क्रिकेट
Cricket News: इस मैच के स्कोरबोर्ड ने क्रिकेट एक्सपर्ट्स को भी चौंका दिया है. इस मैच के स्कोरबोर्ड को दुनिया का सबसे हास्यास्पद स्कोरबोर्ड बताया जा रहा है.
Cricket News: क्रिकेट के मैदान पर जीत-हार होती ही रहती है. दो टीमों के खेल के लेवल में अंतर दिखना भी आम बात है. लेकिन हम जिस मैच के बारे में बता रहे हैं, उसमें यह अंतर इतना बड़ा हो गया एक टीम महज 2 रन पर ही आउट हो गई. साथ ही यह टीम 10-20 रन से नहीं बल्कि पूरे 424 रन के अंतर से मैच हार गई. चौंकाने वाला यह मैच उसी इंग्लैंड की सरजमीं पर हुआ है, जिसे 'क्रिकेट का जन्मदाता' माना जाता है. इंग्लैंड में एक लोअर डिविजन क्रिकेट टीम को 45 ओवर में 427 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी थी, लेकिन उसके सभी बल्लेबाज महज 2 रन के कुल टोटल पर ऑलआउट हो गए. इसमें भी उसके 8 बल्लेबाज अपना खाता भी खोलने में सफल नहीं हो सके.
मिडिलसेक्स काउंटी लीग में खेला गया यह मैच
यह मैच मिडिलसेक्स काउंटी लीग (Middlesex County League) में रिचमंड सीसी 4th इलेवन और नॉर्थ लंदन सीसी 3rd इलेवन के बीच हुआ है. रिचमंड सीसी (Richmond CC) की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ लंदन सीसी के ओपनर डैन सिमंस ने रिचमंड सीसी के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी. सिमंस ने जबरदस्त 140 रन ठोक दिए. इसकी मदद से नॉर्थ लंदन की टीम ने 45 ओवर में 426 रन ठोक दिए.
नॉर्थ लंदन की पारी में 92 रन आए 'मिस्टर एक्स्ट्रा' से
रिचमंड सीसी के गेंदबाजों ने भी नॉर्थ लंदन का बड़ा स्कोर ठोकने में पूरा योगदान दिया. नॉर्थ लंदन की पारी में सिमंस के बाद दूसरा सबसे बड़ा योगदान 'मिस्टर एक्स्ट्रा' का रहा. रिचमंड सीसी के गेंदबाजों ने एक्स्ट्रा के तौर पर 92 रन लुटाए, जिनमें 63 रन वाइड गेंदों से आए थे.
'तू चल, मैं आया' की तर्ज पर वापस लौटे रिचमंड सीसी के बल्लेबाज
टारगेट का पीछा करने उतरी रिचमंड सीसी के बल्लेबाज 'तू चल, मैं आया' की तर्ज पर पवेलियन लौटते रहे. स्विंग गेंदबाजी को बेहद मदद कर रही कंडीशंस में नॉर्थ लंदन के गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि रिचमंड की पूरी टीम 4.5 ओवर में महज 2 रन पर ऑलआउट हो गई. चौथे नंबर का बल्लेबाज ही एक रन बनाकर खाता खोल सका, जबकि एक अन्य रन वाइड से आया. टीम के 8 बल्लेबाज बिना खाता खोले ही आउट हो गए. नॉर्थ लंदन के मैट रॉसन ने बिना कोई रन दिए 5 विकेट लिए, जबकि स्पॉटन ने 2 रन देकर 3 विकेट चटकाए. रिचमंड के दो विकेट रन आउट हुए.
सोशल मीडिया पर छिड़ गई टीम की परफॉर्मेंस पर बहस
रिचमंड सीसी की इस परफॉर्मेंस को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. एक शख्स ने लिखा,'मैंने आज तक इससे हास्यास्पद एकतरफा स्कोर बोर्ड नहीं देखा है. शायद फील्डिंग करने का फैसला गलत था.' दूसरे यूजर ने लिखा,'वे शायद पहले बल्लेबाजी करते और 45 मिनट में घर भी पहुंच जाते. क्या किसी ने इतना एकतरफा मैच जीता है?' एक और यूजर ने लिखा,'रिचमंड का आंकड़ा मेरे बॉलिंग के आखिरी प्रयास जैसा दिख रहा है.' हालांकि रिचमंड सीसी के मैनेजमेंट की तरफ से इस परफॉर्मेंस को लेकर स्पष्टीकरण भी दिया गया है. क्लब के डिप्टी चेयरमैन और हेड ऑफ क्रिकेट स्टीव डीकेन ने कहा,'यह दुखद स्कोरबोर्ड एक परफेक्ट स्टॉर्म का परिणाम था, क्योंकि हमारी फर्स्ट टीम के ज्यादातर खिलाड़ी मैच में नहीं खेल सके थे. इसके चलते मैनेजमेंट को ऐसे एमेच्योर्स को मैदान में उतारना पड़ा, जो अमूमन क्रिकेट नहीं खेलते हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.