डीएनए एक्सप्लेनर
दुनिया की सबसे बड़ी ट्रेडिंग कंपनियों में से एक Jane Street पर सिक्योरिटीज़ एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) ने बैन लगा दिया है. कंपनी पर गैरकानूनी तरीके से 4843 करोड़ रुपये कमाने का आरोप है.
भारत के सिक्योरिटीज़ एंड एक्सचेंज बोर्ड (SEBI) ने Jane Street पर बड़ा ऐक्शन लिया है. इस एक्शन से भारतीय शेयर मार्केट में हलचल पैदा हो गई है. जेन स्ट्रीट दुनिया की सबसे बड़ी ट्रेडिंग कंपनियों में से एक है. कंपनी के भारतीय शेयर बाज़ार में ट्रेडिंग पर SEBI ने रोक लगा दी है.कंपनी पर गैर कानूनी तरीके से 4842 करोड़ रुपये कमाने का आरोप है. सेबी ने अपने आदेश में कहा, 'JS ग्रुप अच्छी नीयत के साथ काम करने वाली कंपनी नहीं है, वह भरोसे के लायक नहीं है.'
जेन स्ट्रीट अमेरिकी ट्रेडिंग फर्म है. साल 2000 में शुरू हुए इस ट्रेडिंग फर्म का अमेरिका, यूरोप और एशिया के 45 देशों में कारोबार है. बीते साल कंपनी का रेवेन्यू 20.5 बिलियन डॉलर यानी करीब 1.7 लाख रुपये का था. भारत की बात करें तो साल 2023 से 2025 के बीच कंपनी ने 36,671 करोड़ की कमाई की. इनमें से 4843 करोड़ की कमाई सवालों के घेरे में है.
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, जेन स्ट्रीट अपने एल्गरिद्मिक ट्रेडिंग क्षमताओं और हाई फ्रीक्वेंसी ट्रेड्स के लिए जाना जाता है. यह फर्म माइक्रोसेकेंड्स में ट्रेड कर सकता है.
ये भी पढ़ें- EMI का फुल फॉर्म क्या होता है?
अप्रैल 2024 में जेन स्ट्रीट पर इंडेक्स मैनिपुलेशन के आरोप लगे थे. ये आरोप स्थानीय ट्रेडिंग कंपनियों ने लगाए थे. इसी महीने ये खबर भी आई थी कि जेन स्ट्रीट ग्रुप और मिलेनियम मैनेजमेंट के बीच भारतीय मार्केट के स्ट्रैटेजी सीक्रेट्स को लेकर विवाद चल रहा है. सामने आया कि जेन स्ट्रीट ने एक सीक्रेट ट्रेडिंग स्ट्रैटेजी का इस्तेमाल करके भारतीय शेयर मार्केट से 1 बिलियन डॉलर की कमाई की. इन आरोपों को संज्ञान में लेकर SEBI ने जांच शुरू की.
सेबी की रिपोर्ट के मुताबिक, जेन स्ट्रीट और उसकी कंपनियां दो तरीकों से इंडेक्स मैनिपुलेट कर रही थीं. पहले तरीके में जेन स्ट्रीट सुबह कारोबार की शुरुआत होते ही बैंक निफ्टी स्टॉक्स और फ्यूचर्स बड़ी मात्रा में खरीद लेता था. इसके बाद शाम को मार्केट बंद होते-होते ये तेज़ी से अपने शेयर्स बेच देता था, इससे इंडेक्स गिर जाते थे.इससे इनवेस्टर्स के मन में भ्रम पैदा होता था कि इंडेक्स मजबूत है और वो उस हिसाब से ट्रेडिंग करते थे.
जेन स्ट्रीट का दूसरा तरीका एक्सपायरी डे इंडेक्स मैनिपुलिशन का था. इसमें वो किसी भी ऑप्शन के एक्सपायरी डे के आखिरी कुछ घंटों में बड़े ट्रेड करती थी, इसका सीधा असर ऑप्शन की प्राइज़िंग पर पड़ता था. इससे कंपनी को स्टॉक फ्यूचर्स में कुछ नुकसान हुआ, लेकिन ये ऑप्शन मार्केट में होने वाली कमाई से काफी कम था.
ये भी पढ़ें- अमीर बनने की राह में रोड़ा बनती है ये सोच,CA ने बताया निपटने का तरीका!
SEBI की जांच में सामने आया कि जेन स्ट्रीट ग्रुप और उसकी कंपनियों ने बड़ी मात्रा में अग्रेसिव इंट्राडे ट्रेड किए. जिनका मकसद इंडेक्सेस को मैनिपुलेट करना था. सेबी की जांच में यह भी सामने आया कि NSE ने फरवरी, 2025 में जेन स्ट्रीट को एडवाइजरी भेजी थी, जिसे नज़रअंदाज़ कर दिया गया और मई 2025 में कंपनी ने फिर से इंडेक्स मैनिपुलेशन किया.
सेबी की जांच में सामने आया कि अग्रेसिव ट्रेडिंग से जेन स्ट्रीट ने 44,358 करोड़ रुपये इंडेक्स ऑप्शन में कमाए. स्टॉक फ्यूचर में कंपनी को 7208 करोड़ का नुकसान हुआ. इंडेक्स फ्यूचर में कंपनी को 191 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और 288 करोड़ का मार्केट लॉस हुआ. इस तरीके से कंपनी ने कुल 36,671 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया. सेबी की जांच में सामने आया है कि इसमें से 4,843 करोड़ रुपेय गैर कानूनी तरीके से कमाए गए हैं.
सेबी ने जेन स्ट्रीट और उसकी दूसरी एंटिटीज़ को शेयर मार्केट से बैन कर दिया है. बैन हुई कंपनियों के नाम JSI इनवेस्टमेंट्स, JSI2 इनवेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, जेन स्ट्रीट सिंगापुर और जेन स्ट्रीट एशिया ट्रेडिंग हैं. जब तक इस मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक ये कंपनियां भारतीय शेयर बाज़ार में किसी भी तरह का लेन-देन नहीं कर सकती हैं. जिन बैंकों में इन कंपनियों के अकाउंट्स हैं उन्हें विथड्रावल फ्रीज़ करने के निर्देश दिए गए हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.