज्यादा हैं.
4. पूरा डाटाबेस बनेगा
इस विधेयक में नेशनल रजिस्ट्री एंड रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी स्थापित करने का भी प्रस्ताव है. इसके जरिए इस क्षेत्र में काम कर रहे सभी क्लीनिक, डॉक्टर और नर्सों का डाटा बेस तैयार किया जाएगा. इसके अलावा एआरटी क्लीनिक और बैंकों के लिए फिजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर, लैबरेटरी, डायग्नॉसि्टक इक्विपमेंट और एक्सपर्ट मैनपावर को सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड का गठन किए जाने का भी प्रस्ताव है.
5.पहले ही बताने होंगे फायदे-नुकसान
एआरटी क्लीनिक्स को उनसे किसी भी तरह की सुविधा लेने वाले दंपत्ति को इससे होने वाले फायदे, नुकसान, खर्च और मेडिकल साइड इफेक्ट्स के बारे में बताना जरूरी होगा. इसमें सभी पक्षों का रजिस्ट्रेशन भी अनिवार्य किया गया है. किसी भी तरह की समस्या होने पर सजा का भी प्रावधान किया जाएगा.