क्रिकेट
Gaurav Barar | Apr 30, 2026, 11:13 AM IST
1.मुंबई इंडियंस की एक और करारी हार

आईपीएल 2026 का सीजन पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) के लिए किसी डरावने सपने जैसा साबित हो रहा है. बुधवार (29 अप्रैल 2026) को 240 से अधिक रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद मिली SRH के खिलाफ मिली हार ने टीम के आत्मविश्वास और गेंदबाजी आक्रमण की कमियों को उजागर कर दिया है. (All Image Source- BCCI)
2.क्या मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से बाहर?

हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम जीत की पटरी तलाश रही है, लेकिन हर कोशिश नाकाम होती दिख रही है. अब प्रशंसकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है? आइए समझते हैं मुंबई इंडियंस के प्लेऑफ में पहुंचने का गणित और वह कठिन समीकरण जो उन्हें टॉप-4 में ले जा सकता है.
3.मौजूदा स्थिति क्या है?

मुंबई इंडियंस ने अब तक 8 मैच खेल लिए हैं, जिनमें से उन्हें केवल 2 में जीत मिली है, जबकि 6 मैचों में करारी हार का सामना करना पड़ा है. फिलहाल 4 अंकों के साथ टीम अंक तालिका में 9वें स्थान पर है. उनका नेट रन रेट (-0.784) भी काफी चिंताजनक है, जो आगे चलकर बड़ी बाधा बन सकता है.
4.प्लेऑफ का समीकरण

मुंबई के पास अभी लीग स्टेज में 6 मैच और शेष हैं. गणितीय आधार पर देखें तो टीम की राह कुछ इस प्रकार है. अगर मुंबई अपने बचे हुए सभी 6 मुकाबले जीत लेती है, तो उसके पास 16 अंक हो जाएंगे. आईपीएल के इतिहास में 16 अंक प्लेऑफ के लिए सुरक्षित माने जाते हैं. हालांकि, जिस टीम ने पहले 8 में से सिर्फ 2 मैच जीते हों, उसके लिए लगातार 6 जीत दर्ज करना हिमालय की चढ़ाई जैसा कठिन है.
5.एक हार और नेट रन रेट का गणित

अगर टीम एक भी मैच हार जाती है, तो वह अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच पाएगी. 14 अंकों के साथ प्लेऑफ में जाना पूरी तरह दूसरी टीमों के नतीजों और नेट रन रेट पर निर्भर करता है. वर्तमान में मुंबई का रन रेट काफी खराब है, इसलिए उन्हें न केवल जीतना होगा, बल्कि बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी.
6.दूसरी टीमों पर निर्भरता

मुंबई को केवल अपने प्रदर्शन पर ही नहीं, बल्कि किस्मत और दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर रहना होगा. एमआई के लिए आदर्श स्थिति यह होगी कि अंक तालिका में शीर्ष पर मौजूद टीमें, जैसे- पंजाब राजस्थान रॉयल्स, लगातार जीतती रहें, ताकि चौथे स्थान की रेस में शामिल अन्य टीमों के अंक कम रहें.
7.क्या इतिहास खुद को दोहरा पाएगा?

मुंबई इंडियंस अपनी स्लो स्टार्ट और फिर जोरदार वापसी के लिए जानी जाती है. साल 2014 और 2015 में टीम ने लगभग नामुमकिन दिखने वाली स्थितियों से वापसी कर प्लेऑफ और खिताब तक का सफर तय किया था. लेकिन 2014 के मुकाबले 2026 की परिस्थितियां अलग हैं. इस बार गेंदबाजी में वह पैनापन नजर नहीं आ रहा और कप्तानी को लेकर भी मैदान पर तनाव साफ दिखता है.
8.अब हर गेंद और हर ओवर एक फाइनल की तरह!

मुंबई इंडियंस फिलहाल 'वेंटिलेटर' पर है. उनके लिए अब अगला मैच नहीं, बल्कि हर गेंद और हर ओवर एक फाइनल की तरह है. यहां से एक भी हार उनके आधिकारिक तौर पर बाहर होने का रास्ता साफ कर देगी. क्या मुंबई का 'पलटन' जज्बा इस सीजन में भी कोई चमत्कार कर पाएगा, या यह साल उनके लिए केवल आत्ममंथन का बनकर रह जाएगा? यह आने वाले दो हफ्ते तय कर देंगे.