क्रिकेट
कुलदीप पंवार | Jun 24, 2025, 08:39 AM IST
1.दोनों पारी में शतक ठोकने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर

ऋषभ पंत किसी टेस्ट मैच की दोनों पारी में शतक बनाने वाले भारत के पहले विशेषज्ञ विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने हेडिंग्ले टेस्ट की पहली पारी में 134 रन और दूसरी पारी में 118 रन बनाए हैं. पंत ने संकट में फंसी टीम इंडिया को केएल राहुल (137 रन) के साथ मिलकर 364 रन के स्कोर तक पहुंचाया, जिससे टीम इंडिया ने अंग्रेजों के सामने 371 रन का जीतने लायक टारगेट रखा है.
2.इंग्लैंड में दोनों पारी में शतक ठोकने वाले पहले एशियाई प्लेयर

ऋषभ पंत इंग्लैंड में एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक ठोकने वाले भारत ही नहीं एशिया के भी पहले बल्लेबाज हैं. इसका मतलब है कि उनसे पहले भारत के सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, विराट कोहली, गुंडप्पा विश्वनाथ जैसे दिग्गज ही नहीं पाकिस्तान-श्रीलंका और बांग्लादेश से भी ये कारनामा इंग्लैंड में कोई नहीं कर पाया है.
3.दोनों पारी में शतक बनाने वाले दुनिया के महज दूसरे कीपर

ऋषभ पंत का दोनों पारी में शतक ठोकना कितना मुश्किल कारनामा है, यह इससे समझिए कि ऐसा करने वाले वे दुनिया के महज दूसरे विकेटकीपर हैं. उनसे पहले साल 2001 में जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान-विकेटकीपर एंडी फ्लॉवर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हरारे में यह कारनामा किया था. फ्लॉवर पहली पारी में 142 रन की पारी के बाद दूसरी पारी में 199 रन पर नॉटआउट रहे थे और महज 1 रन से एक ही टेस्ट में शतक और दोहरा शतक ठोकने का रिकॉर्ड कायम करने से चूक गए थे.
4.दोनों पारी में शतक ठोकने वाले भारत के 7वें बल्लेबाज

ऋषभ पंत टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक बनाने वाले भारत के कुल 7वें बल्लेबाज हैं. पंत अब इंग्लैंड में 4 शतक बना चुके हैं. यह किसी एक देश में विदेशी विकेटकीपर के सबसे ज्यादा शतक हैं. इससे पहले इंग्लैंड के लेस्ली एम्स ने वेस्टइंडीज में 3 और एंडी फ्लॉवर ने भारत में 3 शतक बनाए थे. इंग्लैंड की धरती पर विकेटकीपर के सबसे ज्यादा शतकों के मामले में भी पंत अब एलेक स्टीवर्ट और मैट प्रायर की बराबरी पर आ गए हैं, जिन्होंने 4-4 शतक बनाए थे.
5.शतक बनाने में तीसरे नंबर के विकेटकीपर

ऋषभ पंत ने 44 टेस्ट मैच में अपना 8वां शतक बनाया है. इसके साथ ही वे दुनिया में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले विकेटकीपरों की सूची में तीसरे नंबर पर इंग्लैंड के लेस्ली एम्स की बराबरी पर आ गए हैं. विकेटकीपर के तौर पर उनसे ज्यादा शतक ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट (17 शतक) और जिम्बाब्वे के एंडी फ्लॉवर (12 शतक) ने ही बनाए हैं.
6.एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक वाले विकेटकीपर

इंग्लैंड के गेंदबाज ऋषभ पंत को बहुत ज्यादा प्यारे हैं. इसका अंदाजा उनके रिकॉर्ड से लगता है. पंत ने अपने 8 में से 5 शतक अब इंग्लैंड के खिलाफ बनाए हैं. वे किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं.
7.इंग्लैंड में खेलने का मतलब कम से कम पचासा

ऋषभ पंत का इंग्लैंड में टेस्ट मैच में बल्लेबाजी करने के लिए उतरने का मतलब कम से कम 50 रन बनाना है. इसका नजारा उनके रिकॉर्ड में दिखता है. इंग्लैंड में अब पिछली पांच टेस्ट पारियों में पंत ने 50, 146, 57, 134 और 118 रन के स्कोर बनाए हैं. लगातार 5 पारी में इंग्लैंड में 50+ रन बनाने वाले वे दुनिया के महज 7वें विदेशी बल्लेबाज हैं. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीवन स्मिथ इनमें सबसे आगे हैं, जिन्होंने 7 लगातार पारी में यह कारनामा किया है.
8.एक टेस्ट में सबसे ज्यादा रन का बुधी कुंदरन का रिकॉर्ड तोड़ा

ऋषभ पंत ने किसी एक टेस्ट मैच में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज के दोनों पारियों के कुल रन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. यह रिकॉर्ड बुधी कुंदरन के नाम पर था, जिन्होंने साल 1964 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ 230 रन (192 रन और 38 रन) बनाए थे. पंत ने 252 रन (134 रन और 118 रन) बनाए हैं. पंत अब एंडी फ्लॉवर के बाद किसी एक टेस्ट में नामित विकेटकीपर द्वारा बनाए कुल रन में दूसरे नंबर पर हैं. हालांकि फ्लॉवर ने तीन बार पंत के स्कोर से ज्यादा रन बनाए हैं.
9.इंग्लैंड में एक टेस्ट में छक्के के रिकॉर्ड में आए बराबर

ऋषभ पंत ने हेडिंग्ले टेस्ट मैच में 9 छक्के (पहली पारी में 6 और दूसरी पारी में 3 छक्के) लगाए हैं. इसके साथ ही उन्होंने इंग्लैंड में किसी एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के रिकॉर्ड में एंड्रयू फ्लिंटॉफ (बनाम ऑस्ट्रेलिया, एजबेस्टन, 2005) और बेन स्टोक्स (बनाम ऑस्ट्रेलिया, लॉर्ड्स, 2023) की बराबरी कर ली है.
10.एक गेंदबाज के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्कों में तीसरे नंबर पर

ऋषभ पंत ने हेडिंग्ले टेस्ट में इंग्लैंड के ऑफ स्पिनर शोएब बशीर की गेंदों पर 7 छक्के लगाए हैं. इसके साथ ही उन्होंने एक टेस्ट मैच में किसी एक गेंदबाज के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने के रिकॉर्ड में इंग्लैंड के ही हैरी ब्रूक की बराबरी कर ली है. ब्रूक ने साल 2022 में पाकिस्तान के जाहिद महमूद के खिलाफ रावलपिंडी टेस्ट में 7 छक्के लगाए थे. पंत और ब्रूक तीसरे नंबर पर हैं, जबकि पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 2019 के विशाखापत्तनम टेस्ट में डेन पीट की गेंद पर 8 छक्के लगाकर दूसरे और पूर्व पाकिस्तानी कप्तान वसीम अकरम 1996 के शेखूपुरा टेस्ट में जिम्बाब्वे के पॉल स्ट्रैंग की गेंद पर नौ छक्के लगाकर पहले नंबर पर हैं.