डीएनए एक्सप्लेनर
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने हाल ही में एक कार्यक्रम में कहा कि देश का पूरा गवर्नेंस सिस्टम असल में ठप हो गया है. इस बयान को गंभीरता से लिया जा रहा है क्योंकि नकवी शहबाज शरीफ की कैबिनेट में आसिम मुनीर के आदमी माने जाते हैं.
पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर इस समय देश के सबसे ताकतवर व्यक्ति हैं, ये बात पूरी दुनिया जानती है. लेकिन पाकिस्तान को पर्दे के पीछे से कंट्रोल कर रहे आसिम मुनीर अब शायद पूरी तरह से तख्तापलट की कोशिश कर रहे हैं. पाकिस्तान में एक बार फिर तख्तापलट होने की संभावना ऐसे ही नहीं जताई जा रही है. आसिम मुनीर के सबसे करीबी सहयोगी और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के एक बयान के बाद ये आशंका प्रबल हुई हुई है. रिश्ते में आसिम मुनीर का साला लगने वाले गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने हाल ही में कहा कि देश की शासन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. इसके बाद से ही ये बहस छिड़ी है कि अब हाइब्रिड शासन के दिन लद गए और सेना प्रमुख सीधे शासन का रास्ता बना रहे हैं.
पाकिस्तान में मोहसिन नकवी की छवि 'किंग्स मैन' यानी कि खास आदमी की है. नकवी को मुनीर के सबसे करीबी लोगों में से एक माना जाता है. उन्हें राजनीति का कोई अनुभव नहीं रहा है लेकिन वह देश के गृह मंत्री हैं. वह कोई चुनाव नहीं लड़े, न ही किसी पार्टी के सदस्य हैं. उन्हें शहबाज शरीफ की कैबिनेट में शामिल करने के लिए सीनेट (भारत की राज्यसभा जैसा) गया. नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ भी हैं पाकिस्तान में आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ के बाद तीसरा सबसे रसूखदार व्यक्ति माना जाता है.
हाल ही में एक एक कार्यक्रम में शामिल हुए पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि देश का पूरा गवर्नेंस सिस्टम असल में ठप हो गया है और ऐसे में काम नहीं चल सकता. उन्होंने सीधे तौर पर फौजी शासन की बात नहीं की, लेकिन समझने वाले के लिए इशारा काफी होता है.
पाकिस्तान में ये चर्चा हो रही है कि जिस सिस्टम का हिस्सा मोहसिन नकवी खुद हैं, उसे पूरी तरह से ठप बताने के पीछे आखिर क्या मकसद हो सकता है. मोहसिन नकवी को कैबिनेट के अंदर आसिम मुनीर का आदमी माना जाता है. गृह मंत्री मोहसिन नकवी के बयान पर JUI-F प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान ने तंज कसते हुए कहा है कि वह हमारे बेटे जैसे हैं, लेकिन समय से पहले ही बड़े हो गए हैं.
पाकिस्तान में ये भी चर्चा है कि सेना पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल से बाहर लाना चाहती है और इसके लिए गुप्त बातचीत भी चल रही है. इमरान खान फिलहाल उत्तरी पाकिस्तान में रावलपिंडी के पास अदियाला जेल में में बंद हैं. इमरान खान को जेल में पड़े हुए तीन साल हो गए हैं. उन्हें आज भी पाकिस्तान का सबसे लोकप्रिय नेता माना जाता है जो 023 में देश की ताकतवर सेना से टकराव के बाद भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में डाल दिए गए थे.
द ऑब्जर्वर की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तानी सेना और इमरान खान के परिवार के बीच उन्हें रिहा करने के लिए पर्दे के पीछे बातचीत हुई है. इमरान खान की रिहाई स्वास्थ्य के आधार पर हो सकती है. इसके पीछे का कारण बताते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक अस्थिरता ने पाकिस्तान को काफी नुकसान पहुंचा दिया है. इमरान खान के बाहर आने से माहौल कुछ बदल सकता है.
द ऑब्जर्वर की रिपोर्ट में इमरान खान के अंतरराष्ट्रीय मीडिया सलाहकार सैयद ज़ुल्फ़ी बुखारी के हवाले से बताया गया है कि इमरान खान की सेहत खराब हो रही है और उन्हें तुरंत सही मेडिकल देखभाल की जरूरत है. इमरान खान को जेल में केले रखा गया है और उन्हें अपनी बहनों, परिवार के सदस्यों और यहां तक कि पने वकीलों से भी मिलने नहीं दिया गया है.
आसिम मुनीर की योजना के बारे में बताते हुए पाकिस्तान सेना के पूर्व मेजर आदिल राजा अपने यूट्यूब चैनल पर कहते हैं, "इमरान खान से बात तो तीन साल से चल रही है. लेकिन सेना चाहती है कि वह बाहर आने के बाद चुप रहें और कठपुतली बने रहें. अगर इमरान खान को निकालना है तो अदालतों का ही इस्तेमाल किया जाएगा क्योंकि पाकिस्तान में कोर्ट भी सेना के इशारे पर ही चलती हैं."
आदिल राजा ने ये दावा भी किया कि सेना इमरान खान को देश से बाहर भेजने के लिए भी तैयार है लेकिन वह मान नहीं रहे. आदिल राजा कहते हैं कि इमरान खान को जेल में डालने के खिलाफ पाकिस्तान की सेना में आवाजें हैं. पाक सेना के अंदर भी कई आवाजें हैं जो आसिम मुनीर तक पहुंच रही हैं. यहां तक कि खुफिया एजेंसी आईएसआई ने भी रिपोर्ट दी है कि अगर इमरान खान को जेल में कुछ हो जाता है तो देश के हालात गृहयुद्ध जैसे हो सकते हैं.